'शहज़ादा' की नाकामयाबी पर पहली बार कार्तिक आर्यन ने जवाब दिया - "आगे से कभी रीमेक नहीं करूंगा"
'शहज़ादा' अपने बजट की आधी कमाई भी नहीं कर पाई थी.

Kartik Aaryan और Kabir Khan एक फिल्म पर साथ काम कर रहे हैं. फिल्म का नाम है Chandu Champion. फिलहाल लंदन में इस फिल्म की शूटिंग चल रही है. कार्तिक ने अपनी शूटिंग ब्रेक में BBC Asian Network से बात की. कोरोनाकाल, ‘सत्यप्रेम की कथा’ की कामयाबी जैसे टॉपिक्स पर बात हुई. साथ ही बात हुई ‘शहज़ादा’ पर. कार्तिक आर्यन की सबसे असफल फिल्मों में से एक. फिल्म अपने बजट से आधी कमाई भी नहीं कर पाई थी. बता दें कि ये अल्लु अर्जुन की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'अला वैकुंठपुरमलो' का हिंदी रीमेक थी.
कार्तिक ने फिल्म पर बात करते हुए कहा,
मुझे लगता है कि सबसे बड़ा पर्सपेक्टिव मुझे ये मिला कि आगे से रीमेक नहीं करूंगा. मैं आगे से कोई भी रीमेक फिल्म नहीं करने वाला. ये पहली बार था जब मैंने रीमेक में काम किया. मैं सब कुछ पहली बार अनुभव कर रहा था. शूटिंग करते हुए मुझे इस बात का एहसास नहीं हुआ. लेकिन बाद में समझ आया कि लोग ये सब पहले ही देख चुके हैं. अपना पैसा खर्च कर, थिएटर जाकर तो फिर से सेम चीज़ नहीं देखने वाले. इससे मुझे बड़ा पर्सपेक्टिव मिला.
कार्तिक ने आगे कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में अब रीमेक्स का ट्रेंड आम हो गया है. उन्होंने जोड़ा कि रीमेक के केस में आपको पहले से एक स्क्रिप्ट तैयार मिलती है. हालांकि उनका कहना है कि वो अब रीमेक्स से नहीं जुड़ेंगे. उन्होंने कहा कि वो कुछ ऐसा नहीं करेंगे जो पहले ही कोई और कर चुका है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘शहज़ादा’ को बनाने में करीब 85 करोड़ रुपए का खर्चा हुआ. इसमें से 65 करोड़ शूटिंग में लगा और बाकी पब्लिसिटी आदि में. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक फिल्म सिनेमाघरों में सिर्फ 32.2 करोड़ रुपए ही कमा पाई. यानी बजट का आधा भी रिकवर नहीं हो पाया.
‘शहज़ादा’ से पहले कार्तिक आर्यन की ‘भूल भुलैया 2’ आई थी. कोरोनाकाल में जहां राइट-लेफ्ट-एंड सेंटर हिंदी फिल्में नहीं चल रही थीं, ऐसे माहौल में ‘भूल भुलैया 2’ हिट साबित हुई. मीडिया ने कार्तिक आर्यन पर हिट मेकर का लेबल लगा दिया. उसके बाद जब अनाउंसमेंट हुई कि अगली फिल्म ‘शहज़ादा’ होगी तो सही हाइप बन गई. लेकिन ‘शहज़ादा’ के साथ पंगा ये हुआ कि 'अला वैकुंठपुरमलो' बहुतायत में देख ली गई थी. हिंदी बेल्ट वाले भी इस फिल्म से वाकिफ थे. सिर्फ कार्तिक आर्यन की स्टार पावर के चलते तो फिल्म का कमा पानी मुश्किल था. पॉपुलर फिल्म को रीमेक करना फायदेमंद नहीं निकला.
वीडियो: कार्तिक आर्यन की 'शहज़ादा' से 'अला वैकुंठपुरमुलो' का मज़ेदार सीन काट दिया गया, जो भारी पड़ गया

