टाइगर श्रॉफ और वरुण धवन को लेकर एक्शन फिल्म डायरेक्ट करने जा रहे हैं करण जौहर?
इससे पहले भी करण, टाइगर के साथ 'स्क्रू ढीला' और वरुण के साथ 'रणभूमि' नाम की पिक्चर बनाने वाले थे. मगर वो फिल्में नहीं बन पाईं.

23 मई को Karan Johar की कंपनी Dharma Productions के एक हैंडल से ट्वीट आया. इसमें बताया गया कि 7 साल बाद करण जौहर डायरेक्टर की कुर्सी पर वापस लौट रहे हैं. 25 तारीख को करण का बर्थडे होता है. उसी मौके पर एक बड़ी अनाउंसमेंट होगी. पब्लिक एक्साइटेड हो गई. अटकलें लगने लगीं. किसी ने कहा, कहीं ये Salman Khan वाली फिल्म तो नहीं. पब्लिक ने कई और गेस भी मारे. मगर कुछ भी सही नहीं निकला. सिनेमा पोर्टल ने खबर चलाई कि ये एक एक्शन फिल्म की अनाउंसमेंट होगी. इसमें Varun Dhawan और Tiger Shroff लीड रोल्स करेंगे.
इसमें से कोई भी अंदाज़ा सही नहीं हुआ. 24 को धर्मा ने ये अनाउंस किया कि वो करण के बर्थडे पर Rocky Aur Rani Ki Prem Kahani का फर्स्ट लुक रिलीज़ करेंगे. ये एक पारिवारिक फिल्म बताई जा रही है, जिसके नेपथ्य मे प्रेम कहानी घटेगी. इस पिक्चर में रणवीर सिंह, आलिया भट्ट, धर्मेंद्र, जया बच्चन और शबाना आज़मी जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. फिल्म 28 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. 'ऐ दिल है मुश्किल' के बाद करण ने इसी फिल्म से डायरेक्शन में वापसी की है.
ये अनाउंसमेंट सलमान वाली फिल्म के बारे में कभी नहीं थी. क्योंकि उस फिल्म को करण सिर्फ प्रोड्यूस करेंगे. मगर टाइगर और वरुण वाली एक्शन फिल्म का क्या सीन! अभी धोषणा नहीं हुई, इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि वो फिल्म बन ही नहीं रही. बॉलीवुड हंगामा में छपी एक रिपोर्ट में बताया गया कि करण जौहर, बतौर डायरेक्टर अब अपना गीयर बदलना चाहते हैं. उन्होंने फैमिली ड्रामा और लव स्टोरीज़ बहुत बना लीं. अब वो एक्शन फिल्मों पर हाथ आज़माना चाहते हैं. इन दिनों वैसे भी एक्शन फिल्मों को जोर है. दो हीरो वाली फिल्में भी ट्रेंड में आ गई हैं.
इसी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से आगे बताया गया कि करण की इस फिल्म में वरुण धवन और टाइगर श्रॉफ लीड रोल्स कर सकते हैं. क्योंकि टाइगर ने एक्शन ज़ॉनर में खुद को स्थापित कर लिया. वरुण ने भी कई एक्शन बेस्ड फिल्मों में काम किया है. मगर उनकी अधिकतर फिल्में एक्शन ड्रामा या एक्शन कॉमेडी रही हैं. फुल पावर एक्शन उन्होंने अभी तक नहीं किया. मगर उन्होंने साबित कर दिया है कि उनमें एक्शन हीरो बनने वाले गुण तो हैं. इसी वजह से करण इन दोनों के साथ फिल्म बनाना चाहते हैं.

फिलहाल करण ने इस फिल्म के लिए हीरो के नाम ही फाइनल किए हैं. जल्द ही फिल्म की हीरोइनों की भी कास्टिंग होगी. अनाउंसमेंट भले अभी नहीं हुई है. मगर जल्द ही मेकर्स ये फिल्म अनाउंस करेंगे. इससे पहले ये भी खबर थी कि करण जौहर, टाइगर के साथ 'स्क्रू ढीला' नाम की फिल्म बनाने जा रहे हैं. मगर वो प्रोजेक्ट उठा ही नहीं. वरुण धवन भी करण के प्रोडक्शन में 'रणभूमि' नाम की एक फिल्म में काम करने वाले थे. मगर वो फिल्म भी वर्क आउट नहीं हुई. अब देखना ये होगा कि टाइगर और वरुण वाली फिल्म कब तक बनती है.
वीडियो: सलमान खान ने इससे पहले करण जौहर के साथ शाहरुख खान की फिल्म में काम किया था

.webp?width=60)

