The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Movies, Web Series in September 2023 including Jawan, Salaar, Jaane Jaan, Haddi, Bambai Meri Jaan

'जवान' के साथ सितंबर में धुआं उठाने आ रही हैं ये 11 फिल्में और वेब सीरीज़

शाहरुख, प्रभास की फिल्में आ रही हैं. केके मेनन की धांसू सीरीज़ आ रही है. करीना कपूर की पहली ओटीटी फिल्म आ रही है. और भी बहुत कुछ.

Advertisement
pic
29 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 29 अगस्त 2023, 07:06 PM IST)
september 2023 movies web series jawan salaar vaccine war
बाबिल की दूसरी फिल्म भी सितंबर में ही आ रही है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

अगस्त में ‘जेलर’, ‘गदर 2’, OMG 2 और ‘ड्रीम गर्ल 2’ जैसी फिल्मों की भिड़ंत हुई. नतीजा? बॉक्स ऑफिस पर पैसा ही पैसा फूटा. यही माहौल सितंबर में भी होने वाला है. इस महीने कौन-सी बड़ी फिल्में और सीरीज़ चक्षुओं के आगे अवतरित हो रही हैं, अब बात उन पर.  

#1. फ्राइडे नाइट प्लान 
रिलीज़ डेट: 01 सितंबर 2023 
कहां देखें: नेटफ्लिक्स 

दो भाइयों की कहानी. उनकी मां को कहीं बाहर जाना होता है और उनके पीछे से दोनों करते हैं पार्टी. उसी पार्टी में कांड हो जाते हैं. ‘कला’ के बाद ये बाबिल खान का दूसरा प्रोजेक्ट है. उनकी मां बनी हैं जूही चावला. 

#2. स्कैम 2003: द तेलगी स्टोरी 
रिलीज़ डेट: 01 सितंबर 2023 
कहां देखें: सोनी लिव 

scam 2003
अब्दुल करीम तेलगी के रोल में गगन. 

‘स्कैम 1992’ के बाद अब हंसल मेहता अब्दुल करीम तेलगी की कहानी दिखाने जा रहे हैं. तेलगी के स्टाम्प पेपर स्कैम पर फोकस करेगी ये सीरीज़. तीस हज़ार करोड़ का वो स्कैम, जिसने पूरे देश को लपेट लिया था. गगन देव रियार ने तेलगी का रोल किया है. 

#3. द व्हील ऑफ टाइम सीज़न 2 
रिलीज़ डेट: 01 सितंबर 2023 
कहां देखें: अमेज़न प्राइम वीडियो 

जेफ बेज़ोस ने अपनी टीम को बुलाया और कहा कि हमें अपना ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ बनाना है. मीटिंग खत्म हुई और टीम ‘द व्हील ऑफ टाइम’ बनाने में जुट गई. शो को बहुत बड़े स्केल पर माउंट किया गया. इंडिया से लेकर इटली तक से किरदारों के कपड़े मंगवाए गए. अब शो का दूसरा सीज़न आ रहा है. 01 सितंबर को शुरुआती तीन एपिसोड आएंगे. उसके बाद हर शुक्रवार एक-एक एपिसोड आता रहेगा. 

#4. जवान 
रिलीज़ डेट: 07 सितंबर 2023 
कहां देखें: सिनेमाघर 

jawan songs
‘जवान’ के गाने ‘ज़िंदा बंदा’ में शाहरुख.

साल 2023 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक. शाहरुख ने डबल रोल किया है और अनेकों लुक्स में नज़र आने वाले हैं. बताया जा रहा है कि बाप और बेटे वाला रोल उन्होंने ही किया है. इतनी बड़ी फिल्म है कि उसका ट्रेलर कब आएगा और कब नहीं, इस पर एंटरटेनमेंट स्टोरीज़ छपी हैं. एटली, नयनतारा, विजय सेतुपति और अनिरुद्ध रविचंदर की पहली हिंदी फिल्म है.

#5. हड्डी 
रिलीज़ डेट: 07 सितंबर 2023 
कहां देखें: ज़ी5 

anurag kashyap
‘हड्डी’ में अनुराग कश्यप विलन बने हैं.  

नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने ‘हड्डी’ नाम की ट्रांसजेंडर महिला का रोल किया है. ट्रेलर देखकर तो उनका चित्रण दमदार ही लग रहा है. हम देखते हैं कि एक शख्स हड्डी की पूरी दुनिया तबाह कर के रख देता है. और अब उसे अपना बदला लेना है. नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी, मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब और ईला अरुण जैसे दमदार एक्टर्स हैं. साथ में अनुराग कश्यप भी हैं. वो ही फिल्म के विलन बने हैं. 

#6. बंबई मेरी जान 
रिलीज़ डेट: 14 सितंबर 2023 
कहां देखें: अमेज़न प्राइम वीडियो 

हुसैन ज़ैदी की किताब ‘डोंगरी टू दुबई’ पर बेस्ड है ये सीरीज़. केके मेनन, अविनाश तिवारी, आदित्य रावल और कृतिका कामरा इस सीरीज़ का हिस्सा हैं. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो केके सीरीज़ में दाऊद इब्राहीम के पिता बने हैं. वहीं अविनाश ने दाऊद का रोल किया है. 

#7. काला 
रिलीज़ डेट: 15 सितंबर 2023 
कहां देखें: डिज़्नी प्लस हॉटस्टार

सीरीज़ का दावा है कि वो इंडिया और बांग्लादेश के इतिहास की वो कहानी बताती है, जिसके बारे में ज़्यादा लोग नहीं जानते. एक तरफ इतिहास बन रहा है और दूसरी ओर एक बाप-बेटे की कहानी चल रही है. कैसे दोनों एक बड़े आर्थिक अपराध के बीच खुद को पाते हैं. बिजॉय नाम्बियार इस सीरीज़ के क्रिएटर और डायरेक्टर हैं. 

#8. जाने जां 
रिलीज़ डेट: 21 सितंबर 2023 
कहां देखें: नेटफ्लिक्स 

करीना कपूर का ओटीटी डेब्यू. साथ में जयदीप अहलावत और विजय वर्मा भी हैं. सुजॉय घोष ने ये फिल्म बनाई है. इसकी कहानी ‘द डिवोशन ऑफ सस्पेक्ट एक्स’ नाम के नॉवेल पर आधारित है. कहा जाता है कि ‘दृश्यम’ फिल्म भी इसी किताब से प्रेरित थी.   

#9. द ग्रेट इंडियन फैमिली 
रिलीज़ डेट: 22 सितंबर 2023 
कहां देखें: सिनेमाघर 

‘धूम 3’ वाले विजय कृष्ण आचार्य ने ये फिल्म लिखी और डायरेक्ट की है. लीड रोल में विकी कौशल और मानुषी छिल्लर हैं. कहानी विकी के अतरंगी परिवार के इर्द-गिर्द ही घूमेगी. आशुतोष चचा भी विकी के सर्कल का ही हिस्सा हैं. ये एक कॉमेडी फैमिली ड्रामा फिल्म होने वाली है. 

#10. सलार 
रिलीज़ डेट: 28 सितंबर 2023 
कहां देखें: सिनेमाघर 

salaar prabhas
प्रभास के कैरेक्टर का रॉकी से भी कनेक्शन है.  

‘सलार’ की कहानी KGF वाले यूनिवर्स में ही घटेगी. लोगों का कहना है कि मेकर्स ने खुद दोनों फिल्मों को जोड़ते हुए हिंट ड्रॉप किए हैं. बाकी ‘सलार’ अपने आप में एक गैंगस्टर ड्रामा होने वाली है. बड़े स्केल पर एक्शन होगा. प्रशांत नील अपनी पिछली फिल्मों से दिखा चुके हैं कि वो बड़ी फिल्मों को कितना आराम से संभाल सकते हैं. फिल्म में प्रभास, श्रुति हासन और पृथ्वीराज सुकुमारन ने अहम रोल किए हैं. 

#11. द वैक्सीन वॉर 
रिलीज़ डेट: 28 सितंबर 2023 
कहां देखें: सिनेमाघर    

‘द कश्मीर फाइल्स’ के बाद विवेक अग्निहोत्री की अगली फिल्म. सीधा प्रभास की ‘सलार’ से क्लैश करने जा रही है. मेकर्स का दावा है कि ये इंडिया की पहली बायो साइंस फिल्म है. फिल्म कोरोनाकाल की कहानी बताएगी. कि कैसे इंडिया कोविड के खिलाफ लड़ा. नाना पाटेकर, राइमा सेन, अनुपम खेर और निवेदिता भट्टाचार्य फिल्म की कास्ट में शामिल हैं.  

वीडियो: स्पॉटलाइट: गदर 2, OMG 2, मेड इन हेवन 2 के साथ इस महीने 10 बड़ी फिल्में और सीरीज आ रही हैं

Advertisement

Advertisement

()