The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • In latest Ask SRK session Shahrukh Khan answers about his salary and Pathaan disaster quetions

#AskSRK में फैन ने कहा, 'पठान' डिज़ास्टर होगी, रिटायरमेंट ले लो'; शाहरुख ने टाइट कर दिया

शाहरुख खान ने अपनी महीने की कमाई, सलमान खान, आलिया भट्ट और ऋषभ पंत से जुड़े सवालों के भी जवाब दिए.

Advertisement
pic
4 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 4 जनवरी 2023, 06:09 PM IST)
shahrukh khan, ask srk,
सॉफ्ट ड्रिंक के नए ऐड में शाहरुख खान.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Shahrukh Khan ने ट्विटर पर 13 साल पूरे कर लिए हैं. इस खुशी में #AskSRK का आयोजन किया गया. इस बार अच्छे-बुरे हर किस्म के सवाल पूछे गए और शाहरुख ने बढ़िया जवाब दिया. Thalapathy Vijay से लेकर Rishabh Pant के एक्सीडेंट, शाहरुख की कमाई और Pathaan को रिलीज़ से पहले ही डिज़ास्टर घोषित करने वाले, सबको जवाब मिला. और करार जवाब मिला. इंट्रो हो गया, अब सीधे मेन मसले पर पहुंचते हैं.

शाहरुख ने #AskSRK शुरू करने से पहले ही कह दिया था कि वो कोई सीरियस सवाल नहीं लेना चाहते. क्योंकि नया साल थोड़े हल्के-फुल्के अंदाज़ में शुरू करने का प्लान है. अब नीचे आपको लोगों के सवाल और उस पर शाहरुख के जवाब जानने को मिलेंगे.

1) जयंत कुमार ने पूछा कि 'जवान' और 'डंकी' के बाद क्या होगा? शाहरुख ने कहा-

''ढेर सारा खाली वक्त.''

2) अति-उत्साह में एक भाई साहब ने कहा कि सर 'पठान' का टीज़र रिलीज़ कर दो. शाहरुख ने कहा-

''हां तुमने कह दिया, मैं अभी कर देता हूं. प्रोड्यूसर लोग अपने दफ्तर में बैठकर काम और प्लानिंग करते रहें और मैं आपके लिए कर दूं? ऐसे थोड़ी होता है!!!''

हालांकि ऐसी खबरें आ रही हैं कि 10 जनवरी को 'पठान' का ट्रेलर रिलीज़ किया जाना है.  

3) एक फैन ने पूछा थलपति विजय के बारे में कुछ कहिए. शाहरुख का जवाब आया-

''बड़े प्यारे और चुप रहने वाले शख्स हैं. बहुत अच्छा डिनर भी खिलाया था मुझे...''

4) फिर हुई भाई फैन की एंट्री. उनने पूछा, 'पठान' में सलमान खान की एंट्री कब होगी. जवाब मिला-

''पठान इंटरैक्टिव पिक्चर है. जब आपको फिल्म में भाई को बुलाने का मन हो, टिकट पर बना QR कोड स्कैन करिए. वो फिल्म में आ जाएंगे.''

ज़ाहिर तौर पर सारकाज़्म था. मगर 'पठान' में सलमान खान की एंट्री क्लाइमैक्स में होती बताई जा रही है. और हां हमारे यहां ऑफलाइन बुक की गई टिकटों पर QR कोड नहीं होता. ऑनलाइन बुक किए गए टिकटों में होता है.

5) ऋषि नाम के यूज़र ने पूछा कि शाहरुख खान को आलिया सिर्फ SR क्यों बुलाती हैं. इसके जवाब में शाहरुख ने लिखा-

''हो सकता है इसका मतलब स्वीट और रोमैंटिक हो, या शायद सीनियर और रेस्पेक्टेड. या सिर्फ शाह रुख.''

इस ट्वीट पर तुरंत आलिया का कमेंट आया. उन्होंने लिखा-

''मुझे लगता है स्वीट एंड रेस्पेक्टेड. मगर 25 जनवरी से मैं आपको पठान बुलाना शुरू करूंगी. देखा मैं कितनी क्रिएटिव हूं.''

इस पर शाहरुख खान ने लिखा-

''तय रहा. और अब से मैं तुम्हें छोटी अम्मा भट्ट कपूर बुलाऊंगा.''

6) एक भाई ने लिखा, ऋतिक आज कल अपनी बॉडी दिखा रहा... आपको चैलेंज कर रहा है डुग्गु. एक रिप्लाई दे दो उसे. जवाब में शाहरुख ने लिखा-

''अरे डुग्गु बॉडी के मामले में मेरा इंस्पिरेशन है.''

7) फिर आया सवाल कि शाहरुख खान एक महीने में कितना कमा लेते हैं. यहां शाहरुख ने मजमा लूटने वाला जवाब दिया. उन्होंने लिखा-

''प्यार बेशुमार कमाता हूं. हर दिन.''

8) अक्षय कुमार के एक फैन आए. उनकी आई डी है @akki_lovers. उन्होंने लिखा कि 'पठान' ऑलरेडी डिज़ास्टर है. शाहरुख को रिटायरमेंट ले लेना चाहिए. शाहरुख खान ने कहा-

''बेटा बड़ों से ऐसे बात नहीं करते.''  

9) ऋषभ पंत के एक्सीडेंट पर बात आई. एक शख्स ने कहा कि शुभकामनाएं भेजिए कि वो जल्दी से ठीक हो जाएं. शाहरुख ने कहा-

''इंशाअल्लाह, वो जल्द ही ठीक हो जाएंगे. फाइटर और टफ आदमी हैं.''

10) एक यूज़र ने लिखा कि शाहरुख से रिप्लाई पाने के चक्कर में उन्होंने दो शादियां कर लीं. दोनों पत्नियां प्रेग्नेंट भी हो गईं. अब तो शाहरुख रिप्लाई दे दें. शाहरुख ने रिप्लाई में लिखा-

''अब तो बेटा बीवियां ही रिप्लाई देंगी तुझे.''

11) मना करने के बावजूद कुछ लोग जटिल और विवादित टाइप सवाल ले ही आते हैं. एक भाई ने पूछा कि शाहरुख की फैमिली तो कश्मीर से आती है. फिर अपने नाम में वो खान क्यों लगाते हैं. शाहरुख ने जवाब दिया-

''पूरी दुनिया मेरी फैमिली है. फैमिली के नाम से नाम नहीं होता. काम से नाम होता है. छोटी बातों में मत पड़ो प्लीज़.''

इसके बाद हैप्पी न्यू ईयर बोलकर शाहरुख ने विदाई ले ली. शाहरुख खान ने पिछले दो-तीन सालों में शायद ही एकाध #AskSRK सेशन किया होगा. मगर 'पठान' के अनाउंस होने के कुछ ही महीनों में ये उनका तीसरा #AskSRK सेशन है. खैर, पिक्चर 25 जनवरी को आ रही है. उसमें शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी काम कर रहे हैं. 'पठान' को डायरेक्ट किया है सिद्धार्थ आनंद ने. 

वीडियो: शाहरुख खान की पठान का बॉयकॉट करने वालों का मज़ाक उड़ाते वायरल वीडियो की सच्चाई ये है

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()