किस चीज के खिलाफ प्रोटेस्ट में उतर गए 'हल्क' मार्क रफैलो?
मार्क रफैलो इस स्ट्राइक में हिस्सा लेने वाले अकेले एक्टर नहीं हैं. टोनी कुज़नर, काल पेन, अलिज़िया रेनर, सुज़न सरैन्डन भी राइटरों के हड़ताल में उतर आए हैं.

अमेरिका में राइटर लोग हड़ताल कर रहे हैं. इसे राइटर्स गिल्ड ऑफ अमेरिका (WGA) strike 2023 बुलाया जा रहा है. पिछले 22 दिनों से ये स्ट्राइक चल रही है. तमाम फिल्ममेकर्स से लेकर एक्टर्स तक इसके समर्थन में हैं. क्योंकि ये लेखकों के हक़ की लड़ाई है. अगर राइटर नहीं होंगे, तो ये दुनियाभर का कॉन्टेंट कहां से बनेगा. अब Hulk फेम Mark Ruffalo भी राइटर्स के साथ सड़क पर उतर गए हैं. साथ ही उन्होंने डायरेक्टर्स गिल्ड को भी इस हड़ताल में हिस्सा लेने के बुलाया है.
WGA की लड़ाई है अलायंस ऑफ मोशन पिक्चर एंड टेलीविज़न प्रोड्यूसर्स (AMPTP) के साथ. AMPTP हॉलीवुड की तमाम बड़ी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करती है. वहीं WGA राइटर्स को रिप्रेज़ेंट करती है. साढ़े 11 हज़ार से ज़्यादा लेखक इस गिल्ड का हिस्सा हैं. राइटर्स की तीन अहम मांगें हैं, जिनके बारे में मार्क रफैलो ने भी बात की है.
इन दिनों ये स्ट्राइक, न्यू यॉर्क के 30 रॉकफेलर प्लाज़ा (30 Rockefeller Plaza ) के सामने हो रही है. जहां एक हज़ार से ज़्यादा राइटर्स की भीड़ जमा है. इसलिए इसे Rally At The Rock बुलाया जा रहा है. बुधवार को MCU में हल्क का रोल करने वाले मार्क रफैलो भी राइटर्स के समर्थन के लिए यहां पहुंचे थे. WGA ने ट्वीट कर बताया कि मार्क अपना आर्ट क्लास पूरा करने के बाद सीधे यहां पहुंचे थे. यहां मार्क ने कहा-
''हल्लो, मैं मार्क रफैलो, यहां WGA स्ट्राइक में राइटर्स गिल्ड के अपने भाइयों और बहनों के साथ खड़ा होने आया हूं. मैं डायरेक्टर्स गिल्ड को भी इस स्ट्राइक से जुड़ने के लिए बुलाता हूं. और जल्द ही SAG (The Screen Actors Guild) गिल्ड को भी हमारे साथ जुड़ना चाहिए. हमें 5 जून से पहले अपने वोट डालने होंगे. ताकि एक्टर्स भी इस स्ट्राइक से जुड़ सकें. बोर्ड पहले ही इस स्ट्राइक को ऑथोराइज़ कर चुकी है. अब हम चाहते हैं कि एक्टर्स भी इस स्ट्राइक के लिए वोट करें. अब बात बहुत बढ़ चुकी है. यहां AI की बात हो रही है. स्ट्रीमिंग एक बड़ा मसला है. ये हमारे भविष्य की बात है. हमें अभी इससे लड़ना होगा वरना हम हमेशा के लिए हार जाएंगे. शुक्रिया.''
अभी जो स्ट्राइक चल रही है, उसमें सिर्फ राइटर्स हिस्सा ले रहे हैं. इसलिए हॉलीवुड के बड़े स्टूडियोज़ इसे पीछे हटाने की कोशिशों में लगे हुए हैं. वो WGA की कोई भी शर्त मानने को तैयार नहीं हैं. अगर एक्टर्स भी इस मुहीम से जुड़ जाएंगे, तो इस स्ट्राइक को बल मिलेगा.
WGA की तीन प्रमुख मांगें हैं, इनके बारे में संक्षेप में आप नीचे जान सकते हैं. ये पूरा मामला विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें.
1) WGA की पहली मांग है, लेखन में AI की दखल कम हो. क्योंकि AI ओरिजिनल स्क्रिप्ट नहीं लिख सकती. अब तक जिन राइटर्स ने स्क्रिप्ट लिखी है, उन्हीं स्क्रिप्ट की मदद से AI को ट्रेन किया जा रहा है. अगर AI स्क्रिप्ट लिखने लगी, तो राइटर लोग बेरोज़गार हो जाएंगे. और भविष्य जो भी फिल्म या सीरीज़ बनेगी, उसमें मौलिकता जाती रहेगी.
2) दूसरी मांग है स्ट्रीमिंग सर्विसेज़ को लेकर. 2007 में एक WGA ने स्ट्राइक की थी. इसमें MBA यानी मिनिमम बेसिक अग्रीमेंट तय हुआ. MBA का मतलब हुआ, किसी टीवी शो या डिजिटल कॉन्टेंट पर काम करने वाले राइटर को मिलने वाली तय रकम. पिछले 15 सालों में स्ट्रीमिंग के लिए बनने वाले कॉन्टेंट में भारी उछाल आया. यानी राइटर्स का काम तो बढ़ा. मगर उनके पैसे नहीं बढ़े. इस पैसे को बढ़ाने की भी डिमांड की गई है.
3) तीसरी मांग भी राइटर्स के पैसे बढ़ाने को लेकर ही है. जिस तरह से ब्रॉडकास्ट यानी टीवी काम करती है, स्ट्रीमिंग यानी ओटीटी को भी उसी तरह से काम करना चाहिए. ताकि राइटर्स को उनकी मेहनत का पैसा मिल सके.
मार्क रफैलो अकेले एक्टर नहीं हैं, जो इस स्ट्राइक में राइटर्स के समर्थन के लिए आगे आए हैं. उनके अलावा टोनी कुज़नर, काल पेन, अलिज़िया रेनर, सुज़न सरैन्डन समेत कई अन्य एक्टर्स इस स्ट्राइक को सपोर्ट करने के लिए आगे आए.
वीडियो: आलिया भट्ट के अलावा वो 6 इंडियन एक्टर, जो जल्द हॉलीवुड की फिल्मों में दिखाई देंगे

.webp?width=60)

