The Lallantop
Advertisement

बॉयकॉट गैंग को धमकी देने वाले विजय देवरकोंडा की 'लाइगर' टिकट खिड़की पर पानी मांग रही है

लाइगर' को हिट फिल्म कहलाने के लिए दुनियाभर से 180 करोड़ रुपए का कलेक्शन करना होगा.

Advertisement
pic
29 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 29 अगस्त 2022, 05:36 PM IST)
liger, vijay deverakonda, liger collection,
फिल्म 'लाइगर' के एक सीन में विजय देवरकोंडा और रौनित रॉय.
Quick AI Highlights
Click here to view more

विजय देवरकोंडा की फिल्म 'लाइगर' की हालत खस्ता है. फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई. इसके पीछे की इकलौती वजह है, फिल्म की खराब क्वॉलिटी. 'लाइगर' ने बीते रविवार तक दुनियाभर से 55.70 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. इसमें फिल्म के हिंदी वर्ज़न की कमाई 13.75 करोड़ रुपए रही.  

* 'लाइगर' ने दुनियाभर से 33 करोड़ रुपए की ओपनिंग ली थी. इसमें फिल्म के हिंदी वर्ज़न का योगदान रहा 1.40 करोड़ रुपए का. जो कि पेड प्रीव्यूज़ से आए थे. फिल्म के तेलुगु वर्ज़न ने 14.50 करोड़ रुपए कमाए. 
* शुक्रवार को 'लाइगर' ने टोटल 10.60 करोड़ रुपए कमाए. इसमें फिल्म के हिंदी वर्ज़न से आए 4.50 करोड़ रुपए. तेलुगु वर्ज़न ने 3 करोड़ रुपए का बिज़नेस किया. 
* 'लाइगर' ने शनिवार को वर्ल्डवाइड 9.40 करोड़ रुपए का कारोबार किया. तीसरे दिन फिल्म के हिंदी वर्ज़न ने 4.25 करोड़ रुपए कमाए. तेलुगु वर्ज़न से फिल्म की कमाई रही 2.5 करोड़ रुपए. 
* रविवार यानी चौथी दिन फिल्म ने दुनियाभर से 8.1 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. 'लाइगर' ने हिंदी में 3.75 करोड़ रुपए कमाए. 

'लाइगर' दुनियाभर के कुल 3450 स्क्रीन्स पर रिलीज़ हुई थी. इसमें हिंदी वर्ज़न का स्क्रीन काउंट था 1200. वहीं इंडिया से बाहर ये फिल्म 700 स्क्रीन्स पर रिलीज़ हुई थी. इसे बनाने में 90 करोड़ रुपए की लागत आई. प्रमोशनल कॉस्ट मिलाकर फिल्म का बजट 110 करोड़ रुपए पहुंच गया. मगर फिल्म की कमाई से ऐसा लग नहीं रहा कि 'लाइगर' थिएट्रिकल कमाई से अपनी लागत वसूल पाएगी.

'लाइगर' को हिट फिल्म कहलाने के लिए 90 करोड़ रुपए का डिस्ट्रिब्यूटर शेयर कमाना होगा. 90 करोड़ डिस्ट्रिब्यूटर शेयर के लिए फिल्म को दुनियाभर से 180 करोड़ रुपए का कलेक्शन करना होगा. मगर ऐसा होने की संभावना नज़र नहीं आ रही. हालांकि अब भी फिल्म को प्रमोट करने की हरसंभव कोशिश की जा रही है. इंडिया-पाकिस्तान के बीच हुए एशिया कप के मैच में भी विजय दुबई स्टेडियम में देखे गए. मगर ये हथकंडे ज़्यादा काम आते दिख नहीं रहे.

vijay deverakonda, asia cup, india vs pakistan, liger
2022 एशिया कप में इंडिया और पाकिस्तान मैच के दौरान स्टेडियम में विजय देवरकोंडा.

'लाइगर' की रिलीज़ से पहले विजय देवरकोंडा ने बॉयकॉट कल्चर पर बात की थी. उन्होंने कहा था कि 'लाइगर' बड़े प्यार और मेहनत से बनाई गई फिल्म है. अगर इसे बॉयकॉट करने की मांग होगी, तो वो देख लेंगे. उनके इस स्टेटमेंट के बाद फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग ने जोर पकड़ लिया. हालांकि इससे फिल्म की कमाई पर कितना असर पड़ा, ये तो नहीं कहा जा सकता. मगर सोशल मीडिया पर फिल्म के कुछ क्लिप्स घूम रहे हैं. ये फिल्म के एक्टर्स की ओवर द टॉप परफॉरमेंस की गवाही दे रहे हैं. इन क्लिप्स को देखने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म का मज़ाक बनना शुरू हो गया. इन चीज़ों का फर्क फिल्म की कमाई पर ज़रूर पड़ा.

'लाइगर' में विजय देवरकोंडा के साथ अनन्या पांडे, राम्या कृष्णन, मकरंद देशपांडे और रौनित रॉय जैसे एक्टर्स नज़र आ रहे हैं. फिल्म को प्रोड्यूस किया है करण जौहर और चार्मी कौर ने. 'लाइगर' के डायरेक्टर हैं पुरी जगन्नाथ. 

वीडियो देखें: फिल्म रिव्यू- लाइगर

Advertisement

Advertisement

()