The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Kubbra Sait reveals when Salman Khan came on set 5 hours late on Ready set and took a lunch break

कुब्रा सैत ने बताया किस्सा, जब सलमान खान 5 घंटे देरी से आए और आते ही लंच ब्रेक करवा दिया

कुब्रा ने ये भी बताया कि सलमान के साथ काम करना स्पेशल था. क्योंकि वो पूरी टीम को साथ लेकर चलते हैं. साथ में खाना खाते हैं.

Advertisement
pic
20 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 20 जनवरी 2023, 12:26 PM IST)
salman khan, kubbra sait, ready
फिल्म 'रेडी' के एक सीन में कुब्रा सैत और सलमान खान.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Kubbra Sait को Sacred Games में कुक्कू का रोल करने के लिए जाना जाता है. मगर उससे पहले भी वो फिल्मों में काम कर रही थीं. उन्होंने Salman Khan की फिल्म Ready से अपना फिल्म करियर शुरू किया था. उन्होंने हालिया इंटरव्यू में इस फिल्म पर काम करने का एक्सपीरियंस बताया. उन्होंने कहा कि वो सुबह से एक सेब खाकर शूट शुरू होने का इंतज़ार करती रहीं. मगर सलमान तय समय से साढ़े पांच घंटे बाद सेट पर पहुंचे. और शूट शुरू करने की बजाय लंच ब्रेक करवा दिया. हालांकि उन्होंने ये भी जोड़ा कि सलमान के साथ काम करना उनके लिए स्पेशल था. क्योंकि वो अपनी फिल्म की पूरी टीम को साथ लेकर चलते हैं. सेट पर बड़ा समावेशी माहौल रहता है.  

कुब्रा ने फिल्म 'रेडी' में सुनयना नाम का कैरेक्टर प्ले किया था. इस फिल्म के बारे में फे डिसूज़ा को उनके यूट्यूब चैनल के लिए दिए इंटरव्यू में कुब्रा ने कहती हैं-

''हम सुबह 5:30 बजे होटल से निकलते थे. मैंने कहा ब्रेकफास्ट- उन्होंने कहा सेब. मेरी तरफ एक सेब उछाल दिया गया. मैंने और मांगा, तो मुझे एक और सेब दिया गया. वो लोग (क्रू) कह रहे थे कि 10 बजे शूट शुरू होगा. वो 10 का 11 हुआ. 11 का 12 हो गया. शूट शुरू नहीं हुआ.''  

सलमान के लिए घंटों वेट करने के बाद फाइनली वो पांच घंटे बाद सेट पर पहुंचे. कुब्रा बताती हैं-

''फिर दोपहर 02:45 पर हलचल शुरू हो गई. आपको पता चल जाता है कि कोई ज़रूरी आदमी आया है. वो ज़रूरी आदमी है फिल्म का हीरो. सब लोग काम के लिए रेडी हुए. सलमान खान आए. हम एक गोल्फ कोर्स पर शूट कर रहे थे. वहां बड़ी खिड़कियां लगी हुई थीं. सलमान खान आते हैं, अपनी गर्दन वगैरह मोड़ते हैं. स्ट्रेच करते हैं. और कहते हैं- 'लंच ब्रेक करें?'''

salman khan, kubbra sait
प्रो-कबड्डी लीग के दौरान कुब्रा और उनके भाई दानिश सैत के साथ सलमान खान.

कुब्रा ने हंसते हुए बताया कि वो सुबह से एक सेब खाकर बैठी रहीं. और 3 बजे तक कोई काम भी नहीं हुआ. मगर कुब्रा का कहना है कि वो पॉज़िटिव चीज़ों पर ध्यान देती हैं. उन्होंने कहा-

''मगर हमेशा पॉज़टिव चीज़ों पर ध्यान देना चाहिए. ये आदमी (सलमान खान) हमेशा सेट पर मौजूद अपने सभी को-एक्टर्स को साथ लेकर डाइनिंग टेबल पर बैठता है. सब लोग साथ में खाना खाते हैं. मुझे ऐसा लगता है कि किसी के साथ बैठकर खाना खाना एक ऐसी चीज़ है, जिसके लिए हर चीज़ माफ की जा सकती है.''

'रेडी' में सलमान खान और कुब्रा के साथ असिन, परेश रावल, महेश मांजरेकर, मनोज जोशी और पुनीत इस्सर जैसे एक्टर्स ने काम किया था. इस फिल्म को डायरेक्ट किया था अनीस बज़्मी ने. आगे सलमान और कुब्रा ने 'सुल्तान' में भी साथ काम किया. कुब्रा ने इस फिल्म में एक एंकर का रोल किया था. कुब्रा ने अपने करियर में 'जवानी जानेमन', 'डॉली किट्टी और वो चमकते सितारे' जैसी फिल्मों में काम किया. इसके अलावा वो 'सेक्रेड गेम्स', 'TVF ट्रिपलिंग' और 'द गुड वाइफ' जैसी वेब सीरीज़ में भी काम कर चुकी हैं. 

वीडियो: सलमान खान की 'टाइगर ज़िंदा है' का ये सीन KGF 2, 'कैथी' और 'विक्रम' में कॉपी हुआ है?

Advertisement

Advertisement

()