The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Kick 2: Is Asim Riaz working with Salman Khan in Sajid Nadiadwala directorial?

'किक 2' में सलमान खान के सामने विलन होंगे आसिम रियाज़?

खबरें हैं कि 'किक 2' में आसिम को एक अहम रोल ऑफर किया गया है, जिसकी अनाउंसमेंट जल्द की जाएगी.

Advertisement
kick 2, salman khan, asim riaz,
'किक 2' का फैनमेड पोस्टर. दूसरी तरफ एक फोटोशूट के दौरान आसिम रियाज़.
pic
श्वेतांक
26 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 26 अप्रैल 2023, 01:55 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

Tiger 3 के बाद Salman Khan कौन सी फिल्म में दिखेंगे, ये क्लियर नहीं है. उनका लाइन-अप अभी फिक्स नहीं है. मगर बताया जा रहा है कि Tiger Vs Pathaan से पहले सलमान कम से कम दो फिल्में करेंगे. ये फिल्में कौन सी होंगी, इनको लेकर बातचीत ज़ारी है. करण जौहर के प्रोडक्शन की एक एक्शन फिल्म पर डिस्कशन हो रहा है. सूरज बड़जात्या के साथ भी एक फिल्म को लेकर चर्चा है. Mythri मूवी मेकर्स से भी सलमान को एक फिल्म ऑफर होने की बात कही जा रही है. इस सब के बीच एक चौथा प्रोजेक्ट खबरों में आ गया है. Sajid Nadiadwala की Kick 2. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस फिल्म में Asim Riaz विलन का रोल कर सकते हैं.

2014 में सलमान ने 'किक' नाम की फिल्म में काम किया. पिक्चर ब्लॉकबस्टर रही है. तभी से इसके सीक्वल बनाने की तैयारी चल रही है. 2020 में जैकलीन फर्नांडिस के बर्थडे पर साजिद नाडियाडवाला ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने 'किक 2' की स्क्रिप्ट लॉक कर दी है. ये एक तरह से अनऔपचारिक अनाउंसमेंट थी. उसके बाद पैंडेमिक आया और फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई. अब उसकी दोबारा चर्चा छिड़ी है. फ्री प्रेस जर्नल ने आसिम रियाज़ से जुड़े करीबी सूत्रों के हवाले से एक खबर छापी. इसमें बताया गया कि 'किक 2' में आसिम को एक अहम रोल ऑफर किया गया. जिसके बारे में जल्द ही घोषणा की जाएगी. इस रिपोर्ट में ये भी बताया गया कि 'किक 2' 2024 में रिलीज़ होगी.

Image embed

कुछ दिनों पहले ऐसी खबर आई थी कि सलमान की एक फिल्म में आसिम को उनके भाई का रोल ऑफर हुआ था. मगर वो वर्क आउट नहीं हो पाया. शायद वो फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' थी. खैर, आसिम 'बिग बॉस 13' में कंटेस्टेंट थे. इस शो को सलमान होस्ट करते हैं. वो सीज़न सिद्धार्थ शुक्ला ने जीता. आसिम फर्स्ट रनर-अप रहे. उसके बाद से वो कई म्यूज़िक वीडियोज़ में नज़र आ चुके हैं. खुद भी गाते और रैप करते हैं. मगर अब तक उन्होंने किसी फिल्म में काम नहीं किया है. देखते हैं 'किक 2' वाली खबर में कितनी सच्चाई है.

Image embed
‘बिग बॉस 13’ के फिनाले पर आसिम रियाज़ और सिद्धार्थ शुक्ला के साथ सलमान खान. 

सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' इन दिनों सिनेमाघरों में चल रही है. वैसा परफॉर्म नहीं कर रही है, जैसी सलमान खान की फिल्में चला करती हैं. मंगलवार तक फिल्म ने देशभर से 84.46 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि शुक्रवार तक ये फिल्म 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर जाएगी.

'किक 2' जब भी बने, उसमें सलमान खान के साथ जैकलीन फर्नांडिस ही काम करेंगी. क्योंकि वो ओरिजिनल फिल्म का भी हिस्सा थीं. मगर फिलहाल इस फिल्म को लेकर कोई सुगबुगाहट देखने को नहीं मिली है. 'रेस 3', 'दबंग 3' और 'किसी का भाई किसी की जान' के बाद खबरें हैं कि सलमान ने सीक्वल और रीमेक्स में काम नहीं करने का मन बनाया है. ऐसे में वो ओरिजिनल स्क्रिप्ट देख रहे हैं. जून से सलमान नई फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे. मगर वो फिल्म कौन सी होगी, ये नहीं पता. करण जौहर के प्रोडक्शन में बनने वाली फिल्म इस रेस में सबसे आगे बताई जा रही है. खबरें हैं कि इसे 'शेरशाह' फेम विष्णु वर्धन डायरेक्ट कर सकते हैं.  

Advertisement

Advertisement

()