"सलमान खान को डायरेक्ट करना वैसा ही है, जैसे आप सिनेमाघर की सीट पर बैठे हों"
सलमान ने अपनी नई फिल्म के लिए नॉर्थ-साउथ एक कर डाला है. वेंकटेश, जगपति बाबू और राम चरण जैसे कलाकार फिल्म में नज़र आने वाले हैं. अब डायरेक्टर ने सलमान पर कुछ कहा है.

Salman Khan की फिल्म Kisi Ka Bhai Kisi Ki Jaan 21 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है. उसकी रिलीज़ से पहले डायरेक्टर फरहाद सामजी ने मीडिया से बातचीत की. सलमान खान को डायरेक्ट करने का एक्स्पीरियेंस बताया. उनके स्टारडम पर बात की.
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए फरहाद ने कहा कि सलमान को डायरेक्ट करना वैसा ही है, जैसे आप सिनेमाघर की सीट पर बैठे हों. ऑडियंस सलमान खान की फिल्म में क्या देखना चाहती है, डायरेक्टर को वो डिलीवर करना होता है. सलमान के स्टारडम पर उन्होंने कहा,
सलमान खान का स्टारडम इतना बड़ा है कि वो आपके दिमाग में चलता रहता है. उनके फैन्स भी किसी बाउंसिंग बोर्ड की तरह हैं. आप कोई कमी नहीं छोड़ सकते और अपने सारे पत्ते सही तरह से खेलने होते हैं, क्योंकि वो प्रेशर बना रहता है.
फरहाद ने बताया कि वो ऐसी फिल्म बनाना चाहते थे जो सलमान के स्टारडम के साथ न्याय कर पाए. साथ ही वो कहानी के प्रति भी ईमानदार रहे. उन्होंने कहा कि सलमान को डायरेक्ट करते वक्त इमैजिन कीजिए कि आप डायरेक्टर की कुर्सी पर नहीं बल्कि थिएटर की सीट पर बैठे हैं. ऑडियंस को क्या चाहिए? अगर सलमान सर कोई डायलॉग डिलीवर करने वाले हैं, तो उसके लिए बिल्ड अप चाहिए होगा. और उसके लिए एक हाई स्पीड शॉट, और बैक शॉट चाहिए होगा. फरहाद ने कहा कि ऐसे थॉट प्रोसेस की ज़रूरत पड़ती है. खासतौर पर जब आप एक एक्शन सीक्वेंस शूट कर रहे हों.
अक्सर बड़े स्टार्स की फिल्मों के साथ एक बड़ी शिकायत रहती है. कि वो ईमानदारी से कहानी बताने की जगह फैन सर्विस करने लगती हैं. सिर्फ वही दिखाती हैं जो उस स्टार के फैन्स देखना चाहते हैं. फरहाद ने इस पर कहा कि वो मानते हैं, भले ही सलमान एक मेगा स्टार हैं लेकिन अंत में जाकर वो हैं तो कहानी के किरदार ही. वो हमेशा फैन सर्विस नहीं कर सकते क्योंकि इससे कहानी फ्लैट पड़ जाएगी. आपको दोनों चीज़ें मिलाकर चलनी पड़ती हैं. उन्होंने बताया कि फिल्म देखने पर लोगों को एहसास होगा कि सलमान के तीन लुक्स क्यों हैं. ये किसी कारण से किया गया है.
‘किसी का भाई किसी की जान’ के लिए कहा जाता है कि ये तमिल फिल्म ‘वीरम’ से प्रेरित है. हालांकि मेकर्स ने अपनी तरफ से कभी इस पर कुछ नहीं कहा. रही बात फिल्म का आइडिया आने की, उस बारे में भी फरहाद ने बात की. उन्होंने बताया कि वो एक बार सलमान के साथ जैमिंग सेशन कर रहे थे. तभी एक आइडिया आया. दोनों ने उसे डेवलप करना शुरू किया. फिल्म के लिए बड़ी कास्ट की ज़रूरत थी. वो भी मिल गई. सभी एक्टर्स के डेट्स लॉक हो गए. उन्होंने बताया कि सलमान ने इस फिल्म के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है. ये उनके लिए किसी आशीर्वाद की तरह है कि सलमान फिल्म के एक्टर और प्रोड्यूसर भी हैं.
सलमान ‘किसी का भाई किसी की जान’ को बड़े लेवल का बनाने में कोई कमी तो नहीं छोड़ रहे हैं. साउथ से वेंकटेश और जगपति बाबू जैसे सीनियर एक्टर्स को लाया गया. राम चरण ने फिल्म के गाने ‘येंतम्मा’ में परफॉर्म किया. बता दें कि 2019 में आई ‘दबंग 3’ सलमान की आखिरी थिएट्रिकल रिलीज़ थी, जहां वो फुल फ्लेज्ड रोल में नज़र आए थे.
वीडियो: सलमान खान ने चिरंजीवी के लिए 20 करोड़ ठुकराए, राम चरण ने Yentamma से हिसाब बराबर कर दिया

