'गदर' के डायरेक्टर ने कहा, इंडस्ट्री ने इसे 'गटर-एक प्रेम कथा' कहा था
अनिल शर्मा को लगता है कि 'गदर' में रामायण का जो टच आता है, इसी वजह से फिल्म चली थी.
.webp?width=210)
सनी देओल की 'गदर 2' को रिलीज़ होने में 24 घंटे से भी कम समय बचा है. इसकी तगड़ी एडवांस बुकिंग देखकर लग रहा है कि ये पिछले दिनों आई कुछ बड़ी फिल्मों का रिकॉर्ड देगी. इसके फर्स्ट पार्ट की वजह से जनता 'गदर 2' को देखने के लिए ज़्यादा एक्साइटेड है. लोग 'तारा सिंह' के किरदार को एक बार फिर से बड़े पर्दे पर देखना चाहते हैं. लेकिन डायरेक्टर अनिल शर्मा ने रिसेंटली बताया है कि जिस वक्त पहली वाली 'गदर' आई थी, तो लोगों ने इसे 'गटर' कहा था.
'गदर 2' की स्टारकास्ट और इसके डायरेक्टर अनिल शर्मा सभी फिल्म के प्रमोशन में जुटे हुए हैं. ऐसे ही एक प्रमोशनल इवेंट में अनिल ने पुरानी वाली 'गदर' के रिलीज़ टाइम को याद किया. बताया कि उस वक्त कुछ क्रिटिक्स ऐसे भी थे जिन्होंने फिल्म को बिल्कुल नकार दिया था. अनिल ने कहा,
''उस टाइम 'गदर' हुई तो बड़ी ब्लॉकबस्टर, लेकिन लोगों ने 'गदर' की 'कदर' नहीं की.''
उन्होंने आगे जोड़ा,
''मगर मेरे लिए सबकुछ ठीक था. ऐसा ही कुछ 'मुगल-ए-आज़म' के साथ भी हुआ था. 'शोले' के साथ भी हुआ था. इन फिल्मों ने कोई अवॉर्ड नहीं जीते थे. मगर जनता ने इन फिल्मों को खूब प्यार दिया.''
''इंडस्ट्री ने 'गदर' को गटर बुलाया. जो पहला रिव्यू मैंने इसका पढ़ा था उसका टाइटल था. 'गटर-एक प्रेम कथा'. एक फेमस इंग्लिश न्यूज़पेपर के रिव्यूअर ने 'गदर' को लेकर नेगेटिव बातें कहीं थीं. मुझे अभी भी समझ नहीं आया कि लोग उस वक्त इस फिल्म को लेकर इतने कठोर क्यों थे.''
रामायण टच की वजह से हिट हुई 'गदर'
अनिल शर्मा को लगता है कि 'गदर' में रामायण का जो टच आता है, इसी वजह से फिल्म चली थी. उन्होंने कहा,
''जैसे राम, सीता को लेने लंका गए थे. अपने बेटों की मां को लेने. 'गदर' की भी बिल्कुल ऐसी ही स्टोरी थी. बस वो लंका नहीं पाकिस्तान जाता है, मॉर्डन कॉन्टेक्स्ट में.''
बीते दिनों सनी देओल ने भी पहली वाली 'गदर' पर बात की थी. कहा था कि जब पहली वाली 'गदर' आई थी तो लोगों ने इसे नापसंद किया था. सनी ने इशारे में बात करते हुए बताया था कि जब पहली वाली 'गदर' आई थी, तो इंडस्ट्री के लोगों ने इसे बिल्कुल पसंद नहीं किया था. लेकिन ऑडिएंस ने जैसे ही उसे उठाया सब के सब पलट गए.
खैर, 'गदर' तो अपने समय में सुपरहिट रही थी. अब 'गदर 2' कैसी कमाई करेगी ये तो 11 अगस्त के बाद ही पता चलेगा.
वीडियो: दी सिनेमा शो: सनी देओल की 'गदर 2' की एडवांस बुकिंग, अक्षय की 'OMG 2' से कई गुना ज़्यादा हो चुकी है

