कंगना की धाकड़ के ऐसे फ्लॉप होने की उम्मीद तो शायद उनके विरोधियों को भी नहीं थी
रिलीज के आठवें दिन देशभर में फिल्म के केवल 20 टिकट खरीदे गए. खबर के मुताबिक, इस फिल्म के मेकर्स को ओटीटी और सैटेलाइट राइट्स को बेचने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. इसके साथ ही खराब प्रदर्शन के चलते धाकड़ के कई शो भी कैंसल कर दिए गए.

पिछले हफ्ते बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangna Ranaut) की धाकड़ (Dhaakad) रिलीज हुई थी. उनकी इस मूवी से उन्हें और उनके फैंस को काफी उम्मीदें थी. हो भी क्यों ना! बताया जा रहा है कि ये देश की पहली फ़ीमेल स्पाइ थ्रिलर मूवी जो है. लेकिन जितना इस मूवी का बज बनाया गया था, उस हिसाब से इसका प्रदर्शन काफी निराश करने वाला है. इंटरनेशनल लेवल के एक्शन और अनुभवी कलाकारों के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर धाकड़ फ्लॉप साबित हुई. इस फिल्म को रिलीज हुए अब तक 8 दिन हो चुके हैं, लेकिन मूवी का कलेक्शन लगभग 3 करोड़ रुपये ही रहा है.
सिर्फ 20 टिकट ही बिकेइंडियन बॉक्स ऑफिस के ट्वीट के मुताबिक रिलीज के आठवें दिन देशभर के सिनेमा घरों में धाकड़ के सिर्फ 20 ही टिकट खरीदे गए, जिससे इस मूवी के खाते में आठवें दिन केवल 4,420 रुपये ही आए.
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक धाकड़ का बपजट 80 से 90 करोड़ के बीच बताया जा रहा है. रिपोर्ट कहती है , इस फिल्म के मेकर्स को ओटीटी और सैटेलाइट राइट्स को बेचने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. फिल्म के प्रोड्यूसरों ने इसकी रिलीज से पहले इन राइट्स को नहीं बेचा था. मेकर्स ने सोचा था कि फिल्म बड़ी हिट होगी और इसकी डील बाद में करने पर फायदा होगा. ऐसे में अब फिल्म की खराब कमाई देखकर कोई भी इसे खरीदने के लिए तैयार नहीं है.
क्या है फिल्म में?डायरेक्टर रजनीश घई की इस मूवी में कंगना ने एक महिला जासूस का किरदार निभाया है. कंगना के अलावा अर्जुन रामपाल और दिव्य दत्ता प्रमुख भूमिका में हैं. फिल्म रिव्यू करने वालों ने मूवी का प्लॉट काफी सिंपल बताया है. कहानी के बारे में बात करें तो अग्नि (कंगना रनौत) के मां-बाप को बचपन में एक आदमी मार देता है, इस हादसे से वो अंदर तक हिल जाती है. बड़े होने के बाद वो मानव तस्करी के खिलाफ काम कर रही एक एजेंसी की लीडिंग स्पाई बनती है. अपने इस मिशन में अग्नि मध्य भारत, भोपाल से लेकर मिडिल ईस्ट और बुडापेस्ट तक का सफर तय करती है. एक्शन और थ्रिलर होने के बावजूद मूवी का न चल पाने का सबसे बड़ा कारण है इसकी घिसीपिटी कहानी. मानव तस्करी पर पहले भी काफी फिल्में बन चुकी हैं. जैसे कि शिवाय, पाखी, लव सोनिया वगैरह. इस मूवी में कहानी के हिसाब से कुछ खास नहीं बताया जा रहा है.
इधर 20 मई को बॉक्स ऑफिस पर धाकड़ की टक्कर अनीस बाज़मी की 'भूल भुलैया 2' से हुई. भूल भुलैया की बात करें, तो कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी स्टारर इस मूवी ने अबतक कमाई के नाम पर 98 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं. दर्शकों को भी ये मूवी काफी पसंद आ रही है. खबर ये भी है कि धाकड़ की खराब कमाई की वजह से उसके शो कैंसिल हो गए हैं और भूल भुलैया 2 को स्क्रीन्स दे दी गई हैं.
धाकड़ का टीजर देखकर पता चल गया कंगना रनौत फिल्म में क्या रोल करेंगी

