The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Netizens troll Ranveer Singh over Don 3, say he can't compete with Shah Rukh Khan

'डॉन 3' के लिए जनता रणवीर सिंह को ट्रोल करने लगी, किसी ने लिखा 'छोटा डॉन इससे बेहतर था"

जब अनाउंस किया गया था कि रॉबर्ट पैटिनसन और बेन अफ्लेक नए बैटमैन होंगे, तब भी सोशल मीडिया पर बहुत हल्ला मचा था. लोगों ने लिखा कि ये एक्टर्स फ्रैंचाइज़ डुबो देंगे. हालांकि इन दोनों लोगों ने अपने काम के ज़रिए तमाम आलोचकों का मुंह बंद करवा दिया था.

Advertisement
pic
9 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 9 अगस्त 2023, 04:14 PM IST)
don 3 ranveer singh shah rukh khan
शाहरुख खुद डॉन के रोल में वापसी नहीं करना चाहते थे.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Ranveer Singh नए डॉन होंगे. मेकर्स ने टीज़र रिलीज़ करके ये ऑफिशियली अनाउंस कर दिया है. अमिताभ बच्चन ओरिजनल डॉन थे. 1978 में आई उनकी फिल्म को बहुत पसंद किया गया. फिर बागड़ोर गई शाहरुख खान के पास. उनकी दो फिल्मों की भी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है. इसलिए जब मेकर्स ने अनाउंस किया कि ‘डॉन 3’ को रणवीर सिंह लीड करेंगे, तो इंटरनेट इस खबर पर बिफर पड़ा. लोगों ने रणवीर को ट्रोल करना शुरू कर दिया. कि वो ऐसी आइकॉनिक फ्रैंचाइज़ के साथ इंसाफ नहीं कर पाएंगे. शाहरुख के फैन पेजेस ने लिखा कि उन्हें कोई रिप्लेस नहीं कर सकता. ऐसी तमाम बातें. 

अनमोल जामवाल ने X (जिसे हम यादों और अपने कीबोर्ड पर ट्विटर के नाम से जानते हैं) पर पोस्ट किया,

ये एक आइकॉनिक फ्रैंचाइज़ के लिहाज़ से काफी एवरेज प्रोमो है. 

टीवी पर एक कार्टून आता है ‘मोटू पतलू’. उसमें एक जॉन द डॉन नाम का कैरेक्टर है. किसी ने लिखा कि जॉन रणवीर सिंह वाले डॉन से कई गुना बेहतर है.

एक यूज़र ने लिखा,

रणवीर सिंह नए डॉन होंगे? शाहरुख से बेहतर ये कोई नहीं कर सकता. प्लीज़ इसे खराब मत कीजिए. 

एक यूज़र ने शाहरुख की क्लिप शेयर करते हुए लिखा,

रणवीर सिंह से कोई नफरत नहीं. लेकिन ‘डॉन’ कुछ और ही थी. हर सेंस में महान. 

शाहरुख के एक फैन अकाउंट ने लिखा,

आप लोगों के पास अभी भी समय है. आगे होने वाले नुकसान से बचने के लिए इस फिल्म को रोक दो. क्योंकि ऑडियंस कभी भी रणवीर सिंह को डॉन नहीं माननेवाली. 

सहर्ष नाम के यूज़र ने लिखा,

जिनको भी लगता है कि रणवीर सिंह इस रोल में फिट बैठ जाएंगे, वो प्लीज़ अपने कानों और आंखों का इलाज करवाएं. 

एक यूज़र ने ‘पार्टनर’ फिल्म की क्लिप शेयर की. वहां कॉमिक रिलीफ के लिए राजपाल यादव के कैरेक्टर का नाम छोटा डॉन था. छोटा डॉन की क्लिप के साथ लिखा कि ‘डॉन 3 टीज़र फीचरिंग रणवीर सिंह’. 

‘डॉन 3’ को लेकर होने वाली रणवीर की ट्रोलिंग बहुत आइरॉनिकल है. पहला तो जो लोग कह रहे हैं कि शाहरुख की जगह कोई नहीं ले सकता, उन्हें बता दें कि शाहरुख खुद आगे डॉन नहीं बनना चाहते थे. ताज़ा मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शाहरुख चाहते थे कि कोई दूसरा एक्टर ये कमान संभाले. दूसरा जब अनाउंस किया गया था कि शाहरुख को लेकर ‘डॉन’ नाम की फिल्म बनाई जा रही है, तब ओरिजनल ‘डॉन’ के डायरेक्टर चंद्रा बरोट ने कुछ कहा था. उन्होंने कहा कि हमने सिर्फ एक कैरेक्टर बनाया लेकिन आज ये उससे बड़ा बन चुका है. आज शाहरुख इसे निभा रहे हैं, कल कोई दूसरा एक्टर निभाएगा. बस वैसा ही हो रहा है. 

इस ट्रोलिंग से रॉबर्ट पैटिनसन और बेन अफ्लेक भी याद आते हैं. ये दोनों बैटमैन के अलग-अलग वर्ज़न प्ले कर चुके हैं. जब इनकी कास्टिंग की खबर बाहर आई तो लोगों ने लिखा कि ये ‘बैटमैन’ को डुबो देंगे. लेकिन इनकी फिल्में आने के बाद सबकी राय बदल गई. कहने का तात्पर्य है कि अभी रणवीर की कास्टिंग को लेकर कुछ भी कहना बहुत जल्दबाज़ी होगी. बाकी ‘डॉन 3’ को लेकर हाल ही में दो बड़े अपडेट भी आए हैं. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक कियारा आडवाणी फिल्म की फीमल लीड होंगी. वो प्रियंका का रोमा वाला किरदार नहीं निभाएंगी. ये एक नया कैरेक्टर होगा, जिसमें नेगेटिव शेड होंगे. रिपोर्ट के अनुसार कियारा ने रोल के लिए हामी भी भर दी है. बताया जा रहा है कि 2024 के बीच में ‘डॉन 3’ की शूटिंग शुरू हो जाएगी.                                    

वीडियो: डॉन 3 को टीज़र के साथ अनाउंस किया गया, शाहरुख की जगह फिल्म में रणवीर सिंह होंगे

Advertisement

Advertisement

()