The Lallantop
Advertisement

गोविंदा दिवालिया हो गए, सड़क पर आ गए!- गोविंदा के भांजे ने क्या बताया?

छोटे शहरों-कस्बों के ऑर्केस्ट्रा के साथ गोविंदा के नाचते हुए वीडियोज़ वायरल हैं. चर्चा है कि गोविंदा बड़े आर्थिक संकट में हैं.

Advertisement
pic
20 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 20 फ़रवरी 2026, 09:58 PM IST)
Vinay Anand, Govinda dancing
विनय आनंद ने गोविंदा के साथ 'आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया' में काम किया था.
Quick AI Highlights
Click here to view more

लंबे अरसे से Govinda की कोई फिल्म नहीं आई. मगर फिर भी किसी न किसी वजह से वो चर्चा में बने ही रहते हैं. कभी ख़ुद के विवादित बयानों से, तो कभी उनके बारे में होने वाली बयानबाज़ी के चलते. हाल ही में उन्होंने Karan Johar को प्रसाद देने की बात कह डाली थी. अब उनके भांजे Vinay Anand ने उनके बारे में कुछ कहा है. दरअसल, गोविंदा इन दिनों कई मंचों पर डांस करते नज़र आ रहे हैं. जो वीडियो इंटरनेट पर वायरल हैं, उन्हें देखकर अंदाज़ा लगता है, कि ये आयोजन गोविंदा के मयार के क़तई नहीं हैं. इसी वजह से ये चर्चा तेज़ हो गई है, कि गोविंदा आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं. बल्कि उनके दिवालिया होने की बातें भी कही जा रही हैं.

हाल ही में जब विनय आनंद हिंदी रश पॉडकास्ट पर गए, तो उन्होंने इस मसले पर खुलकर बात की. विनय ने कहा,

"वो सुपरस्टार हैं. गोविंदा आज भी अगर एक जगह खड़े हो जाएं, तो 25-30 लाख रुपये तो उनके सिर्फ नाम पर आ जाएंगे. उन्हें आज लोग दिवालिया बोल रहे हैं. ये लोग बेवकूफ़ हैं. लोग सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि गोविंदा सड़क पर आ गए हैं. गोविंदा के साथ ये हो गया… वो हो गया. अरे पागलों, किधर हो? किसके लिए बकवास कर रहे हो? वो 90 के दशक के सुपरस्टार हैं, जो एक फिल्म के करोड़ों रुपये लेते थे."

विनय ने गोविंदा के पीक टाइम की याद दिलाते हुए कहा,

“जब लोखंडवाला में 12-13 लाख में फ्लैट मिलता था, तब गोविंदा एक फिल्म के एक करोड़ रुपये चार्ज करते थे. कैसे कह सकते हो कि वो सड़क पर आ गए हैं? 70-80 फिल्में करने के बाद, सिर्फ 5 फिल्मों से गोविंदा ने जितना कमाया, शायद किसी ने नहीं कमाया होगा… और पता नहीं कितने स्टार्स घूम रहे होंगे, जिनके पास पैसे नहीं होंगे. इतने बड़े लेजेंड के बारे में ऐसी बेवकूफ़ी वाली बातें कैसे कर सकते हैं लोग. मुझे बहुत अजीब लगता है.”

गोविंदा के बारे में उड़ रही अफ़वाहों पर नाराज़गी जताते हुए विनय ने कहा,

"ये देखकर हैरानी होती है कि हमारे देश में किस तरह के लोग हैं. मीडिया किस तरह की स्टोरीज़ लिख रहा है. वो भी एक पब्लिसिटी ही है. जब सोशल मीडिया खोलता हूं,  तो गोविंदा जी ही नज़र आते हैं. क्या स्टारडम है यार!"

क्या उन्हें गोविंदा के भांजे होने का फ़ायदा मिला? इसके जवाब में विनय ने कहा,

“कहां तवज्जो मिली मुझे? मैंने ‘लो मैं आ गया’ पहले साइन की थी. फिर ‘दिल ने फिर याद किया’ की. ‘सौतेला की’. ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’, ‘अंगार: द फायर’... और कुछ और फिल्में कीं. मुझे कौन सा गोविंदा का भांजा है, तो सिर पे बैठा लिया इस इंडस्ट्री ने? या गोविंदा जी के किसी आदरणीय डायरेक्टर ने मुझे कास्ट कर लिया हो? एक भी नाम बता दो. उनके मित्रों ने मुझे कहां काम दिया? अगर उनके मित्र हैं भी, या थे भी, तो मुझे क्या काम दे दिया? क्या मैं कभी डेविड धवन जी की फिल्म में नज़र आया हूं? या और भी ऐसे आदरणीय नाम ले लो. वो तो मेरा स्ट्रगल है कि मैं काम मांगता रहा सबसे. मेरा बहुत सारा टाइम वेस्ट हुआ इसमें.”

विनय आनंद हिंदी सिनेमा में तो लंबा काम नहीं कर सके. मगर उन्होंने कई भोजपुरी फिल्में कीं. इनमें ‘खूनी दंगल’, ‘तोसे प्यार बा’ और ‘चाचा भतीजा’ सबसे कमाऊ साबित हुईं. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता उनके लिए बड़े स्टार हैं. वहां जो सम्मान और प्यार उन्हें मिला, उसके बाद वो बॉलीवुड को भूल ही गए. 

वीडियो: 'अवतार के लिए 18 करोड़...', गोविंदा ने फिल्म मना करने की वजह भी बताई है

Advertisement

Advertisement

()