The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Joker 2 Folie À Deux How Todd Philips Joaquin Phoenix made 200 million dollar film

'जोकर 2': शूटिंग चल रही थी, लोगों को लगा ट्रम्प को गिरफ्तार कर लिया है!

Todd Philips ने Joaquin Phoenix को लेकर 1674 करोड़ रुपये में Joker 2 बनाई है. बस इसके साथ एक बड़ा रिस्क जुड़ा है.

Advertisement
pic
28 जुलाई 2024 (पब्लिश्ड: 08:09 PM IST)
joker 2 joaquin phoenix
'जोकर 2' 04 अक्टूबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

साल 2019 में DC की फिल्म Joker रिलीज़ हुई. लीड रोल में Joaquin Phoenix थे. Todd Philips के निर्देशन में बनी ये फिल्म पूरी तरह से मुख्यधारा वाले DC यूनिवर्स से अलग थी. 60 मिलियन डॉलर के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 1 बिलियन डॉलर का बिज़नेस किया. ये वो समय था जब वॉर्नर ब्रदर्स की मेजर सुपरहीरो फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पा रही थीं. यूनिवर्स किस दिशा में आगे बढ़ेगा, उसे लेकर सिर्फ अनिश्चितता थी. ऐसे में एक विलन आता है, सीमित बजट की फिल्म लेकर और बॉक्स ऑफिस के सभी समीकरणों को औंधे मुंह नीचे पटक देता है. 

‘जोकर’ के चलने के पीछे कई वजह बताई गईं. वॉकीन फीनिक्स की एक्टिंग को दशक के सबसे बेहतरीन कामों में गिना जाने लगा. किसी को लगा कि फिल्म जिस तरह समाज और उसमें उपजने वाली हिंसा पर कमेंट्री करती है, वो ऑडियंस को हिट कर गया. वजह चाहे कोई भी हो, लेकिन परिणाम देखकर वॉर्नर ब्रदर्स ने फैसला लिया कि वो इस फिल्म का सीक्वल बनाएंगे, और इसे किसी हीरो के नाम पर बेचने की कोशिश नहीं करेंगे. यहां जोकर की कहानी ही चलेगी. टॉड फिलिप्स को फिर से निर्देशन की ज़िम्मेदारी सौंपी गई. उन्हें पूरी स्वतंत्रता दे दी गई, कि तुम अपने हिसाब से फिल्म बनाओ. 

टॉड फिलिप्स ने क्रीज़ लाइन से बाहर निकलकर बल्लेबाज़ी करने की ठानी. तय किया कि वो इसे एक म्यूज़िकल की तरह बनाएंगे. यानी गाने-बजाने से युक्त फिल्म. इसी के चलते फिल्म में 15 कवर सॉन्ग होंगे. फिल्म के बजट के साथ भी पूरी लिबर्टी ली गई. जहां पिछली फिल्म को बनाने में 60 मिलियन डॉलर लगे थे, वहीं ‘जोकर 2’ का बजट 200 मिलियन डॉलर पहुंच गया. रुपये में ये करीब 1674 करोड़ होता है. ये कितना बड़ा अमाउंट है, इसका अंदाज़ा इस बात से लगा लीजिए कि क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म ‘ओपनहाइमर’ का बजट इससे आधा था. 

टॉड फिलिप्स ने इतने भारी बजट में एक म्यूज़िकल स्टोरी को पिरोने की कोशिश की है. या तो ये एक्सपेरिमेंट ऑडियंस को भा जाएगा, वरना कट्टर फैन्स बिफर पड़ेंगे. बीच के किसी भी रिएक्शन के लिए कोई जगह नहीं. ‘जोकर 2’ का ऑफिशियल टाइटल ‘जोकर: फोली अ डू’ है. इसका मतलब है दो लोगों के बीच शेयर की गई मानसिक बीमारी या भ्रम. इन दो लोगों में से पहली कड़ी आर्थर फ्लेक है. दूसरी है हार्ली क्विन. उसका रोल सिंगर और एक्टर लेडी गागा ने किया है. 

कॉमिक्स में जोकर और हार्ली की जोड़ी मिलकर बहुत कोहराम मचाती है. ‘जोकर 2’ में भी ये लग कुछ ऐसा ही करने वाले हैं. हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज़ हुआ. दिखाया गया कि आर्थर को गिरफ्तार कर लिया जाता है. जब न्यूयॉर्क में ये सीन फिल्माया जा रहा था, तो स्थानीय निवासियों को लगा कि डोनाल्ड ट्रम्प को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस सीन के दौरान दिखाया गया कि लोग जोकर की गिरफ़्तारी का विरोध करते हैं. नारेबाज़ी होती है. विडंबना ये है कि इससे ठीक एक दिन पहले वहां से थोड़ी दूरी पर ट्रम्प के समर्थक जमा हुए थे. रियल और रील वाली लाइन काफी हद तक ब्लर हो गई. खैर ट्रेलर में दिखता है कि आर्थर का कोर्टरूम ट्रायल होता है. कुछ लोग उसे क्रिमिनल की तरह देखते हैं, तो कुछ उसे अपना मसीहा मानते हैं. 

शहर की चेतना पर चोट पड़ती है. पूरी व्यवस्था हिल जाती है. जोकर इस बार किस लेवल की दहशत मचाएगा, वो देखने लायक होगा, क्योंकि वो इसी समाज का, हमारे बीच का ही एक चेहरा है. या फिर ये सब उसके दिमाग में चल रहा है. वास्तविकता से इसका कोई राबता नहीं. ये सारी चीज़ें फिल्म आने पर ही साफ होंगी. बता दें कि ‘जोकर: फोली अ डू’ 04 अक्टूबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.                             
 

वीडियो: ऑस्कर 2020: पैरासाइट बेस्ट फिल्म रही, तो जोकर वाले वाकीन फीनिक्स को मिला बेस्ट एक्टर का अवार्ड

Advertisement

Advertisement

()