The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Laal Singh Chaddha starring Amir khan and Kareena Kapoor trailer is out

लोग आमिर की 'लाल सिंह चड्ढा' का ट्रेलर देखकर टॉम हैंक्स से माफ़ी क्यों मांगने लगे?

आईए जानते हैं आमिर स्टारर 'लाल सिंह चड्ढा' का ट्रेलर कैसा है और ये ''फॉरेस्ट गम्प’ के साथ न्याय कर पा रहा है कि नहीं?

Advertisement
pic
31 मई 2022 (अपडेटेड: 2 जून 2022, 11:29 PM IST)
Amir khan
लोग इसे 'फॉरेस्ट गम्प' की सस्ती कॉपी बता रहे हैं
Quick AI Highlights
Click here to view more

जिसका हमें था इंतजार वो घड़ी आ गई

हम बात कर रहे हैं आमिर खान की मच अवेटेड और एम्बिशियस फ़िल्म 'लाल सिंह चड्ढा' (Laal Singh Chaddha) की. आमिर और करीना कपूर स्टारर इस फिल्म का ट्रेलर 29 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में IPL फाइनल के बीच लॉन्च किया गया. आईए जानते हैं ट्रेलर कैसा है और ये ''फॉरेस्ट गम्प’ के साथ न्याय कर पा रहा है कि नहीं?

# 'फॉरेस्ट गंप’ का रीमेक है ‘लाल सिंह चड्ढा’

सबको पता है कि 'लाल सिंह चड्ढा' 1994 में आई हॉलीवुड फिल्म 'फॉरेस्ट गम्प’ का रीमेक है. इस फ़िल्म में दिग्गज एक्टर टॉम हैंक्स ने लीड रोल निभाया था. फ़िल्म ‘फ़ॉरेस्ट गंप’ नाम के एक लड़के की कहानी दिखलाती है. ये 1986 में आए विंस्टन ग्रूम के नॉवेल ‘फॉरेस्ट गंप’ पर बेस्ड है. इसका स्क्रीनप्ले भी उसी से अडैप्ट किया गया था. इस फिल्म ने 6 ऑस्कर जीते थे. अब आमिर टॉम हैंक्स के निभाए इस किरदार को 'लाल सिंह चड्ढा' के रूप में हमारे सामने लाने वाले हैं. इस फ़िल्म में आमिर के साथ करीना कपूर और मोना सिंह भी मुख्य भूमिका में हैं. 'लाल सिंह चड्ढा' का स्क्रीनप्ले 'रंग दे बसंती' और 'दम' के दमदार एक्टर अतुल कुलकर्णी ने लिखा है. इसे डायरेक्ट किया है अद्वैत चंदन ने.

# 'लाल सिंह चड्ढा' का ट्रेलर फॉरेस्ट गम्प से कितना अलग, कितना सिमिलर?

ट्रेलर का ओपनिंग शॉट ही 'फॉरेस्ट गम्प' मूवी का ओपनिंग शॉट है. फ़िल्म में पंख उड़ता हुआ टॉम हैंक्स के गंदे से जूतों के पास आकर गिरता है और टॉम उसे उठाकर अपने सूटकेस में रख लेते हैं. ऐसा ही कुछ-कुछ 'लाल सिंह चड्ढा' के ट्रेलर में देखने को मिलता है. ऐसे ही एक सीन, जिसमें फॉरेस्ट गम्प भागने की कोशिश करता है, इसे भी ट्रेलर में इन्क्लूड किया गया है. एक और सीन है जब वो प्रेसीडेंट कैनेडी से मिलता है. 'लाल सिंह चड्ढा' के ट्रेलर में इसी का इंडियन वर्जन दिखता है. इसमें आमिर को प्रेसीडेंट से सीधे तौर पर मिलते हुए तो नहीं पर पूर्व राष्ट्रपति के. आर. नारायणन से अवार्ड लेते ज़रूर दिखाया गया है. इससे एक बात तो साफ़ है फ़िल्म की कहानी का एक हिस्सा 1997 से 2002 के बीच सेट होने वाला है क्योंकि इसी दौरान के.आर. नारायणन भारत के राष्ट्रपति थे. संभावना ये भी है कि ट्रेलर में दिख रहे वॉर सीक्वेंसेज कारगिल युद्ध के हों. बेसिकली 'फॉरेस्ट गम्प' का पूरी तरह से इंडियनाइजेशन करने की कोशिश की गई है. स्क्रीनप्ले के प्लॉट और स्टोरी सेटिंग को एकदम हूबहू कॉपी करने का प्रयास ट्रेलर में नज़र आता है. यहां तक कि 'फॉरेस्ट गम्प' के ओपनिंग क्रेडिट्स वाले बादल भी 'लाल सिंह चड्ढा' में अडैप्ट कर लिए गए हैं. 

‘लाल सिंह चड्ढा’ में आमिर 
# कब खून खौलेगा रे तेरा आमिर?

आप ‘लाल सिंह चड्ढा’ का ट्रेलर देखेंगे तो ‘पीके’ वाले आमिर नज़र आएंगे. 'धूम 3' वाले आमिर का पुट नज़र आएगा. ऐसा लगता है, वो चेहरे के भावों के मामले में अब चुके हुए ऐक्टर हो चुके हैं. जहां भी थोड़ा डिसेबल दिखना हो, आमिर एक ही तरह के दिखते हैं. एक ही तरह से आंखें चमकाते हुए, तनी हुई भौहें और वैसे ही हाथ मटकाकर बोलते हुए आमिर. उनसे कहने का मन करता है, आमिर खान साहब आपके सेम एक्सप्रेशन्स देख-देखकर हम थक गए हैं. कुछ तो नए तरह के भाव चेहरे पर लाईए. हम पर रहम कीजिए.  

# क्या बोलती पब्लिक?

चूंकि आमिर चार सालों के बाद अपनी कोई फ़िल्म लेकर आ रहे हैं ऐसे में मिस्टर परफेक्शनिस्ट के फैन इसे लेकर उत्साहित हैं और 'फॉरेस्ट गम्प' के फैन नाराज़ हैं. 'लाल सिंह चड्ढा' के ट्रेलर को मिलाजुला रिस्पॉन्स मिल रहा है. किसी को ये पसंद आ रहा है, किसी को ये 'फॉरेस्ट गम्प की घटिया कॉपी लग रहा है. हालांकि ज़्यादातर नेगेटिव रिस्पॉन्स ही हैं.

वही पुराने आमिर

एक ट्विटर यूजर ने आमिर को एड्रैस करते हुए लिखा:

ये व्यक्ति टॉम हैंक्स की क्लासिक 'फॉरेस्ट गंप' की नकल करने की कोशिश कर रहा है,  बॉलीवुड के इतिहास में अब तक की सबसे नृशंस चीज है.

एक और ट्विटर यूजर ने लिखा:

मिस्टर परफेकशनिस्ट ने अपनी ऐक्टिंग से हॉलीवुड की एक आइकॉनिक फिल्म  को सक्सेसफुली बर्बाद कर दिया. प्रिय टॉम हैंक्स, हम इस सस्ती कॉपी के लिए आपसे माफ़ी मांगते हैं.


कुछ ट्विटर यूजर्स तो #BoycottLaalSinghChaddha भी करने लगे. एक यूजर ने आमिर मुर्दाबाद की फोटो के साथ लिखा: 

आमिर ने कहा था, ‘भारत असहिष्णु है और वो भारत छोड़ना चाहते हैं’. इसलिए #Boycottbollywood  #BoycottLaalSinghChaddha 

# क्या स्पीलबर्ग की बात आमिर सच साबित कर पाएंगे?

बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक आमिर जब 'फॉरेस्ट गम्प' के डायरेक्टर Robert Zemeckis से इसके राइट्स खरीदने का प्रयास कर रहे थे, तो वो उन्हें लगातार मना किए जा रहे थे. तब उन्होंने भारतीय होने के नाते लगाया पऊवा और 'शिंडलर्स लिस्ट' के डायरेक्टर स्टीवन स्पीलबर्ग से मिलने पहुंच गए. ताकि उनके जरिए रॉबर्ट से अपनी सिफारिश करवा सकें. स्पीलबर्ग ने आमिर को रॉबर्ट से ये कहकर मिलवाया कि ये भारत के जेम्स कैमरन हैं. उन्होंने ऐसा इसलिए कहा कि आमिर भी जेम्स कैमरन की तरह अपनी हर फ़िल्म के साथ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाते हैं और हर नई फ़िल्म के साथ अपना ही बनाया रिकॉर्ड तोड़ देते हैं. तो अब मुद्दा ये है कि जब पिछले कुछ सालों से साउथ की फिल्में बॉलीवुड के बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही हैं. ऐसे में बॉलीवुड को आमिर खान से ही उम्मीद है. अब वो उम्मीदों पर खरे उतरेंगे या नहीं, ये तो 11 अगस्त को जब फ़िल्म सिनेमघरों में रिलीज़ होगी तब ही पता चलेगा. 

साउथ सिनेमा का ये सुपरस्टार आमिर की फ़िल्म 'लाल सिंह चड्ढा' से बाहर क्यों हुआ?

Advertisement

Advertisement

()