रजनीकांत की 'जेलर' देखने के लिए कम्पनी ने ऑफिस में छुट्टी ही दे डाली, फ्री में टिकट भी बांट रही
रजनीकांत की फिल्मों का साउथ में अलग ही जलवा रहता है.

रजनीकांत देश के बहुत बड़े सुपरस्टार हैं. लेकिन साउथ में उनके लिए अलग लेवल का क्रेज़ है. उनके बारे में कहा जाता है कि रजनी के साउथ में मन्दिर तक हैं. सोचिए ऐसी जबर फैन फ़ॉलोइंग वाले स्टार की फिल्म आ रही हो, तो क्या मंज़र होगा! 10 अगस्त को उनकी फिल्म 'जेलर' रिलीज होनी है. कोई मोई के मुताबिक 10 अगस्त को रिलीज़ होने वाली इस फिल्म की करीब 09 करोड़ की एडवांस टिकटें बिक चुकी हैं. पहले दिन 'जेलर' 10 करोड़ की ओपनिंग ले सकती है. अब एक खबर आ रही है कि 'जेलर' रिलीज के दिन ऑफिसों में छुट्टी अनाउंस की गई है.
रजनीकांत दो साल के बाद फ़िल्मी पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. इसलिए भी फैन काफी उत्साहित हैं. ट्विटर पर हल्ला कटा हुआ है. Economic Times के अनुसार चेन्नई और बेंगलुरु के कई ऑफिसेस में 10 अगस्त को छुट्टी रखी गई है. क्योंकि 'जेलर' इसी दिन रिलीज हो रही है.
एक यूजर ने Uno Aqua Care का लेटर शेयर किया. इसमें कहा गया है
सुपरस्टार रजनी की फिल्म 10 अगस्त को रिलीज हो रही है. इसलिए हम इस दिन छुट्टी अनाउंस कर रहे हैं.
लेटर में इसका कारण बताया गया है पाइल्ड-अप लीव्स. यानी एचआर डिपार्टमेंट के पास भारी संख्या में बहाने वाली लीव एप्लिकेशंस आएं, उससे बढ़िया हम छुट्टी ही दे दें. इस लेटर में आगे एक बड़ी समझदारी की बात कही गई है. मेकर्स फिल्म की पाइरेसी से परेशान रहते हैं. इसका इस कम्पनी को भी ख्याल है. इसलिए पाइरेसी को रोकने के लिए कंपनी अपने कर्मचारियों को 'जेलर' के फ्री टिकट भी दे रही है. Uno Aqua Care ने चेन्नई, बेंगलुरु समेत अपनी आठ ब्रांचेज के लिए यही सुविधा लागू की है.
ऐसा कहा जा रहा है कि पहले दिन रजनीकांत की पिक्चर के लिए कर्नाटक में 90 प्रतिशत सीटें भरी रहेंगी. ये एक शानदार शुरुआत होगी. भारत में फिल्म 10 करोड़ के आसपास ओपनिंग लेगी. टाइम्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक 'जेलर' ओवरसीज कमाई में भी फोड़ेगी. 'जेलर' 2023 में रिलीज हुई इंडियन फिल्मों में से यूएस की सबसे अच्छी ओपनिंग पाने वाली फिल्म हो सकती है. खबरें हैं कि भारत के बाहर भी 'जेलर' की 10 करोड़ की कमाई एडवांस बुकिंग से ही हो गई है.
बताया जा रहा है कि रजनीकांत फिल्म में जेलर बने हैं. ‘जेलर’ को बनाया है नेल्सन दिलीपकुमार ने. वो इससे पहले विजय को लेकर ‘बीस्ट’ बना चुके हैं. उसे काफी ठंडा रिस्पॉन्स मिला था. हालांकि नेल्सन की साल 2021 में एक फिल्म आई थी. टाइटल था ‘डॉक्टर’. सिनेमाघर हो या ओटीटी, दोनों ही ऑडियंस ने फिल्म को खासा पसंद किया था. ‘जेलर' में रजनीकांत के साथ मोहनलाल, जैकी श्रॉफ और शिवराज कुमार जैसे एक्टर्स ने भी काम किया है.
वीडियो: 'जेलर' में इस बाहुबली स्टार के साथ 20 साल बाद काम करेंगे रजनीकांत

