इंटरनेट जनता ने 'पठान' को इतनी सारी फिल्मों की नकल बता डाला
देसी से लेकर विदेशी फिल्मों तक के उदाहरण लाए हैं. किसी ने जवाब में कहा कि शाहरुख पानी पियेंगे, तो उसे भी नकल बताएंगे क्या.

02 नवंबर से शाहरुख की फिल्म ‘पठान’ का टीज़र ट्रेंडिंग टॉपिक बना हुआ है. कोई टीज़र के व्यूज़ गिना रहा है. कोई शाहरुख के बड़े कमबैक की तारीफ कर रहा है. फिर ऐसे भी लोग हैं जो फिल्म को ट्रोल कर रहे हैं. बॉयकॉट कर रहे हैं. टीज़र को हॉलीवुड, बॉलीवुड और साउथ की फिल्मों से कॉपी बता रहे हैं. इनमें से कुछ ऐसे भी हैं, जो ‘पठान’ के सीन्स को ‘वॉर’ से कॉपी बता रहे हैं. इन दोनों फिल्मों की तुलना कर कॉपी बताना सही नहीं. दोनों फिल्मों को सिद्धार्थ आनंद ने ही बनाया है. ऐसे में अगर वो अपना काम फिर से रिपीट करते भी हैं, तो वो नकल नहीं होगी.
एक ट्विटर यूज़र ने वीडियो क्लिप शेयर की. जहां ‘साहो’ और ‘पठान’ से अलग-अलग सीन्स की तुलना की गई. लिखा कि दोनों हूबहू हैं.
‘पठान’ के टीज़र के अंत में शाहरुख एक रॉकेटनुमा ग्लाइडर के साथ ऊपर उड़ते हुए दिखते हैं. ऐसा ही सीन ‘साहो’ में भी था. जहां प्रभास का किरदार बिल्कुल ऐसा ही ग्लाइडर लेकर उड़ता है. प्रभास के एक फैन अकाउंट ने यही चीज़ पॉइंट आउट की.
इसके बाद एक यूज़र पूरी बातचीत को इंटरनेशनल लेवल पर लेकर गए. ‘पठान’ के टीज़र में एक सीन है जहां जॉन अब्राहम का किरदार रॉकेट लॉन्चर से सामने आती गाड़ी को उड़ा देता है. कुछ ऐसा ही सीन ‘कैप्टन अमेरिका: विंटर सोल्जर’ में भी है. जहां बकी ऐसा करता है. इस यूज़र ने यहां ‘पठान’ को ‘विंटर सोल्जर’ की कॉपी बताया. साथ ही ‘पठान’ को ‘मिशन इम्पॉसिबल: फॉलआउट’ और ‘डाई अनदर डे’ के कुछ सीन्स से भी कॉपी पेस्ट बताया.
वीर नाम के एक अकाउंट ने सलमान खान की ‘टाइगर’ सीरीज़ से ‘पठान’ के कुछ हिस्सों को कॉपी बताया. उनका कहना था कि ‘टाइगर’ में सलमान का किरदार कहता है टाइगर ज़िंदा है. ‘पठान’ में शाहरुख का किरदार भी कहता है कि वो ज़िंदा है. दोनों फिल्में एक ही यूनिवर्स का हिस्सा हैं.
‘पठान’ के एक सीन में शाहरुख का किरदार धूम धाम के बीच बाइक उड़ाते हुए निकलता है. उन्होंने उस सीन को ‘रेस 3’ से कॉपी बता दिया. ‘संजू’ के ट्रेलर में संजय दत्त बने रणबीर कपूर कहते हैं कि अपनी कुर्सी की पेटी बांध लीजिए. ऐसा ही डायलॉग ‘पठान’ में शाहरुख भी कहते हैं. उस यूज़र ने इसे भी कॉपी बताया.
किसी फिल्म से प्रेरणा लेकर कुछ मिलता-जुलता इस्तेमाल करना गलत नहीं. बाकी अगर बेसिक लेवल पर समानता ढूंढेंगे तो उसका कोई अंत नहीं. इसी वजह से एक यूज़र ने इन ट्वीट्स के जवाब में लिखा कि अगर शाहरुख ‘पठान’ में पानी पियेंगे, तो आप किसी का पानी पीता हुआ शॉट लाकर कहेंगे कि नकल है.
वीडियो: 'पठान' की तुलना 'साहो' से क्यों हो रही है?

.webp?width=60)

