'गदर 2' ने 15 अगस्त को इतने पैसे कमा लिए, जितने इतिहास में आज तक किसी फिल्म ने नहीं कमाए
अगर 'गदर 2' की यही रफ्तार बनी रही, तो वो गुरुवार तक 'पठान' को एक हफ्ते के कलेक्शन में पीछे छोड़ देगी. जो कि काफी हद तक संभव लग रहा है.
.webp?width=210)
Gadar 2 ने 15 अगस्त को कमाई का रिकॉर्ड बना दिया. भारतीय सिनेमा इतिहास में 15 अगस्त के दिन किसी फिल्म ने 50 करोड़ रुपए का आंकड़ा नहीं छुआ था. Sunny Deol स्टारर इस फिल्म ने रिलीज़ के पांचवें दिन 55.40 करोड़ रुपए कलेक्ट किए. जिससे फिल्म का टोटल डोमेस्टिक कलेक्शन पहुंच गया 228.98 करोड़ रुपए. संभावना जताई जा रही है कि अगर 'गदर 2' इसी रफ्तार से बढ़ती रही, तो वो Pathaan के कलेक्शन को आसानी से पीछे छोड़ सकती है.
'गदर 2' की प्रतिदिन कमाई आप नीचे पढ़ सकते हैं-
शुक्रवार- 40.10 करोड़ रुपए
शनिवार- 43.08 करोड़ रुपए
रविवार- 51.70 करोड़ रुपए
सोमवार- 38.70 करोड़ रुपए
मंगलवार- 55.40 करोड़ रुपए
टोटल- 228.98 करोड़ रुपए
(सभी आंकड़े ट्रेड एनलिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक)
'गदर 2' से उम्मीदें थीं कि ये फिल्म अच्छी कमाई करने वाली है. मगर किसी को ये उम्मीद नहीं थी कि इस फिल्म की कमाई की तुलना 'पठान' के साथ होगी. 'पठान' हिंदी सिनेमा इतिहास की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म है. इसी साल जनवरी में आई शाहरुख खान स्टारर इस फिल्म ने देशभर से 543 करोड़ रुपए का कारोबार किया था. वहीं फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1050 करोड़ रुपए रहा था. 'पठान' के अलावा आज तक किसी हिंदी फिल्म ने देशभर से 500 करोड़ रुपए या उससे ज़्यादा की कमाई नहीं की है.
15 अगस्त को 'गदर 2' ने पांच दिनों में सबसे ज़्यादा कमाई की. कई रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जा रहा है कि सिंगल स्क्रीन्स में इस फिल्म ने आग लगा दी है. 15 अगस्त को इस फिल्म के टिकटों की मांग इतनी बढ़ गई कि कई शोज़ बढ़ाने के बावजूद ढेर सारे लोगों को बिना टिकट के लौटना पड़ा. क्योंकि थिएटर्स में जगह नहीं थी.
अटकलें ये भी लग रही हैं कि फुटफॉल्स के मामले में 'गदर 2' ने 'पठान' का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. क्योंकि देश के तमाम मल्टीप्लेक्स चेन्स में 'पठान' की टिकटें महंगी थीं. 'गदर 2' की टिकटें नॉर्मल कीमतों पर बिक रही हैं. इसलिए 'गदर 2' अब तक 'पठान' की कमाई के किसी रिकॉर्ड तक नहीं पहुंच सकी है. मगर इस हफ्ते सनी देओल की फिल्म ये भी कारनामा कर सकती है.
'पठान' ने रिलीज़ के 7 दिनों में देशभर से 280 करोड़ रुपए का कारोबार किया था. 'गदर 2' अब तक 229 करोड़ रुपए कमा चुकी है. जबकि उसकी रिलीज़ को एक हफ्ता पूरे होने में अभी दो दिन का समय बाकी है. अगले दो दिनों में 'गदर 2' अगर 51 करोड़ रुपए और कमा लेती है, तो वो फर्स्ट वीक कलेक्शन के मामले में 'पठान' को पीछे छोड़ देगी.
इंडस्ट्री ट्रैकर sacnilk.com के मुताबिक बुधवार के दिन 'गदर 2' 30 करोड़ रुपए से ऊपर की कमाई करने जा रही है. यानी उसे 'पठान' को पछाड़ने के लिए गुरुवार को मात्र 20 करोड़ रुपए की कमाई करनी होगी. जो कि काफी हद तक संभव लग रहा है.
'गदर 2' में सनी देओल के साथ अमीषा पटेल, उत्कर्ष शर्मा, सिमरत कौर और मनीष वाधवा जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इस फिल्म को अनिल शर्मा ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: गदर 2 की सक्सेस पर धर्मेंद्र ने ऐसा क्या कहा कि सनी देओल भी भावुक हो गए

