The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Harsh Chhaya shares how he auditioned and got Papaji role in Undekhi

'अनदेखी' में पापाजी के रोल के लिए हर्ष छाया से ऑडिशन मांगा, मेकर्स को गरियाते हुए वीडियो भेज दिया

हर्ष ने कहा- "तुम ऐसा दे क्या रहे हो कि तुमको टेस्ट दें? किसी इंस्टिट्यूट से पास होकर कुर्सी पर बैठे हो? पहले तुम्हारा टेस्ट तो मैं लूं!"

Advertisement
pic
20 मई 2026 (अपडेटेड: 20 मई 2026, 10:40 PM IST)
Undekhi, Harsh Chhaya
हर्ष छाया ने 'अनदेखी' से पहले कभी ऑडिशन या कोई टेस्ट नहीं दिया था.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Harsh Chhaya ने Undekhi में एक नशेड़ी, बदज़ुबान रईस का किरदार निभाया. किरदार क्या निभाया... असल में उसे जी गए. एक ऐसा कारोबारी जिसके हाथ से स्कॉच का पेग छूटता नहीं है. जो बात-बेबात गालियां बकता है. औरतों को पैर की जूती समझता है. रात को क़त्ल कर देता है, और सुबह भूल जाता है. जिसके सिर पर मौत नाच रही है, मगर अकड़ जस की तस है. ऐसे अक्खड़ नशेड़ी पाश्विक सुरिंदर सिंह अटवाल उर्फ पापाजी को हर्ष छाया ने पर्दे पर नमूदार किया. मौक़ा मिला तो दिखा दिया कि बतौर एक्टर उनके पास कितना कुछ है देने को. मगर वो इस किरदार के लिए मेकर्स की पहली चॉइस नहीं थे. साल 2020 में दी लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में इस वेब सीरीज़ के डायरेक्टर Ashish Shukla ने बताया था कि वो इस रोल में Rishi Kapoor या Saurabh Shukla जैसे एक्टर को कास्ट करना चाहते थे. जिसकी काया वज़नदार हो. और नाम भी बड़ा हो. मगर ये रोल हर्ष के हिस्से आया. कैसे? इसकी कहानी बड़ी दिलचस्प है. हाल ही में जब हर्ष दी लल्लनटॉप के ख़ास कार्यक्रम गेस्ट इन द न्यूज़रूम में आए, तो ये पूरा वाकया बड़ी तफ़सील सुनाया. 

हुआ यूं कि ‘अनदेखी’ के क्रिएटर सिद्धार्थ सेनगुप्ता, हर्ष को सालों से जानते हैं. उन्होंने पापाजी के रोल के लिए हर्ष का नाम सुझाया. मगर मेकर्स ने कहा उनकी इमेज पापाजी वाली नहीं है. फिर भी हर्ष को ऑडिशन के तौर पर एक मॉक शूट कर के भेजने को कहा गया. हर्ष ने बनाया एक ऑडिशन टेप. और इस वीडियो में मेकर्स को ही खरी-खोटी सुना दी. 40 साल से काम कर रहे सीनियर एक्टर से ऑडिशन मांगे जाने की जो टीस उनके मन में थी, वो सब इस वीडियो में बयां कर दी. पूरी भड़ास निकाल दी. कुछ गालियां भी दीं. कुछ ऐसा कहा था हर्ष ‘अनदेखी’ के लिए दिए ऑडिशन में...

“कदी मेरे सिवा कोई होर हेगा, ओसनू जाके तुस्सी कह सकदे हो, सर अस्सी वेब सीरीज़ बणाने ने, तुहाडा टेस्ट लैणा पऊगा. तुहाडी हिम्मत नी होनी ओसनू जा के कह सको, सर तुहाडा ऑडिशन लैणा पऊगा. ओ स्टार लगिया है ना... स्टार हैगा. साडे माथे विच ते नी लिख्या होया हे अस्सी स्टार ने... ते अस्सी **** ने. तुस्सी मैनु कहोगे सर तुस्सी वीस साल काम कर लो, 50 साल काम कर लो, 100 साल काम कर लो. की फरक पैंदा ऐ? सर तुहाडे माथे विच स्टार नी लिख्या, त्वानु हर वारी प्रूव करना पैगा तुस्सी काम कर सकदे हो ते नी कर सकदे. मैं कहणा, 25 साल काम कित्ता, उसदा की? तो कैहण लगे सिस्टम है जी. ओए सिस्टम नू वीस साल पुराना एक्टर **** हो गया?”

# इससे पहले जीवन में कभी ऑडिशन नहीं दिया

हर्ष ने बताया कि अपने पहने टीवी सीरियल तारा के लिए भी उन्होंने ऑडिशन नहीं किया था. सिर्फ एक टेप दिया था. ‘अनदेखी’ में उनसे ऑडिशन मांगे जाने से उनका आहत होना उनके नज़रिए लाज़मी भी था. इस बारे में हर्ष ने कहा,

“जब टीवी में मैं नया-नया आया था. तब बस एक बार मैंने टेस्ट दिया है. सबसे पहला. तारा जो सीरियल था उसके लिए भी मैंने एक टेप दी थी उस काम की जो मैंने दिल्ली में किया था. उसके बाद मुझे सारा काम ऐसे ही मिलता गया. उस वक्त ऐसे ही काम होता था. तो आदत मुझे थी नहीं टेस्ट देने की. और ए‍क चिढ़ तो मन में थी ही कि टेस्ट लेते हैं हमसे. और टीवी में ऐसा भी नहीं हो रहा था कि आप कुछ नया दे रहे हो. हर बार वही दे रहे हो कि कोई फॉरेन रिटर्न बिज़नेसमैन है. या कोई डॉक्टर है. इसके आसपास ही कुछ रहता है. तो मेरा ये था कि आप लोग जो नए आए हो. नया सिस्टम जो लेकर आए हो. आपके पास कुछ नया तो है नहीं देने को. जो हम पिछले 10-12 साल से कर रहे थे, वैसा ही कुछ लेकर आ रहे हो. तो टेस्ट किस बात का चाहिए तुमको? तुम ऐसा दे क्या रहे हो कि तुमको टेस्ट दें? तुम साले किसी इंस्टिट्यूट से पास होकर किसी कुर्सी पर बैठे हो, तुमको टेस्ट चाहिए? पहले तुम्हारा टेस्ट तो मैं लूं. तो मेरे ऑडिशन में सालों का यही ग़ुस्सा निकाल दिया मैंने. मगर मैंने गोल्डी (सिद्धार्थ सेनगुप्ता) को बता दिया था कि मैं टेस्ट ऐसा ही दूंगा. गाली दूंगा मैं. वो बोला जो करना है कर, बस टेस्ट दे दे.”

हर्ष ख़ुद भी ये मानते हैं कि पापाजी जैसे कैरेक्टर के लिए वो पहली चॉइस नहीं हो सकते. मगर वो एक्टर कैसे है, ये वो जानते हैं. हर्ष ने कहा,

“देखिए ये था तो मेरे लिए ऑडिशन ही. वो अलग ही किस्म का किरदार है. और ये मुझे मालूम है कि किसी से भी आप कहेंगे कि ये रोल हर्ष छाया को दो, तो वो इनकार ही करेगा. तो आशीष भी अपनी जगह सही थे कि इसको कहां से कास्ट कर लें? उन्होंने दो-तीन बार मुझसे मिलना अवॉइड भी किया. तो एक‍ दिन गोल्डी ने मुझे ऑफिस ही बुला लिया. कहा वो बैठा हुआ है, तुम आ जाओ. तो यूं आशीष से मुलाक़ात हुई.”

# 7 साल खाली बैठा पर समझौता नहीं किया 

हर्ष ने बताया कि छह-सात साल उनके पास कोई काम नहीं था. मगर इस दौर में भी उन्होंने वो रोल नहीं किए जो उन्हें गवारा न थे. इस बारे में उन्होंने कहा, 

“अब मैं जो हूं वो हूं. और गोल्डी पुराना दोस्त है. तो सबसे पहले तो मैंने उसी का गला पकड़ा... कि तुम शो रनर हो. तुम मुझे इस रोल के लिए बुला रहे हो. फिर भी मुझे टेस्ट देना पड़ रहा है, तो फिर तुम किस काम के? इसके 8-10 दिन बाद उनका फोन आया. बोले यार क्यों दिमाग का दही कर रहा है. दे दे ना यार टेस्ट. अब अनदेखी से छह-सात साल पहले से मैंने कोई काम किया नहीं था. बाज़ार जो काम देना चाह रहा था, मुझे नहीं करना था. मैंने कहा हटाओ यार. मन का मिलेगा तो करेंगे, वरना करना ही नहीं है.”

हर्ष ने अपनी सालों की भड़ास निकालते हुए भनभनाता हुआ ऑडिशन टेप बनाकर भेज दिया. मगर मेकर्स ने इस पर कैसे रिएक्ट किया, वो भी मज़ेदार है. पूरा मामला बताते हुए हर्ष ने कहा,

“उन्होंने मुझे एक-दो सीन भेजे थे. तो वो ऐसे होते हैं कि एक लाइन वो बोले, एक लाइन मैं बोलूं. तो अकेले में वो बात बन रही थी. मैंने कहा कि दो-तीन मिनट का एक मोनोलॉग होना चाहिए, तब बात बनेगी. बस मैंने सारी भड़ास निकाल दी और गोल्डी को टेप भेज दिया. वहां सब मीटिंग में बैठे हुए थे. गोल्डी मेरा ऑडिशन देख रहा था, और देखते-देखते ज़ोर से हंस पड़ा. उसने कहा लो आप लोगों को टेस्ट चाहिए था देख लो. सबने देखा...और कहा... पापाजी मिल गए.”

हर्ष छाया जिस मयार के एक्टर हैं, उस पर ये ठसक जंचती है. ऐसा एक्टर क्यों नहीं चुनेगा मन का काम. क्यों करेगा समझौते. बिलाशक़ वो हिंदी सिनेमा के उन नामों से हैं, जिनका हुनर का अब तक एक चौथाई इस्तेमाल भी नहीं हो सका है. हम बता दें, कि 'अनदेखी' के चौथे सीज़न के छह एपिसोड सोनी लिव पर प्रीमियर हो चुके हैं. मगर क्लाइमैक्स के लिए थोड़ा इंतज़ार करना होगा. 

वीडियो: Undekhi 3 Web Series Review: दुष्टों का सत्यबोध, अनदेखी सीजन 3 सीरीज कैसी है?

Advertisement

Advertisement

()