The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • King: Shahrukh Khan fine tuning film's Major Scenes, peopls claiming it to be Dhurandhar Effect

सही नहीं बनी 'किंग', शाहरुख करवा रहे बड़े बदलाव!

फैन्स को ये फिक्र है कि इस फाइन ट्यूनिंग में 'किंग' के मासी एक्शन सीन्स न हट जाएं.

Advertisement
pic
13 मई 2026 (पब्लिश्ड: 06:18 PM IST)
Shahrukh Khan in King
सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बन रही 'किंग' 24 दिसंबर को रिलीज़ होगी.
Quick AI Highlights
Click here to view more

क्या Shahrukh Khan Prashanth Neel की Ravanam करने वाले हैं? क्या शाहरुख King में बदलाव करवा रहे हैं? क्या Dhurandhar 3 अब कभी नहीं बनेगी? सिनेमा से जुडे़ ऐसे ही और अपडेट्स के लिए नीचे स्क्रॉल करें:

# 'किंग' में बड़े बदलाव कर रहे शाहरुख, वजह है 'धुरंधर'?

'किंग' साल की मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्मों में से एक है. इसकी लगभग शूटिंग हो चुकी है. और ख़बर है कि शाहरुख खान फिल्म के मेजर सीन्स फाइन ट्यून करवा रहे हैं. जहां ज़रूरत है, वहां बदलाव करवा रहे हैं. और इसकी वजह है 'धुरंधर'. विशाल मल्होत्रा के पॉडकास्ट पर सिनेमा जर्नलिस्ट फ़रीदून शहरयार ने बताया कि 'किंग' के मेजर सीन्स रीडू किए जा रहे हैं. और ये सब 'धुरंधर' के हाइप को मैच करने के लिए हो रहा है. फिल्म में नए एडिट और अडजस्टमेंट होने वाले हैं. कई चीज़ें नए सिरे से की जाएंगी. सोशल मीडिया पर ये बात चर्चा में है. M9 न्यूज़ पोर्टल के मुताबिक ट्रेड का मानना है कि इससे फिल्म को फायदा पहुंचेगा. मगर फाइनल प्रोडक्ट तैयार होने में देरी हो सकती है. जबकि फैन्स थोड़े चिंतित हैं. उनकी फिक्र ये है कि रीडू वर्क में मासी एक्शन सीन्स न हट जाएं. 'धुरंधर' और 'किंग', दोनों के सब्जेक्ट और ऑडियंस में फर्क है. इसलिए लोग चाहते हैं कि सब्जेक्ट ट्रीटमेंट 'किंग' के मुताबिक ही हो.

# इस बार भी कोनन ओ'ब्रायन ही होस्ट करेंगे ऑस्कर अवॉर्ड्स

पिछले दो साल से ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी एक्टर-कमेडियन कोनन ओ'ब्रायन होस्ट कर रहे हैं. और साल 2027 में होने वाले ऑस्कर अवॉर्ड्स के होस्ट भी कोनन ही होंगे. मंगलवार को डिज़्नी ने अपने अपफ्रंट प्रेज़ेंटेशन में ये घोषणा की. साल 2027 की ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी 14 मार्च 2027 को होगी.

# 'सलार' वाले डायरेक्टर की 'रावणम्' में शाहरुख खान?

'रावणम्' प्रशांत नील की ड्रीम फिल्म है. ये आइडिया सालों से उनके दिमाग में है. मगर फिल्म अब तक शुरू नहीं हो सकी है. सोशल मीडिया पर चर्चा है कि प्रशांत नील और शाहरुख खान के बीच इस फिल्म को लेकर चर्चा शुरू हुई है. शाहरुख को फिल्म का कॉन्सेप्ट पसंद आया है. हालांकि ये इंटरनेट पर हो रही चर्चाएं हैं. इसलिए अभी कुछ भी पुख्ता तौर पर नहीं कहा जा सकता. मगर गहमागहमी ज़रूर है. हम बता दें कि सबसे पहले इस फिल्म से प्रभास का नाम जुड़ा था. फिर जून 2025 में ख़बर आई कि 'रावणम्' अल्लू अर्जुन के साथ बनेगी. मगर अब शाहरुख खान का नाम चर्चा में है. IMDb के मुताबिक फिल्म की कहानी ऐसे इंसान की है जो मौत के बाद एक पैरलल यूनिवर्स में फंस जाता है. वो वहां का राजा नहीं बल्कि एक गैंगस्टर होता है. फिल्म की स्टोरीलाइन जान कर SRK फैन्स उत्साहित हैं. मगर शाहरुख ये फिल्म करेंगे या नहीं, ये अभी कह पाना मुश्किल है. फिलहाल वो 'किंग' की शूटिंग कर रहे हैं, जो 24 दिसंबर को रिलीज़ होगी.

# सुब्रत रॉय पर बनेगी हंसल मेहता की 'स्कैम 3'!

'स्कैम 1992' और 'स्कूप' के बाद अब हंसल मेहता 'स्कैम' फ्रैंचाइज़ की तीसरी सीरीज़ बनाने जा रहे हैं. पिंकविला के मुताबिक ये सहारा इंडिया ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय पर आधारित होगी. इसमें सुब्रत का किरदार सिद्धार्थ बोड़के निभाएंगे. रिपोर्ट के मुताबिक जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी. और साल के अंत में हंसल इसे रिलीज़ भी कर देंगे.

# 'धुरंधर 3' नहीं बनेगी, रणवीर-आदित्य ने किया इनकार?

जियो स्टूडियोज की हेड ज्योति देशपांडे ने पिछले हफ्ते एक इंटरव्यू में 'धुरंधर' की तीसरी किश्त का हिंट दिया था. बॉलीवुड हंगामा के चर्चा में उन्होंने कहा था कि ‘धुरंधर’ का किस्सा अभी ख़त्म नहीं हुआ है. साल के अंत में लोगों को एक बड़ा सरप्राइज़ मिल सकता है. यहीं से 'धुरंधर 3' के कयास लगने शुरू हुए. अब सोशल मीडिया पर पढ़ने में आ रहा है कि ये प्रोजेक्ट शुरू नहीं होगा. बॉली गपसिप नाम के इंस्टाग्राम पेज की पोस्ट के मुताबिक इसकी वजह है ज्योति देशपांडे के साथ काम करने में आई मुश्किलें. बताया जा रहा है कि ज्योति देशपांडे ने 'धुरंधर' के प्रमोशन के लिए बजट नहीं दिया था. उन्हें लगा था कि ये फिल्म बुरी तरह पिट जाएगी. ये चर्चा भी है कि 300 करोड़ के बजट का एस्टिमेट देने के लिए ज्योति ने आदित्य को बेवकूफ़ कहा था. प्रमोशन के लिए रणवीर और आदित्य धर को जेब से पैसे खर्च करने पड़े. अब दावा है कि 'धुरंधर 3' के लिए रणवीर और आदित्य ने फीस डबल कर दी है. और इस कारण ज्योति देशपांडे ने 'धुरंधर 3' को बतौर फुल फ्लेजेड फिल्म लाने का विचार टाल दिया है.

# 21 अगस्त को रिलीज़ होगी नानी की 'दी पैराडाइज़'

तेलुगु एक्टर नानी की अगली फिल्म 'दी पैराडाइज' के बारे में चर्चाएं थीं कि फिल्म के मेजर सीन रीशूट होंगे. और इस वजह से फिल्म अगस्त में रिलीज़ नहीं हो पाएगी. मेकर्स ने इन बातों को खारिज कर दिया है. 'दी पैरेडाइज़' के ऑफिशियल X अकाउंट से उन्होंने लिखा, "कहीं कोई देरी या कन्फ्यूजन नहीं है. फिल्म की 100 दिन की शूटिंग हो चुकी है. आगे की शूटिंग भी प्लान के मुताबिक ही चल रही है." मेकर्स ने इस पोस्ट में कन्फर्म किया कि दी पैराडाइज़ 21 अगस्त को रिलीज़ होगी. इस फिल्म में राघव जुयाल नेगेटिव लीड हैं. इसे श्रीकांत ओडेला डायरेक्ट कर रहे हैं. 

वीडियो: शाहरुख की ‘किंग’ पर नहीं पड़ेगा ‘एवेंजर्स’ और ‘ड्यून 3’ का असर? ट्रेड का बड़ा दावा

Advertisement

Advertisement

()