'किंग' से इतिहास रचने के लिए शाहरुख खान को अपना ही ये रिकॉर्ड तोड़ना होगा
चौथरफा क्लैश के बावजूद फिल्म ट्रेड का मानना है कि शाहरुख खान की 'किंग' उनके करियर की सबसे बड़ी क्रिसमस ओपनर बन सकती है.

Shahrukh Khan की King साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. शाहरुख और डायरेक्टर Siddharth Anand इसे बड़े स्केल पर बना रहे हैं. इसे ग्लोबल फिल्म की तरह पोजीशन करने के लिए उन्होंने पूरी प्लानिंग की है. तगड़ी कास्टिंग. इंटरनेशनल आर्टिस्ट्स के साथ ओवरसीज़ शूट. पैसा भी पानी की तरह बहाया जा रहा. कहा जा रहा है कि ये फिल्म बड़ी आसानी से शाहरुख के करियर की सबसे बड़ी क्रिसमस ओपनर बन सकती है. फिलहाल ये तमगा Dunki (2023) के नाम है. इसने 29.20 करोड़ रुपये की डोमेस्टिक ओपनिंग ली थी. हालांकि तब इसकी टक्कर Prabhas की Salaar से हुई थी. इस क्लैश में शाहरुख की फिल्म को नुकसान उठाना पड़ा था.
24 दिसंबर, जिस दिन ‘किंग’ रिलीज़ होगी, उस दिन तो कोई बड़ी फिल्म रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड नहीं है. मगर उससे पहले और उसके बाद कई फिल्में कतार में हैं. हॉलीवुड फिल्म Avengers: Doomsday और Dune 3, ‘किंग’ से हफ्ते भर पहले 18 दिसंबर को सिनेमाघरों में लगेंगी. वहीं 25 दिसंबर को ड्वेन जॉन्सन की हिट फ्रैंचाइज़ ‘जुमानजी’ की चौथी किश्त थिएटर्स में उतरेगी. रिपोर्ट्स ये भी हैं कि Ajay Devgn की Golmaal 5, 31 दिसंबर को आ सकती हैं. हालांकि अब तक मेकर्स ने ये तारीफ ऑफिशियली अनाउंस नहीं की है.
इतनी रस्साकशी के बावजूद कोईमोई के मुताबिक ट्रेड का मानना है कि ‘किंग’ सेफ़ ज़ोन में है. अब तक शाहरुख की बेस्ट क्रिसमस ओपनर का खिताब ‘डंकी’ से छीनने के लिए ‘किंग’ को 30 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेनी होगी. ‘किंग’ का स्केल और शाहरुख के हालिया फॉर्म देखते हुए ये टार्गेट बहुत आसान नज़र आ रहा है.
क्रिसमस पर रिलीज़ हुई शाहरुख की पिछली 5 फिल्मों का ओपनिंग डे कलेक्शन
1. डर (24-12-1993): 48 लाख रुपये
2. त्रिमूर्ति (22-12-1995): 1.06 करोड़ रुपये
3. डॉन 2 (23-12-2011): 15.2 करोड़ रुपये
4. ज़ीरो (21-12-2018): 20.14 करोड़ रुपये
5. डंकी (21-12-2023): 29.2 करोड़ रुपये
(नोट: आंकड़े ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक)
फिल्म ट्रेड का मानना है कि 30 करोड़ तो ‘किंग’ अडवांस बुकिंग में ही कमा लेगी. ‘ब्रैंड शाहरुख’ में ट्रेड के इस कॉन्फिडेंस की वजह उनका पिछला ट्रैक रिकॉर्ड है. साल 2023 में शाहरुख ने ‘पठान’ से कमाल की वापसी की. इसी साल आई ‘जवान’ ने उनके उसी पुराने दबदबे को कायम रखा. ‘डंकी’ इनके बाद आई, और ‘पठान’, ‘जवान’ जितनी कमाऊ साबित नहीं हुई. फिर भी राजकुमार हीरानी और शाहरुख के कॉम्बिनेशन ने इसे फ्लॉप नहीं होने दिया. ‘किंग’ क्रिसमस पर आ रही शाहरुख की छठी फिल्म होगी. और ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसमें वो पोटेंशियल है कि ये उनके अब तक के करियर की बेस्ट क्रिसमस ओपनर बन सकती है.
‘किंग’ के स्केल की बात करें, तो इसका बजट 350 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है. ये भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी एक्शन फिल्मों में से एक है. ख़बरें हैं कि इसके क्लाइमैक्स के एक सीक्वेंस के लिए ही 80 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. पौलैंड शेड्यूल के दौरान तकरीबन एक करोड़ रुपये रोज़ाना खर्च हुए. इसमें दर्जनभर जाने-पहचाने एक्टर्स काम कर रहे हैं. इनमें दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, सौरभ शुक्ला, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत, अभिषेक बच्चन, राघव जुयाल, रानी मुखर्जी और सुहाना खान जैसे नाम शामिल हैं.
वीडियो: शाहरुख की ‘किंग’ पर नहीं पड़ेगा ‘एवेंजर्स’ और ‘ड्यून 3’ का असर? ट्रेड का बड़ा दावा

