दिग्गज फिल्ममेकर बी.आर. चोपड़ा का बंगला बिका, कीमत 183 करोड़ रुपए
फिल्ममेकर बी.आर. चोपड़ा के बंगले को खरीदने वाली कंपनी ने स्टैंप ड्यूटी के लिए चुकाए 11 करोड़ रुपए. बंगले वाली जगह पर बनाएगी प्रीमियम रेज़िडेंशियल सोसाइटी.

फिल्ममेकर बी.आर. चोपड़ा का मुंबई वाला बंगला बिक गया. ये बंगला मुंबई के पॉश इलाके जुहू में बना हुआ था. कई रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि ये बंगला 183 करोड़ रुपए में बिका है. इसे K Raheja Corp नाम की कंपनी ने ख़रीदा है.
25 हज़ार स्क्वेयर फुट में बने इस बंगले में बी.आर. चोपड़ा और उनकी फैमिली रहती थी. इसकी लोकेशन सी प्रिंसेस होटल के ठीक अपोज़िट है, जहां बी.आर. चोपड़ा मीटिंग्स वगैरह किया करते थे. इकोनॉमिक टाइम्स में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक के. रहेजा कॉर्पोरेशन ने ये बंगला 182.76 करोड़ रुपए में खरीदा है. इस प्रॉपर्टी को खरीदने के लिए कंपनी ने 11 करोड़ रुपए की स्टैंप ड्यूटी भी चुकाई.
बी.आर. चोपड़ा के गुज़रने के बाद इस प्रॉपर्टी की ज़िम्मेदारी बेटे रवि चोपड़ा के कंधों पर थी. रवि को 'द बर्निंग ट्रेन', 'बागबान' और 'बाबुल' जैसी फिल्में डायरेक्ट करने के लिए जाना जाता था. 2014 में रवि की डेथ हो गई. इसके बाद इस प्रॉपर्टी की देखभाल उनकी पत्नी रेणु और दोनों बेटे करते थे. बताया जाता है कि चोपड़ा परिवार की बनाई कुछ फिल्में चल नहीं पाई थीं. इसकी वजह से थोड़ा कर्जा हो गया था. रवि चोपड़ा के दोनों बेटों जूनो और अभय चोपड़ा ने वो सब निपटाया. जूनो और अभय चोपड़ा मिलकर 'बरेली की बर्फी' और 'पति पत्नी और वो' जैसी फिल्में प्रोड्यूस कर चुके हैं. टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस प्रॉपर्टी को खरीदने वाली कंपनी वहां पर प्रीमियम रेज़िडेंशियल प्रोजेक्ट शुरू करेगी.
बलदेव उर्फ बी.आर. चोपड़ा ने अपना करियर फिल्म जर्नलिस्ट के तौर पर शुरू किया था. वो सिने हेराल्ड जर्नल के लिए फिल्म रिव्यू लिखा करते थे. बी.आर. चोपडा ने अपने फिल्ममेकिंग करियर की शुरुआत 1948 में आई फिल्म 'करवट' से की थी. वो इस फिल्म के प्रोड्यूसर थे. पिक्चर बहुत बुरी तरीके से पिटी. 1951 में उन्होंने 'अफसाना' नाम की फिल्म डायरेक्ट की. अशोक कुमार स्टारर ये फिल्म सक्सेसफुल रही. 1955 में उन्होंने खुद की प्रोडक्शन कंपनी बी.आर. फिल्म्स शुरू की. उनके प्रोडक्शन हाउस में बनी पहली फिल्म थी 'एक ही रास्ता'. कई जगह पर ये भी दावा किया जाता है कि दिलीप कुमार स्टारर 'नया दौर' बी.आर. फिल्म का पहला प्रोडक्शन था. बी.आर. चोपड़ा ने आगे अपने करियर में 'वक्त', 'गुमराह', 'हमराज़' और 'पति पत्नी और वो' जैसी फिल्में बनाईं.
5 नवंबर, 2008 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका निधन हो गया. वो 94 साल के थे.

