The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Is Hrithik Roshan is collaborating with the daaku maharaj director Bobby koli film?

'डाकू महाराज' के डायरेक्टर की फिल्म में काम करेंगे ऋतिक रोशन?

ऋतिक रोशन और बॉबी कोली की मीटिंग का क्या नतीजा निकला?

Advertisement
pic
6 मार्च 2026 (अपडेटेड: 6 मार्च 2026, 06:56 PM IST)
HRITHIK ROSHAN, DAAKU MAHARAJ,
ऋतिक रोशन, KGF और 'कांतारा' वाली होमबाले फिल्म्स के साथ भी एक पिक्चर करने वाले हैं.
Quick AI Highlights
Click here to view more

क्या ‘डाकू महाराज’ के डायरेक्टर की फिल्म करने जा रहे हैं Hrithik Roshan? Salman Khan और Sooraj Barjatya एक बार फिर साथ काम करने जा रहे हैं? और Ranveer Singh की Dhurandhar- The Revenge का ट्रेलर कब आएगा? ऐसी और फिल्मी खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें: 

# 98वें ऑस्कर में अवॉर्ड प्रेज़ेंट करेंगी प्रियंका चोपड़ा

98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स के थर्ड राउंड के प्रेज़ेंटर्स के नाम अनाउंस हो गए हैं. इसमें रॉबर्ट डाउनी जूनियर, ऐन हैथवे, पॉल मेस्कल, प्रियंका चोपड़ा, विल आर्नेट और ग्वेनेथ पैल्ट्रो के नाम शमिल हैं. इससे पहले जिन प्रेज़ेंटर्स के नाम अनाउंस हुए थे उनमें एड्रियन ब्रोडी, क्रिस एवंस, माइकी मैडिसन, डेमी मूर और ज़ोई सैल्डाना सहित और भी कई बड़े नाम शामिल हैं. ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी 15 मार्च को होगी. भारत में इसका लाइव टेलीकास्ट 16 मार्च, सुबह 4.30 बजे से देखा जा सकेगा.

# 'द बॉयज़' के आखिरी सीजन का ट्रेलर आया

एमेजॉन प्राइम वीडियो के चर्चित शो 'द बॉयज़' के पांचवें और आखिरी सीजन का ट्रेलर आ गया है. इस बार कहानी वहीं से शुरू होगी, जहां पिछला सीजन खत्म हुआ था. होमलैंडर अब एक ऐसा सीरम चाहता है, जो उसे अमर कर दे. साथ ही उसकी महत्वकांक्षाओं से भी बड़ी हो चली हैं. ट्रेलर के एक सीन में वो ओवल ऑफिस में अमेरिका का राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठा हुआ है. वहीं बिली बुचर एक ऐसा वायरस इस्तेमाल करना चाहता है, जो धरती से सभी सुपरहीरोज़ को मिटा देगा. इनमें से कौन अपने मक़सद में कामयाब होता है, ये मालूम चलेगा 8 अप्रैल को. इस दिन शो के पहले दो एपिसोड्स रिलीज़ होंगे. उसके बाद हर हफ्ते इसका एपिसोड रिलीज़ किया जाएगा. 'द बॉयज़' के आखिरी सीजन का आखिरी एपिसोड 20 मई को रिलीज़ होगा.

# सलमान को लेकर फिल्म बनाएंगे सूरज बड़जात्या?

सलमान खान एक बार फिर सूरज बड़जात्या की फिल्म में नज़र आ सकते हैं. हाल ही में फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में सूरज बड़जात्या ने कहा कि सलमान के साथ उनकी नई फिल्म के लिए थोड़ा इंतज़ार करना होगा. उन्होंने कहा कि शुरुआती फिल्में यानी 'मैंने प्यार किया' और 'हम आपके हैं कौन' वाले रोल उन्होंने सलमान को ज़ेहन में रखते हुए ही लिखे थे. अब एक बार फिर सलमान और सूरज बड़जात्या की जुगलबंदी देखने में वक्त लगेगा.

# रणबीर ने शुरू की 'रामायण 2' की शूटिंग, जल्द जुड़ेंगे सनी

रणबीर कपूर ने 'रामायण 2' की शूटिंग शुरू कर दी है. पिंकविला के मुताबिक, फिलहाल शूट मुंबई के एक स्टूडियो में हो रहा है. मार्च में 'लव एंड वॉर' के शूट का एक और शेड्यूल शुरू होने वाला था. मगर संजय लीला भंसाली की तबीयत नासाज़ होने की वजह से 'लव एंड वॉर' का शूट टल गया. अब इसकी शूटिंग मई में ही शुरू हो सकेगी. इस विंडो में रणबीर 'रामायण 2' की शूटिंग कर रहे हैं. फिल्म के सेकेंड पार्ट में भगवान राम और हनुमान जी के कई सीन साथ में हैं. इसलिए 20 मार्च के आसपास सनी देओल भी 'रामायण 2' की शूटिंग से जुड़ेंगे. फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा दिवाली 2027 को रिलीज़ होगा.

# 'डाकू महाराज' के डायरेक्टर की फिल्म करेंगे ऋतिक?

स्क्रीन राइटर कोना वेंकट ने आई ड्रीम मीडिया को इंटरव्यू दिया. इसमें उन्होंने कहा कि ऋतिक रोशन तेलुगु फिल्म 'डाकू महाराज' के डायरेक्टर बॉबी कोली की फिल्म में नज़र आ सकते हैं. उन्होंने कहा, "मैं, बॉबी कोली और राइटर के. चक्रवर्ती ऋतिक से मिले. दो घंटे की इस मीटिंग में हमने उन्हें स्टोरी नरेट की. उन्हें कॉन्सेप्ट बहुत पसंद आया." हालांकि दी हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में ऐसी किसी डेवलपमेंट का खंडन किया है. इस रिपोर्ट में बताया गया कि जिस मीटिंग की बात कोना वेंकट कर रहे हैं, वो काफी समय पहले हुई थी. मगर चीज़ वर्क आउट नहीं हो पाईं. इसलिए फिलहाल ऋतिक, बॉबी कोली की फिल्म में काम नहीं कर रहे.

# 'धुरंधर- द रिवेंज' का ट्रेलर कब आएगा, पता चल गया

रिपोर्ट्स थीं कि 6 मार्च को 'धुरंधर 2' का ट्रेलर रिलीज़ किया जाएगा. मगर 6 मार्च को रणवीर ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनकी फिल्म का ट्रेलर 7 मार्च की सुबह 11 बजकर 01 मिनट पर आएगा. 'धुरंधर 2' को हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ा और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज़ किया जाएगा. ये फिल्म 19 मार्च को थिएटर्स में उतरेगी.
 

वीडियो: ऋतिक रोशन की 'कृष 4' नहीं बनेगी, बजट है वजह?

Advertisement

Advertisement

()