The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Mukesh Khanna Calls Ranveer Singh Negative and Unfit for Shaktimaan?

"नेगेटिविटी है फेस पर..." रणवीर सिंह को 'शक्तिमान' से रिजेक्ट कर चुके मुकेश खन्ना ने उन्हें 'कपटी' बता दिया?

मुकेश खन्ना ने रणवीर सिंह को तमराज किलविश का रोल ऑफर किया है.

Advertisement
pic
29 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 29 अप्रैल 2026, 04:30 PM IST)
ranveer singh, mukesh khanna, shaktimaan,
वर्षों पहले आदित्य चोपड़ा ने भी 'शक्तिमान' प्रोजेक्ट में इंट्रेस्ट दिखाया था.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Ranveer Singh, Shaktimaan भले न बन पाए हों, मगर Mukesh Khanna की बयानबाजी का शिकार ज़रूर बनते रहे हैं. मुकेश उन्हें काफी पहले ही इस रोल से रिजेक्ट कर चुके हैं. Dhurandhar की सक्सेस के बाद लोगों ने उनसे अपना फैसला बदलने की अपील की, मगर वो टस-से-मस नहीं हुए. उनके मुताबिक, 'शक्तिमान' जैसा किरदार निभाने वाले एक्टर को ‘कपटी’ नज़र नहीं आना चाहिए. ऐसा कहते-कहते उन्होंने रणवीर के चेहरे को भी नेगेटिव बता दिया.

'धुरंधर' की रिलीज़ के बाद मुकेश ने रणवीर की खूब तारीफ की थी. मगर उससे 'शक्तिमान' को लेकर उनकी राय नहीं बदली. पिछले दिनों हिंदुस्तान टाइम्स से हुई बातचीत में उन्होंने कहा,

"सब मुझे मनाने में लगे हुए हैं कि धुरंधर चल गई, अब रणवीर सिंह बहुत बड़ा एक्टर बन गया. मुझे शक्तिमान के लिए बड़े एक्टर या स्टार की ज़रूरत नहीं. मुझे इसके लिए एक खास इमेज की ज़रूरत है, जो रणवीर पर फिट नहीं बैठती. इसलिए मैंने उसके खिलाफ़ स्टैंड लिया है. मैं उसकी परफ़ॉर्मेंस के अगेंस्ट नहीं हूं."

कुछ साल पहले सोनी एंटरटेनमेंट, मुकेश और रणवीर के बीच एक मीटिंग हुई थी. तब मुकेश ने रणवीर से कहा था कि उन्हें 'शक्तिमान' की जगह इसके विलन तमराज किलविश का रोल करना चाहिए. हालिया बातचीत में उन्होंने अपनी इस बात को दोहराया दिया. वो कहते हैं,

"रणवीर अलाउद्दीन खिलजी कर सकता है. वो गली बॉय कर चुका है. वो धुरंधर बहुत अच्छा कर गया. मैंने तारीफ़ भी की थी. लेकिन मेरे लिए शाक्तिमान बनने के लिए सिर्फ एक अच्छा एक्टर होना भर काफी नहीं है. आपके पास सही चेहरा भी होना चाहिए. ऐसा चेहरा, जो शाक्तिमान पर फिट बैठे. मेरा ऑब्जेक्शन यही है कि उसकी आंखों में शक्तिमान दिखना चाहिए. जब वो खड़ा हो, तो उसमें कपट नहीं दिखनी चाहिए. मैं रणवीर सिंह को किलविश के रोल में साइन कर सकता हूं, लेकिन शाक्तिमान के लिए नहीं. उसके चेहरे पर नेगेटिविटी है, पॉजिटिविटी नहीं."

कुछ समय पहले मुकेश ने टाइम्स नेटवर्क से हुई बातचीत में कहा था कि 'शक्तिमान' के लिए सोनी एंटरटेनमेंट उन्हें करोड़ों रुपये देने को तैयार है. मगर वो हड़बड़ी में गलत एक्टर को कास्ट नहीं करना चाहते. इस वजह से उन्हें करोड़ों का नुकसान हो रहा है. मुकेश ने तब ये भी कहा था कि वो इस किरदार के लिए देशभर में ऑडिशन्स करवाना चाहते हैं. इससे फिल्म को अच्छे एक्टर के साथ ज़बरदस्त पब्लिसिटी भी मिलेगी. वैसे, सोनी वालों ने ‘शक्तिमान’ प्रोजेक्ट की घोषणा फरवरी 2022 में ही की थी. फिल्म डायरेक्ट करने के लिए 'मिन्नल मुरली' वाले बेसिल जोसेफ को लाया गया था. मगर रणवीर को लेकर मुकेश खन्ना की आना-कानी के कारण ये मूवी चार साल बाद भी शुरू नहीं हो पाई है.

वीडियो: रणवीर सिंह की शक्तिमान बंद हो गई, वजह 'क्रिएटिव डिफरेंस' है!

Advertisement

Advertisement

()