The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Fauda fame Israeli actor Lior Riaz is training Shahrukh Khan son Aryan Khan for his direction debut

शाहरुख खान ने आर्यन को ट्रेनिंग देने के लिए इज़रायल से एक्टर बुला लिया

आर्यन खान एक्टिंग नहीं, फिल्ममेकिंग में करियर बनाना चाहते हैं. 'फौदा' फेम इज़रायली एक्टर-डायरेक्टर लियोर राज़ इसके लिए उन्हें ट्रेनिंग दे रहे हैं.

Advertisement
pic
9 अक्तूबर 2023 (अपडेटेड: 9 अक्तूबर 2023, 05:58 PM IST)
shahrukh khan, aryan khan, lior riaz,
अपने ब्रांड के एड में शाहरुख के साथ आर्यन खान. दूसरी तरफ एक प्रोजेक्ट की शूटिंग के दौरान इज़रायली एक्टर लियोर राज़.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Shahrukh Khan के बेटे Aryan Khan एक्टिंग नहीं करना चाहते. वो राइटिंग और डायरेक्शन में अपना करियर बनाना चाहते हैं. खबरें थीं कि आर्यन ने अपनी पहली वेब सीरीज़ Stardom को कुछ अन्य राइटर्स के साथ मिलकर लिखा है. वो इस सीरीज़ को खुद डायरेक्ट कर रहे हैं. इसे शाहरुख की कंपनी रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस कर रही है. अब खबर आ रही है कि आर्यन को फिल्ममेकिंग में ट्रेन करने के लिए शाहरुख ने इज़रायल से मदद मंगाई है. हिट इज़रायली सीरीज़ Fauda के क्रिएटर और लीड एक्टर Lior Riaz आर्यन को डेब्यू सीरीज़ के लिए ट्रेनिंग देंगे.

वैसे तो आर्यन खान ने फिल्ममेकिंग की बाकायदा अकैडमिक ट्रेनिंग ली है. यानी उसकी पढ़ाई की है. मगर शाहरुख चाहते हैं कि आर्यन फिल्ममेकिंग की फील्ड में उतरने से पहले इस विधा में पारंगत हो जाएं. बाकी सीखना तो जीवनभर लगा रहता है. इसीलिए उन्होंने लियोर राज़ की मदद ली है. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक आर्यन रेड चिलीज़ प्रोडक्शन के कुछ राइटर्स के साथ अपनी पहली वेब सीरीज़ की स्क्रिप्ट लिख रहे हैं. उन राइटर्स में से एक लियोर राज़ भी हैं. आर्यन खान खुद भी चाहते हैं कि वो डायरेक्शन से पहले राइटर के तौर पर करियर शुरू करें.

lior riaz, fauda,
‘फौदा’ के प्रमोशनल फोटोशूट में लियोर राज़. (बीच में काली लेदर जैकेट पहने हुए, जिनके सिर पर बाल नहीं है.)

पहले तो ऐसी खबरें थीं कि आर्यन ने अपनी वेब सीरीज़ 'स्टारडम' की शूटिंग शुरू कर दी है. हालांकि इस वेब शो की कास्टिंग और कहानी वगैरह को छुपाकर रखा जा रहा था. बताया गया कि मुंबई के कई अलग-अलग लोकेशंस के अलावा आर्यन ने रेड चिलीज़ और करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन के ऑफिस में भी शूटिंग की है. हालांकि अब बताया जा रहा है इस साल के आखिर इस शो की शूटिंग शुरू होगी. आर्यन खान ने खुद इंस्टाग्राम पर फोटो डालकर बताया था कि उन्होंने अपनी पहली सीरीज़ की स्क्रिप्ट पूरी कर ली है. अब शूटिंग की बारी है. वो स्क्रिप्ट उन्होंने 'बार्ड ऑफ ब्लड' फेम राइटर बिलाल सिद्दीकी के साथ मिलकर लिखी थी. मगर अब इससे उलट खबरें आ रही हैं.

ये भी हो सकता है कि 'स्टारडम' के बाद आर्यन जो प्रोजेक्ट शुरू करने वाले हों, लियोर राज़ उसकी राइटिंग में उनकी मदद कर रहे हों. मगर अभी कुछ भी पुख्ता तरीके से कह पाना जल्दबाज़ी होगी. जहां तक आर्यन के करियर का सवाल है, तो उन्होंने अपने ब्रांड D'Yavol X का एड खुद शूट किया था. इसमें शाहरुख खान नज़र आए थे. अब वो वेब सीरीज़ बना रहे हैं.

लियोर राज़ को इज़रायली थ्रिलर सीरीज़ 'फौदा' के लिए जाना जाता है. इसमें उन्होंने दोरोन कबिलियो नाम के एक इज़रायली कमांडर का रोल किया था, जो देश में आतंक फैला रहे लोगों के खिलाफ लड़ रहा है. चार सीज़न के बाद ये सीरीज़ खत्म हो चुकी है. इसे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकता है. बीते दिनों 'फौदा' का हिंदी रीमेक भी बनाया गया था. इस सीरीज़ का नाम रखा गया था 'तनाव'. कश्मीर में सेट इस सीरीज़ को सुधीर मिश्रा ने डायरेक्ट किया था. 

वीडियो: आर्यन खान ने शाहरुख खान को लेकर अपनी कंपनी D'Yavol X का ऐड डायरेक्ट किया है

Advertisement

Advertisement

()