'कांतारा' के गाने पर ऐसा विवाद हुआ कि यूट्यूब से गाना डिलीट करना पड़ गया
केरल के एक बैंड ने गाने को चोरी करने का आरोप लगाया था.

सिनेमा जगत से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों का एक पता, द सिनेमा शो:
#1. तेलुगु दिग्गज एक्टर और महेश बाबू के पिता कृष्णा का निधन
बीते जमाने के तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार कृष्णा का 15 नवंबर को निधन हो गया. वो 79 साल के थे. 14 तारीख की सुबह उन्हें कार्डिएक अरेस्ट आया जिसके बाद उन्हें हैदराबाद के अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने अपने करियर में 250 से ज़्यादा फिल्मों में काम किया. उनके देहांत के बाद रजनीकांत, कमल हासन, नागार्जुन और चिरंजीवी जैसे एक्टर्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.
#2. ‘लाल सिंह चड्ढा’ के बाद एक्टिंग से ब्रेक लेंगे आमिर
आमिर खान ने हाल ही में बताया कि वो स्पैनिश फिल्म ‘चैंपियंस’ को सिर्फ प्रोड्यूस करेंगे. पहले वो फिल्म में एक्टिंग भी करने वाले थे. लेकिन अब उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक लेने का फैसला लिया है. उन्होंने कहा कि वो अपने परिवार को समय देना चाहते हैं.
#3. अनुराग कश्यप के साथ फिल्म करेंगे सुनील शेट्टी
पिंकविला की एक रिपोर्ट के मुताबिक अनुराग कश्यप ‘फाइल नंबर 323’ नाम की फिल्म में विजय माल्या का किरदार निभाने वाले हैं. इस फिल्म को कार्तिक के बनाएंगे. बताया जा रहा है कि सुनील शेट्टी ने भी फिल्म की कास्ट जॉइन की है और वो एक अहम किरदार निभाने वाले हैं.
#4. 2024 में रिलीज़ होने जा रही है अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’
पिंकविला की एक रिपोर्ट के मुताबिक ‘पुष्पा’ के सीक्वल ‘पुष्पा: द रूल’ को 2024 के अप्रैल या मई महीने में रिलीज़ किया जाएगा. पहले बताया गया था कि मेकर्स फिल्म को 2023 में ही रिलीज़ करना चाहते हैं. लेकिन रिपोर्ट में लिखा गया कि फिल्म के डायरेक्टर सुकुमार कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहते. वो अभी टेस्ट शूट में बिज़ी हैं और दिसम्बर से फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं.
#5. विवाद के बीच ‘कांतारा’ के गाने को हटाया गया
‘कांतारा’ फिल्म के गाने ‘वराह रूपम’ पर केरल के बैंड ताईकुड़म ब्रिज ने प्लैजरिज़्म का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा कि फिल्म बनाने वालों ने उनके गाने ‘नवरसम’ से कॉपी किया है. लीगल एक्शन लिया गया. जिसके बाद ‘वराह रूपम’ के वीडियो को यूट्यूब से डिलीट कर दिया गया है.
#6. ऑस्कर विनर को रेप केस में 10 मिलियन डॉलर का जुर्माना
‘मिलियन डॉलर बेबी’ और ‘क्रैश’ जैसी फिल्मों के लिए ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुके स्क्रीनराइटर-डायरेक्टर पॉल हैगिस को 10 मिलियन डॉलर का जुर्माना भुगतना होगा. एक महिला ने उनके खिलाफ सेक्शुअल असॉल्ट का केस किया था. जिस पर कार्रवाई करते हुए कोर्ट ने डायरेक्टर पर जुर्माना लगाया. हैगिस का कहना है कि वो निर्दोष हैं और उन्हें फंसाया जा रहा है.
वीडियो: कांतारा देखकर कर्नाटक सरकार ने क्या फैसला लिया?

.webp?width=60)

