हॉलीवुड की 5,877 करोड़ रुपये की सीरीज़ में ऋतिक रोशन होंगे?
The Lord of the Rings: The Rings of Power 2 इस साल 29 अगस्त से एमेज़ॉन प्राइम वीडियो पर आने वाला है.

The Lord of the Rings: The Rings of Power का दूसरा सीज़न 29 अगस्त से Prime Video पर रिलीज़ होने वाला है. ये एमेज़ॉन प्राइम वीडियो की सबसे महंगी सीरीज़ है. अब 'द रिंग्स ऑफ पावर' के मेकर्स ने शो पर बात की है. साथ ही इस बिग बजट सीरीज़ में ऋतिक रोशन को कास्ट करने की भी बात की.
'द रिंग्स ऑफ पावर' के दूसरे सीज़न के शो रनर J. D. Payne ने पिंकविला से बातचीत की. जब उनसे इंडियन एक्टर्स पर बात की गई तो उन्होंने अपनी और ऋतिक रोशन की पहली मुलाकात का किस्सा सुनाया. साथ ही कहा कि शो में हमेशा ही अवसर खुले हुए हैं. अगर कभी कोई सही रोल मिला तो ऋतिक रोशन को कास्ट किया जा सकात है. जेडी ने कहा,
''आखिरी बार जब मैं मुंबई में था तो ऋतिक रोशन से मिला. वो बेहद असाधारण शख्स हैं. हां दरवाज़े हमेशा खुले हुए हैं. कभी कोई सही रोल मिला तो क्या पता उन्हें भी कास्ट कर लिया जाए, संभावनाएं तो हमेशा रहती ही हैं.''
वैसे 'रिंग्स ऑफ पावर' के दूसरे सीज़न का बजट करीब 700 मिलियन डॉलर यानी करीब 5 हज़ार 877 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. डेडलाइन डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक इस पैसे में मेकिंग से लेकर J.R.R. Tolkien से राइट्स लेने और इसके प्रमोशन का पैसा जुड़ा हुआ है. जो अपने आप में बहुत ज़्यादा है. वैसे एमेज़ॉन प्राइम वीडियो ने पहले ही अनाउंस किया था कि वो इस सीरीज़ पर सबसे ज़्यादा पैसा लगाने वाले हैं.
'द लॉर्ड ऑफ रिंग्स-द रिंग्स ऑफ पावर' जे. आर. आर. टॉल्किन की रुमानी और फैंटेसी दुनिया और ताकतवर रिंग्स से पहले की कहानी है. 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स - द रिंग्स ऑफ पावर', 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' और 'द हॉबिट' फिल्म फ्रेंचाइज़ की प्रीक्वल सीरीज़ होगी. इसके पहले सीज़न को मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था. शो में दिखाए गए विहंगम दृश्य, अजीब तरीके के क्रिएचर्स तो लोगों को पसंद आए मगर स्टोरी टेलिंग को कुछ लोगों ने ठीक नहीं बताया.
अब देखना होगा इसका दूसरा सीज़न लोगों को कितना पसंद आता है.
वीडियो: 'War 2' में ऋतिक रोशन का चौचक इंट्रो सीन, फिल्म मेकर्स ने की है खास तैयारी

