"30 पैसे प्रति रुपए" - अल्लू अर्जुन के एक सिंपल फंडे ने उन्हें देश का हाइएस्ट पेड एक्टर बना दिया
इस हिसाब से देखें तो अल्लू अर्जुन को 'पुष्पा 2' के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक की फीस मिली थी.

Allu Arjun देश के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक हैं. उनकी लास्ट दो रिलीज़ यानी Pushpa और Pushpa 2 ने बॉक्स ऑफिस पर टोटल 2092 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. इस कमाई ने अर्जुन को देश का हाइएस्ट पेड एक्टर भी बना दिया. लंबे समय तक चर्चा थी कि उन्हें 'पुष्पा 2' के लिए 300 करोड़ रुपये की फीस मिली थी. पर सच्चाई कुछ और ही है. खबर है कि अर्जुन ने इस फिल्म के जरिए 500 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे. ऐसा होने के पीछे उनके एक तगड़े रेवेन्यू मॉडल को क्रेडिट दिया जा सकता है.
यदि आपको ऐसा लग रहा है कि अर्जुन को इतने पैसे बतौर सैलरी मिले, तो आप गलत हैं. इसमें संदेह नहीं कि फिल्म इंडस्ट्री में ज्यादातर एक्टर्स सैलरी बेसिस पर काम करते हैं. वहीं शाहरुख खान-आमिर खान जैसे बड़े सुपरस्टार्स फिल्म के प्रॉफ़िट से अपनी हिस्सेदारी लेते हैं. मगर अर्जुन ये दोनों ही सिस्टम फॉलो नहीं करते. उनका अपना एक रेवेन्यू शेयरिंग फंडा है जहां उन्हें प्रति रुपये 30 पैसे मिलते हैं. इस बात की जानकारी नेशनल अवॉर्ड विनिंग राइटर-प्रोड्यूसर G धनंजयन ने दी. एक इंटरव्यू के दौरान वो कहते हैं,
"अल्लू अर्जुन फिल्म की टोटल कमाई में से हर एक रुपये पर 30 पैसे लेते हैं. अगर फिल्म 1000 करोड़ रुपये कमाती है, तो उन्हें 300 करोड़ रुपये मिलेंगे. अगर फिल्म सिर्फ 500 करोड़ रुपये कमाती है, तो उन्हें केवल 150 करोड़ रुपये मिलेंगे. उन्हें इस बात से कोई दिक्कत नहीं."
धनंजयन आगे बताते हैं,
"इसमें प्रॉफ़िट को लेकर अलग से कोई बात नहीं होती. न ही कोई फिक्स सैलरी होती है. अल्लू अर्जुन मेकर्स से फीस को लेकर कोई चर्चा नहीं करते. लेकिन ये एक बहुत अच्छा मॉडल है. इससे प्रोड्यूसर्स पर दबाव कम हो जाता है और फिल्म का टोटल बजट भी घट जाता है. मान लीजिए कि फिल्म का बजट 75 करोड़ है, तो इस मॉडल से करीब 25 करोड़ तक की बचत हो जाती है. इससे प्रोड्यूसर को कम लोन लेना पड़ेगा और उसका इंट्रेस्ट रेट भी कम आएगा. साथ ही फिल्म अपनी लागत जल्द निकाल लेगी और उसके बाद मुनाफा कमाना आसान हो जाएगा."
जैसा कि हमने पहले भी बताया, चर्चा थी कि अर्जुन को 'पुष्पा 2' के लिए 300 करोड़ रुपये मिले हैं. मगर धनंजयन से मिली जानकारी ने पूरा खेल पलट दिया. अब इस बात को आधार बनाकर हम अर्जुन की पिछली दो फिल्में, यानी 'पुष्पा' और 'पुष्पा 2' से उनकी फीस कैलकुलेट करते हैं. जहां तक पहले पार्ट की बात है, उसने वर्ल्ड वाइड 350 करोड़ रुपये कमाए थे. इसे अगर 30 पैसे प्रति रुपये के हिसाब से देखें तो अर्जुन की फीस करीब 105 करोड़ रुपये रही होगी. दूसरी तरफ 'पुष्पा 2' ने ओवरऑल 1742 करोड़ रुपये कमाए थे. यानी उससे अर्जुन को करीब 522 करोड़ रुपये मिले होंगे. भारत में किसी भी दूसरे एक्टर को आज तक एक फिल्म के लिए इतने पैसे नहीं मिले. दूसरे शब्दों में कहें तो अर्जुन के इस तगड़े रेवेन्यू मॉडल ने उन्हें देश का हाइएस्ट पेड एक्टर बना दिया है.
वीडियो: एटली की फिल्म AA22XA6 का नाम होगा 'राका', मेकर्स ने रिलीज किया अल्लु अर्जुन का फर्स्ट लुक

