'सीता' के रोल के लिए 12 करोड़ मांगने पर करीना कपूर ने दी सफाई
करीना कपूर खान ने बताया कि उन्हें ये रोल कभी ऑफर ही नहीं हुआ.

देश-दुनिया की तमाम फिल्मी खबरों का वन स्टॉप डेस्टिनेशन. द सिनेमा शो. आइए आज की खबरों पर बात करें-
1. 2024 में रिलीज़ होगी वॉकीन फीनिक्स की जोकर 2
वॉकीन फीनिक्स की फिल्म 'जोकर 2' की रिलीज़ डेट आ गई है. ये फिल्म 4 अक्टूबर, 2024 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. पहली किस्त की रिलीज़ के ठीक पांच साल बाद. टॉड फिलिप्स डायरेक्टेड इस फिल्म में लेडी गागा, हार्ली क्विन के रोल में दिखाई देंगी.

2. बनकर तैयार होने के बावजूद रिलीज़ नहीं होगी 'बैटगर्ल'
डीसी एक्स्टेंडेड यूनिवर्स की फिल्म 'बैटगर्ल' बनकर तैयार होने के बावजूद रिलीज़ नहीं की जाएगी. ये फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी वॉर्नर ब्रदर्स का फैसला है. हालांकि इस फैसले की वजह साफ नहीं हो पाई है. फिल्म में 'बैटगर्ल' का टाइटल कैरेक्टर लेज़्ली ग्रेस ने प्ले किया है. इस फिल्म को आदिल अल अरबी और बिलाल फलाह ने मिलकर डायरेक्ट किया था.

3. 'ग्लास अनियन- अ नाइव्स आउट मिस्ट्री' का होगा फेस्टिवल प्रीमियर
2019 में आई फिल्म 'नाइव्स आउट' का सीक्वल 'ग्लास अनियन- अ नाइव्स आउट मिस्ट्री' BFI लंदन फिल्म फेस्टिवल 2022 की क्लोजिंग फिल्म होगी. इस फिल्म में डेनियल क्रेग, एडवर्ड नॉर्टन, केट हडसन और डेव बॉटिस्टा जैसे एक्टर्स नज़र आने वाले हैं.
4. 'चकदा एक्सप्रेस' के लिए इंग्लैंड में ट्रेनिंग लेंगी अनुष्का शर्मा
अनुष्का शर्मा, इंडियन वुमन क्रिकेटर झूलन गोस्वामी की बायोपिक 'चकदा एक्सप्रेस' में काम कर रही हैं. अनुष्का इस फिल्म की प्रोड्यूसर हैं. इंडिया में शूट होने वाले फिल्म के बड़े हिस्से का काम खत्म हो गया है. फिल्म के बाकी हिस्सों की शूटिंग इंग्लैंड में होनी है. मगर फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले अनुष्का इंग्लैंड के लीड्स में ट्रेनिंग लेंगी. वो फिल्म के कुछ ज़रूरी सीन्स की शूटिंग के लिए अपनी बोलिंग पर और काम करना चाहती हैं.

5. मधुबाला की बायोपिक बनाने वालों को उनकी बहन की चेतावनी
लंबे समय से एक्टर मधुबाला की लाइफ पर फिल्म बनाने की चर्चा चल रही है. इस मसले पर मधुबाला की बहन मधुर ब्रिज भूषण ने बात की है. उन्होंने कहा कि जो भी लोग उनकी फैमिली की परमिशन के बिना फिल्म बनाएंगे, उन्हें कानूनी कार्रवाई झेलनी पड़ेगी.
6. 5 अगस्त को रिलीज़ होगी तमिल एंथोलॉजी फिल्म 'विक्टिम'
तमिल फिल्मों के माने हुए डायरेक्टर्स वेंकट प्रभु, पा रंजीत, एम राजेश और चिंबुदेवन मिलकर 'विक्टिम' नाम की एंथोलॉजी फिल्म बनाई है. इस फिल्म का नाम है 'विक्टिम'. 'विक्टिम' 5 अगस्त को सोनी लिव पर रिलीज़ की जाएगी.
7. सीता के रोल के लिए 12 करोड़ मिलने पर करीना का जवाब
पिछले साल खबर आई थी कि करीना कपूर खान को 'रामायण' पर बेस्ड फिल्म में सीता का रोल ऑफर किया गया था. और करीना ने उस रोल के लिए 12 करोड़ रुपए की फीस मांग ली थी. इस पर बात करते हुए करीना ने जूम को दिए इंटरव्यू में कहा-
''ये सब बनी-बनाई खबरें हैं. मैंने इस पर कोई सफाई नहीं दी क्योंकि मुझे वो फिल्म कभी ऑफर ही नहीं हुई. मुझे नहीं पता कि इसमें मेरा नाम कहां से आया, जबकि मैं इस फिल्म के लिए चॉइस थी ही नहीं.''

