'जवान' के बाद नयनतारा भंसाली की फिल्म करने वाली हैं?
साउथ में लेडी सुपरस्टार कही जाने वाली नयनतारा ने शाहरुख खान स्टारर 'जवान' से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था. उनकी अगली फिल्म भंसाली का पैशन प्रोजेक्ट हो सकता है.

संजय लीला भंसाली का पैशन प्रोजेक्ट है ‘बैजू बावरा. कई सालों से इस फिल्म को लेकर मीडिया में खबरें आती रही हैं. पहले बताया गया कि रणबीर कपूर को इस रोल में फाइनल कर लिया गया है. फिर खबरें उड़ी कि किसी वजह से फिल्म को ही डिब्बाबंद कर डाला. बताया गया कि भंसाली का बहुत मन था लेकिन अब वो ये फिल्म नहीं बनाने वाले. हालांकि कुछ समय पहले फिर से फिल्म को लेकर खबरों का सिलसिला गर्म होने लगा. मीडिया रिपोर्ट्स ने दावे किए कि भंसाली अब इस फिल्म को रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के साथ बनाने वाले हैं. अब इस फिल्म की कास्टिंग को लेकर एक और बड़ा अपडेट आया है. बताया जा रहा है कि नयनतारा को फिल्म में एक मेजर रोल के लिए अप्रोच किया गया है.
बीती 07 सितंबर को रिलीज हुई ‘जवान’ से नयनतारा ने हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया. ETimes में छपी रिपोर्ट की मानें तो ‘बैजू बावरा’ उनकी अगली बड़ी हिंदी फिल्म हो सकती है. बताया जा रहा है कि दोनों पार्टियों के बीच अभी बातचीत ही चल रही है. नयनतारा ने आधिकारिक तौर पर फिल्म साइन नहीं की है. इसी साल मार्च में नयनतारा और विगनेश शिवन को संजय लीला भंसाली के ऑफिस के बाहर देखा गया था. उसके बाद भी अफवाहों को हवा मिली कि नयनतारा और भंसाली कोई प्रोजेक्ट प्लान कर रहे हैं. अब बताया जा रहा है कि ‘बैजू बावरा’ ही वो फिल्म हो सकती है.
इसी सितंबर में संजय लीला भंसाली प्रोडक्शन्स की CEO प्रेरणा सिंह ने इंडिया टुडे को बताया था कि कोविड के समय से ‘बैजू बावरा’ की कास्टिंग चल रही है. उन्होंने बताया कि भंसाली इस सब को लेकर परेशान हो जाते थे. उनका कहना था कि एक तरफ लोग अपनी जान के लिए लड़ रहे हैं, दूसरी ओर लोगों को जानना है कि हमारे ऑफिस में क्या चल रहा है. प्रेरणा के मुताबिक भंसाली ने ‘बैजू बावरा’ से जुड़ी खबर को कंफर्म या खारिज करने से मना किया है. भंसाली फिलहाल अपनी ओटीटी सीरीज़ ‘हीरामंडी’ पर काम कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि उसके लिए भंसाली फिर से सेट को डिज़ाइन कर रहे हैं जिसे ‘बैजू बावरा’ की सेंसीबिलिटी के हिसाब से ढाला जाएगा.
बाकी ‘बैजू बावरा’ की बात करें तो नयनतारा अगर हामी भरती हैं, तो वो आलिया वाला रोल नहीं करेंगी. वो दूसरा कोई मेजर किरदार निभाएंगी. इस कैरेक्टर को लेकर अभी अपडेट बाहर आना बाकी है.
वीडियो: सलमान खान ने इंशाल्लाह के लिए संजय लीला भंसाली से संपर्क किया, करियर को लेकर ज़रूरी फैसले लिए

