सलमान का बड़ा अनाउंसमेंट- 'पठान' के साथ थिएटर्स में आएगा 'किसी का भाई किसी की जान' का टीज़र
खेला ये है कि 'किसी का भाई किसी की जान' का टीज़र देखना है, तो 'पठान' की टिकट खरीदनी पड़ेगी.
.webp?width=210)
Salman Khan ने ऑफिशियली अनाउंस कर दिया है कि Kisi Ka Bhai Kisi Ki Jaan का टीज़र 25 जनवरी को रिलीज़ होगा. सलमान ने अपने ट्वीट में लिखा-
'''किसी का भाई किसी की जान' का टीज़र, अब देखो बड़े परदे पर. 25 जनवरी को.''
यानी सलमान की फिल्म का टीज़र Shahrukh Khan की Pathaan के साथ रिलीज़ होगा. हालांकि अपने ट्वीट में सलमान ने कहीं शाहरुख या 'पठान' का ज़िक्र नहीं किया. 'पठान' में सलमान खान खुद 'टाइगर' के कैरेक्टर में नज़र आने वाले हैं. कई रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि अभी फिल्म का टीज़र सिर्फ थिएटर्स में दिखाया जाएगा. यूट्यूब पर बाद में आएगा. इसलिए अगर आपको ‘किसी का भाई किसी की जान’ का टीज़र देखना है, तो ‘पठान’ का टिकट बुक करना पड़ेगा. YRF के प्रमोशन को चुनौती देने वाले कहां हैं!
'किसी का भाई किसी का जान' का टीज़र 'पठान' के साथ रिलीज़ करना, सोचा-समझा फैसला है. कोई भी एक्टर या फिल्ममेकर चाहता है कि उसकी फिल्म के टीज़र/ट्रेलर को ज़्यादा से ज़्यादा देखा जाए. उसके लिए 'पठान' से अच्छा ऑप्शन नहीं हो सकता था. क्योंकि चार साल बाद शाहरुख खान लीड रोल में वापसी कर रहे हैं. दुनियाभर की जनता उन्हें बड़े परदे पर देखने का इंतज़ार कर रही है. फिल्म की एडवांस बुकिंग में ये चीज़ साफ नज़र आ रही है. इसलिए सिर्फ सलमान की ही नहीं, अजय देवगन और रणबीर कपूर की फिल्मों का टीज़र-ट्रेलर भी 'पठान' के साथ अटैच किया जा रहा है.
अजय देवगन की 'भोला' 24 तारीख को डिजिटली रिलीज़ हो रही है. रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म 'तू झूठी, मैं मक्कार' का ट्रेलर 23 जनवरी को रिलीज़ हो रहा है. इन दोनों फिल्मों के टीज़र-ट्रेलर 'पठान' के साथ थिएटर्स में देखे जाएंगे. इससे अच्छा प्रमोशन क्या हो सकता है.
खैर, 'किसी का भाई किसी की जान' एक क्रॉस कल्चरल फैमिली एंटरटेनर बताई जा रही है. क्रॉस कल्चरल यानी दो तरह की सभ्यताओं में रचने-बसने और घटने वाली. 'किसी का भाई किसी की जान' नॉर्थ इंडिया और साउथ इंडिया की खाई को पाटेगी. जैसे 'चेन्नई एक्सप्रेस' थी. जो कि अब तक शाहरुख खान के करियर की हाइएस्ट ग्रोसिंग फिल्म है. 'चेन्नई एक्सप्रेस' के डायलॉग्स फरहाद सामजी ने लिखे थे. वो ही 'किसी का भाई किसी की जान' को डायरेक्ट कर रहे हैं.
'किसी का भाई किसी की जान' से सलमान खान चार सालों के बाद ईद पर सिनेमाघरों में वापसी कर रहे हैं. उनकी आखिरी ईद रिलीज़ थी 'भारत', जो कि 2019 में आई थी. 'किसी का भाई किसी की जान' में सलमान खान के साथ वेंकटेश, पूजा हेगड़े, जगतपति बाबू, भूमिका चावला, शहनाज़ गिल, सिद्धार्थ निगम, पलक तिवारी, जस्सी गिल, राघव जुयाल, बॉक्सर विजेंद्र सिंह और अभिमन्यु सिंह जैसे एक्टर्स नज़र आने वाले हैं. ये फिल्म 21 अप्रैल, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
वीडियो: सलमान खान की 'टाइगर ज़िंदा है' का ये सीन KGF 2, 'कैथी' और 'विक्रम' में कॉपी हुआ है?

