ऋतिक रौशन ने कहा, 'वॉर की शूटिंग के दौरान ऐसा लग रहा था मैं मर जाऊंगा'
''कुछ रातों को जब मैं लौटकर घर आता था, तो मैं श्योर नहीं होता था कि मैं सुबह जागूंगा या नहीं.''

Hrithik Roshan ने हालिया इंटरव्यू में बताया कि War की शूटिंग के दौरान वो बड़े बीमार महसूस कर रहे थे. उन्हें ऐसा लग रहा था कि वो मर जाएंगे. क्योंकि वो फिल्म में अपने किरदार के लिए परफेक्ट होना और दिखना चाहते थे. 'वॉर' ऋतिक रौशन के करियर की सबसे सफल फिल्मों में से एक रही. फिल्म ने देशभर से 300 करोड़ रुपए का बिज़नेस किया था. इसमें ऋतिक ने एक स्पाई का रोल किया था. सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में टाइगर श्रॉफ और वाणी कपूर ने भी काम किया था.
ऋतिक रौशन ने हाल ही में फिटनेस ट्रेनर क्रिस गेटिन (Kris Gethin) को एक इंटरव्यू दिया. यहां उन्होंने अपनी बॉडी और हेल्थ के बारे में बात की. उनका कहना था कि कहा कि 'वॉर' फिल्म की जो मांग थी, वो इसके लिए तैयार नहीं थे. इस बाबत विस्तार से बात करते हुए वो कहते हैं-
''ये मेरी उम्र की बात थी. मेरी बॉडी की बात थी. मुझे ऐसा लगा कि मैं मर रहा हूं. कुछ रातों को जब मैं (शूटिंग/ट्रेनिंग से) लौटकर घर आता था, तो मैं श्योर नहीं होता था कि मैं सुबह जागूंगा या नहीं.''
क्योंकि 'वॉर' फिल्म के लिए खुद को तैयार करना उन्हें 'बहुत बड़ा चैलेंज' लग रहा था. 'वॉर' से पहले ऋतिक 'सुपर 30' नाम की फिल्म में नज़र आए थे. ये मैथेमटिशियन आनंद कुमार की बायोपिक थी. इस फिल्म में उन्हें एक बल्की शरीर वाले लुक में दिखना था. जबिक 'वॉर' में उन्हें सिक्स पैक ऐब्स चाहिए थे. ऋतिक का कहना है कि वो हमेशा चीज़ों को परफेक्ट तरीके से करना चाहते हैं. मगर इस बार उन्हें ये डर सता रहा था कि फिल्म की मांग के मुताबिक अगर वो खुद को तैयार नहीं कर पाए, तो क्या होगा. कहीं लोगों को ये तो नहीं लगने लगा कि वो वैसे नहीं रहे, जैसे हुआ करते थे.
हालांकि ये सोचना बहुत टॉक्सिक तरीका है. ये बात ऋतिक को भी इस प्रोसेस के दौरान समझ आई. वो कहते हैं-
''मैं परफेक्शन के चक्कर में अपने भीतर कुछ बर्बाद कर रहा था. और मेरा मानना है कि उस चीज़ का असर मेरे दिमाग और शरीर दोनों पर पड़ा. क्योंकि इस फिल्म के बाद मैं एड्रेनल फटीग (adrenal fatigue) में चला गया. इस वजह से अगले 3-4 महीनों तक मैं ट्रेनिंग नहीं कर पाया. मुझे अच्छा सा नहीं लग रहा था. मैं डिप्रेशन की कगार पर पहुंच चुका था. मैं एकदम ग़ुम हुआ सा महसूस कर रहा था. तब मुझे ये अहसास हुआ कि मुझे अपनी लाइफ में बदलाव की ज़रूरत है.''
एड्रेनल फटीग एक मेंटल कंडिशन है. ये लंबे समय तक होने वाले गंभीर स्ट्रेस की वजह से पनपता है. इसकी वजह से लोगों को ब्रोंकाइटिस, फ्लू, न्यूमोनिया, डिप्रेशन और एंग्ज़ाइटी अटैक्स हो सकते हैं. ऋतिक इसी सिचुएशन से गुज़र रहे थे. मगर वो अपने जीवन में ज़रूरी बदलाव लेकर आए. इसलिए अब वो बेहतर मानसिक अवस्था में हैं.
ऋतिक रौशन इन दिनों दीपिका पादुकोण और अनिल कपूर के साथ फिल्म 'फाइटर' की शूटिंग में व्यस्त हैं. इस फिल्म को भी सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट कर रहे हैं. 'फाइटर' 25 जनवरी, 2024 को रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड है.
रामायण में ऋतिक, दीपिका और महेश बाबू समेत कौन से एक्टर्स काम कर सकते हैं?

