'गदर 2' देखने भीड़ जमा हुई, डायरेक्टर ने वीडियो शेयर कर कहा - "पुराने ज़माने की याद आ गई"
खबर आ रही है कि कई जगह 400-500 रुपए में 'गदर 2' की टिकट ब्लैक में बिक रही हैं.

Sunny Deol की फिल्म Gadar 2 जल्द ही एक इवेंट फिल्म बनने वाली है. ऐसा हम फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स की वजह से कह रहे हैं. फिल्म को देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है. सोशल मीडिया पर ऐसे अनेकों वीडियो वायरल हैं जहां लोग फिल्म को किसी त्योहार की तरह सेलिब्रेट कर रहे हैं. हिंदी फिल्मों के केस में ऐसा ‘पठान’ के दौरान भी देखने को मिला था. बता दें कि 2023 में आई फिल्मों में ‘गदर 2’ ‘पठान’ के बाद सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली दूसरी हिंदी फिल्म है. लोग सिनेमाघरों में नाचते-गाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर दनादन शेयर कर रहे हैं. ऐसा ही एक वीडियो फिल्म के डायरेक्टर अनिल शर्मा तक भी पहुंचा.
उन्होंने X पर एक वीडियो शेयर किया जहां ‘गदर 2’ दिखा रहे सिनेमाघर के बाहर बड़ी तादाद में लोग जमा हैं. साथ ही लिखा,
पुराने ज़माने की याद आ गई. ऐसा ही उत्सव हुआ करता था सिनेमा हॉल के सामने. ‘हुकूमत’, ‘तहलका’, ‘ऐलान-ए-जंग’ और ‘गदर’, ऐसा मेरी कई फिल्मों के दौरान हुआ. मैं भगवान का शुक्रगुज़ार हूं. अब ‘गदर 2’ ने ऑडियंस के बीच तहलका मचा दिया है.
पिंकविला के फिल्म जर्नलिस्ट हिमेश मंकड ने ‘गदर 2’ के क्रेज़ को लेकर कुछ शेयर किया. उन्होंने लिखा,
बोलो गदर 2, गदर 2. बोलो OMG 2, OMG 2. आप गेइटी गैलक्सी सिनेमा के बाहर ये शब्द सुन सकते हैं. ‘गदर 2’ और OMG 2 के इस सिनेमाघर में हाउसफुल शोज़ चल रहे हैं. 400-500 रुपए में ब्लैक में टिकट बेचे जा रहे हैं. बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान उठाया हुआ है.
70 और 80 के दशक के किस्सों में सुनने को मिलता था कि फिल्म के टिकट ब्लैक में बेचे जाते थे. यही कारनामा अब ‘गदर 2’ ने कर दिखाया है. फिल्म के क्रेज़ को अपने मुनाफे में तब्दील करने के लिए लोग ब्लैक में भी टिकट बेच रहे हैं. और ये टिकटें धड़ल्ले से बिक भी रही हैं. फिल्म के रिस्पॉन्स से जुड़ा एक और वीडियो वायरल है. साहिल नाम के यूज़र ने एक वीडियो शेयर किया. वहां लोग सिनेमाघर में खड़े होकर नाच रहे हैं. फिल्म के साथ ‘मैं निकला गड्डी लेके’ गा रहे हैं. उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा – लोग सिनेमाघरों में दीवाने हुए जा रहे हैं.
11 अगस्त को रिलीज़ होने के बाद से ही ‘गदर 2’ सॉलिड कमाई कर रही है. फिल्म ने पहले दिन इंडिया में 40.1 करोड़ रुपए कमाए. वहीं दूसरे दिन की कमाई रही 43.08 करोड़ रुपए.
वीडियो: सलमान खान ने गदर 2 और सनी देओल की तारीफ भी, साथ में फिल्म का कलेक्शन भी सबसे पहले बता डाला

