रणवीर सिंह के साथ 'डॉन 3' विवाद पर पहली बार क्या बोले फरहान अख्तर?
फरहान अख्तर का कहना है कि किसी को भी फॉर ग्रांटेड यानी हल्के नहीं लिया जाना चाहिए.

Don 3 Controversy ने Ranveer Singh और Farhan Akhtar को दो धड़ों में बांट दिया. फरहान का आरोप है कि रणवीर के अचानक इस प्रोजेक्ट से बाहर होने के कारण उन्हें 40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. इस बाबत उन्होंने हर्जाने की मांग रखी थी. दूसरी तरफ़ ऐसा बताया गया कि रणवीर ने पैसे लौटाने से साफ मना कर दिया है. हालांकि दोनों में से किसी ने भी पब्लिकली इस बारे में कोई बयान नहीं दिया. मगर फरहान ने आखिरकार इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है.
हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से हुई बातचीत में फरहान से 'डॉन 3' विवाद पर सवाल किया गया था. इस पर उन्होंने रणवीर का नाम लिए बगैर कहा,
"मैंने पूरे मामले से यही सीखा है कि हमेशा अनएक्सपेक्टेड चीज़ों के लिए तैयार रहना चाहिए. जब तक कोई चीज़ सच में पूरी होकर आपके सामने न आ जाए, तब तक उसे फॉर ग्रांटेड नहीं लेना चाहिए. यही है जो है."
बातचीत के दौरान फरहान ने बताया कि उन्होंने अपने करियर में कई बड़े एक्टर्स के साथ काम किया है, मगर इस तरह की दिक्कत पहले कभी नहीं आई. वो कहते हैं,
"मुझे ऐसा भी लगता है कि जिस समय मैंने शुरुआत की थी- जब आमिर खान, प्रीति ज़िंटा, अक्षय खन्ना, डिम्पल कपाड़िया, सैफ अली खान और मेरे पार्टनर रितेश सिधवानी ने साथ आकर कहा- 'चलो, ये फिल्म (दिल चाहता है) बनाते हैं', उसी पल से मेरी जर्नी शानदार रही है. ये सफर हमेशा उन लोगों के साथ काम करने के बारे में रहा, जिनके साथ मैं काम करना चाहता था. फिर चाहे उन्हें डायरेक्ट करना हो या अपने पसंदीदा डायरेक्टर्स की फिल्मों में खुद एक्ट करना हो. ये एक्सपीरियंस कमाल का था. लेकिन एक समय ऐसा भी आता है, जब चीजें थोड़ी मुश्किल हो जाती हैं. अगर अब तक सब अच्छा चला है, तो ये भी ठीक है. इसे जिंदगी का हिस्सा मानकर आगे बढ़ना चाहिए."
पिछले दिनों फ्री प्रेस जर्नल ने खबर छापी थी कि 'डॉन 3' विवाद में दोनों पक्ष सुलह को तैयार हो गए हैं. बताया गया कि रणवीर, फरहान को फिल्म का साइनिंग अमाउंट यानी 10 करोड़ रुपये लौटाने को रेडी हैं. साथ ही उन्होंने एक्सल एंटरटेनमेंट को अपनी अगली मूवी 'प्रलय' में स्टेक्स देने का वादा तक कर दिया है. हालांकि इंडियन एक्सप्रेस ने फरहान की प्रोडक्शन कंपनी के हवाले से इस दावे का खंडन कर दिया. दूसरे शब्दों में कहें तो 'डॉन 3' का ये विवाद अब तक सुलझा नहीं है.
वीडियो: फरहान अख्तर 'डॉन 3' में ऋतिक रोशन को कास्ट करने वाले थे? एक्टर ने बताया

