"करण जौहर, आशुतोष गोवारिकर ने OMG 2 की स्क्रिप्ट रिजेक्ट कर दी थी"
डायरेक्टर अमित राय ने बताया कि उन्होंने करण जौहर के साथ-साथ आशुतोष गोवारिकर और सोनी को भी कहानी सुनाई थी. लेकिन सभी ने रिजेक्ट कर दिया.

Akshay Kumar की फिल्म OMG 2 बढ़िया कमाई कर रही है. Gadar 2 से तगड़ी टक्कर मिलने के बावजूद ये अच्छा पैसा पीट रही है. फिल्म की कामयाबी देखकर उससे जुड़े लोग खुश हैं. लेकिन मन में एक टीज़ भी है. सेंसर बोर्ड ने फिल्म को ऐडल्ट सर्टिफिकेट दिया था. इसे लेकर मेकर्स में नाराज़गी है कि जिस वर्ग के लिए फिल्म बनाई गई, वो ही इसे नहीं देख पा रही. हाल ही में फिल्म के राइटर-डायरेक्टर अमित राय ने इसी को लेकर बात की. उन्होंने कहा कि इस कहानी को कई प्रोड्यूसर्स ने रिजेक्ट कर दिया था. फिर अक्षय कुमार ने हिम्मत दिखाई और तभी ये फिल्म बन पाई.
ETimes से हुई बातचीत में अमित ने बताया कि ‘रोड टू संगम’ के बाद उन्हें करीब 10 साल तक घर बैठना पड़ गया था. उनके पास कोई काम नहीं था. इतने लंबे ब्रेक के बाद उन्हें OMG 2 बनाने को मिली और वो उसे ऑडियंस को दिखा नहीं पा रहे. अमित ने सेंसर बोर्ड के लिए आगे कहा,
क्या वो (सेंसर बोर्ड) जानते हैं कि इस स्क्रिप्ट को कई प्रोड्यूसर्स ने रिजेक्ट किया था? सोनी, करण जौहर, आशुतोष गोवारिकर और कई लोगों ने उसे रिजेक्ट कर दिया था. अंत में अक्षय कुमार ने इसे बनाने की हिम्मत दिखाई. वो स्क्रिप्ट को लेकर बहुत ओपन थे और कहा कि ये फिल्म बननी ही चाहिए. उनकी वजह से हम हिम्मत दिखा पा रहे हैं, वरना OMG 2 कभी बन ही नहीं पाती. मैं अश्विन वर्दे, विपुल डी शाह और राजेश बहल से मिला और उनके ज़रिए अक्षय तक पहुंचा. अगर मैं उन तक नहीं पहुंचता तो ये कहानी किसी कोने में दबी रह जाती. शायद मेरे बच्चे उससे कागज़ के हवाईजहाज़ बनाते या कोई उनमें चने रखकर खा रहा होता. एक एक्टर फाइनल होने के बाद, 50 करोड़ रुपए खर्च हो जाने के बाद CBFC कहता है कि हम इसे नहीं दिखा सकते.
CBFC OMG 2 को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहता था. इसलिए लंबे वक्त तक फिल्म फंसी रही. फिर 27 बदलावों के साथ फिल्म को क्लियर किया गया. अमित बताते हैं कि उन्हें काफी सारी चीज़ें फिर से डब करनी पड़ी थीं. उनका कहना था कि ये बदलाव उनकी VFX टीम के लिए किसी डरावने सपने की तरह थे. उन्हें सब कुछ एडिट करने में करीब 70 घंटे लगे. तमाम समस्याओं के बाद OMG 2 तय डेट पर रिलीज़ हो ही गई. मेकर्स इसे 11 अगस्त को रिलीज़ करने पर क्यों अड़े हुए थे, उसका पॉइंट भी नज़र आ रहा है. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक OMG 2 इंडिया में अब तक 79.47 करोड़ रुपए कमा चुकी है. वहीं दुनियाभर में फिल्म ने 108.8 करोड़ रुपए कमा लिए हैं.
वीडियो: अक्षय कुमार की OMG 2 के गोविंद नामदेव ने CBFC को लताड़ा, आदिपुरुष को बेहूदा फिल्म बताया

