मिथुन ने कहा उनकी कहानी लोगों को इंस्पायर नहीं करेगी, बल्कि तोड़कर रख देगी
मिथुन का कहना है कि वो अपनी लाइफ पर बायोपिक बनाने के खिलाफ हैं. क्योंकि वो फिल्म लोगों को सपने पूरे करने से रोकेगी.
.webp?width=210)
Mithun Chakraborty 80 के दशक में हिंदी सिनेमा के बड़े स्टार्स में गिने जाते थे. 'सुरक्षा' से लेकर 'डिस्को डांसर', 'कसम पैदा करने वाले की' समेत कई हिट फिल्मों में दिखाई दिए. मगर मिथुन का कहना है कि उन्हें यहां तक पहुंचने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ा. वो फिल्मी स्ट्रगल स्टोरी जो हम सुनते हैं कि मुंबई में लोगों को भूखे पेट सड़क पर सोना पड़ा. वो सब असलियत में मिथुन के साथ हुआ था. उन्हें अपनी चमड़ी के रंग की वजह से भी बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. इसलिए मिथुन नहीं चाहते कि उनकी लाइफ पर बायोपिक बने. क्योंकि उनकी कहानी लोगों को इंस्पायर नहीं करेगी, बल्कि उन्हें तोड़ देगी.
सिंगिंग रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा लिल चैंप्स' पर 'सेलिब्रेटिंग डिस्को किंग्स' नाम का स्पेशल एपिसोड चल रहा था. इसमें मिथुन के साथ पद्मिनी कोल्हापुरे भी मौजूद थीं. यहां अपने करियर के बारे में बात करते हुए मिथुन ने कहा-
''मैं अपनी लाइफ में जिन चीज़ों से गुज़रा, वो मैं किसी और के लिए नहीं चाहूंगा. सब लोगों ने मुश्किलें देखी हैं. उससे लड़कर निकले हैं. मगर मुझे मेरे स्किन के रंग के लिए बोला गया. इस वजह से मुझे कई सालों तक अपमानित किया गया. मैंने वो वक्त भी देखा है, जब मुझे खाली पेट रोकर सोना पड़ता था. कई बार तो ऐसा होता था, जब मुझे ये भी नहीं पता होता कि मैं क्या खाऊंगा और कहां सोऊंगा. मैंने कई रातें फुटपाथ पर गुज़ारी हैं.''
आम तौर पर ये होता है कि जो लोग नीचे से ऊपर पहुंचते हैं, उनकी कहानियों पर बायोग्राफिकल पिक्चरें बनती हैं. मगर मिथुन नहीं चाहते कि उनकी लाइफ पर बायोपिक बने. वो कहते हैं,
‘’मैं नहीं चाहता कि मेरी कहानी पर कभी बायोपिक बने. मेरी कहानी कभी किसी को प्रेरित नहीं कर पाएगी. उन्हें मानसिक रूप से तोड़ देगी. लोग अपने सपने पूरे करने से भागने लगेंगे. मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो. अगर मैं कर सकता हूं, तो कोई भी कर सकता है. इस इंडस्ट्री में खुद को साबित करने के लिए मुझे बहुत सारी लड़ाइयां लड़नी पड़ी. मैं इसलिए लेजेंड नहीं हूं क्योंकि मैंने हिट फिल्में दी हैं. मैं इसलिए लेजेंड हूं क्योंकि मैंने अपनी लाइफ में बहुत स्ट्रगल और दुख-दर्द देखा. और उस सबको पीछे छोड़कर यहां तक पहुंचा.''
मिथुन चक्रवर्ती आखिरी बार विवेक अग्निहोत्री डायरेक्टेड फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' में नज़र आए थे. फिलहाल वो 'बाप' नाम की फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं. इस फिल्म में मिथुन के साथ संजय दत्त, सनी देओल और जैकी श्रॉफ जैसे एक्टर्स भी काम कर रहे हैं.
वीडियो देखें: शाहरुख खान, कार्तिक आर्यन, नवाज़द्दीन, राजकुमार राव और अमिताभ बच्चन की स्ट्रगल स्टोरी

.webp?width=60)

