पाकिस्तान के एक्स आर्मी अफसर ने माहिरा खान समेत 4 टॉप हीरोइन्स पर हनी ट्रैपिंग का आरोप लगाया
हनी ट्रैप में महिलाएं किसी व्यक्ति को रिझाकर या ललचाकर उससे काम की जानकारियां हासिल करती हैं. पाकिस्तान की 4 टॉप हीरोइन्स अब ये आरोप झेल रही हैं.

Pakistani Army के रिटायर्ड ऑफिसर हैं Adil Raja. बीते दिनों उन्होंने एक यूट्यूब वीडियो रिलीज़ किया. इसमें उन्होंने कहा कि मिलिट्री ने देश की चार मॉडल्स और एक्टर्स को नेताओं से राज निकलवाने के लिए इस्तेमाल किया. जिसे Honey Trap कहा जाता है. उन्होंने इन चारों लोगों के नाम तो नहीं बताए. मगर नाम के शुरुआती अक्षर बता दिए. घात लगाए बैठे इंटरनेट यूज़र्स ने तुरंत उन चारों महिलाओं के नाम बता दिए. उसके बाद से मामला तूल पकड़ गया है.
Dawn की एक रिपोर्ट के मुताबिक आदिल फारूक़ राजा ने 31 दिसंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया. इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि 'देश की चार टॉप मॉडल्स और एक्ट्रेस ISI के सेफ हाउस और मेस में आकर ठहरती थीं'. वहां उनका इस्तेमाल किया जाता था. बकौल आदिल ये लोग हैं- MK, MH, SA और KK. उन्होंने इसके कोई सबूत नहीं दिए. बस ये कह दिया कि इसकी जानकारी ऊंची जगहों पर तैनात उनके सूत्रों से मिली है.
उन्होंने जिन चार महिलाओं के नाम के हनी ट्रैपिंग मामले में लिए गए हैं, वो हैं- माहिरा खान, महविश हयात, सजल अली और कुब्रा खान. अब ये एक्टर्स और मॉडल्स सोशल मीडिया पर आदिल की लानत-मलानत कर रही हैं.
ये हनी ट्रैपिंग क्या होता है?
हनी ट्रैप में महिलाएं किसी व्यक्ति को रिझाकर या ललचाकर उससे काम की जानकारियां निकलवाती हैं. या कोई फेवर ले लेती हैं. अक्सर इसके शिकार व्यक्ति को ब्लैकमेल भी किया जाता है.

महविश हयात ने मार्वल सीरीज़ Ms. Marvel में आयशा का किरदार निभाया था. इस खबर के बाहर आने बाद उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा-
''सस्ती शोहरत हासिल करने के लिए कुछ लोग इंसानियत के दर्जे से भी गिर जाते हैं. उम्मीद है आप अपना दो मिनट का फेम एंजॉय कर रहे होंगे. मैं एक्ट्रेस हूं इसका मतलब ये नहीं कि मेरे नाम पर कीचड़ उछाले जाएंगे. जिन्हें आप जानते भी नहीं, उनके ऊपर इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगाते हुए आपको शर्म आनी चाहिए. और लानत है उन लोगों पर, जो आंख बंद करके इस बकवास पर भरोसा कर रहे हैं. बिना सोचे-समझे गटर जर्नलिज़्म करने वालों की बात पर चटकारे लेते लोगों को देखकर समझ आता है कि हमारा समाज कितना बीमार है. मगर अब इसे रोकना होगा. मैं अब किसी को इस तरह से अपना नाम खराब नहीं करने दूंगी.''
कुब्रा खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी को ट्विटर पर शेयर किया. उसमें उन्होंने आदिल राजा को टैग करते हुए लिखा-
''मैं शुरू में चुप रही क्योंकि एक फर्जी वीडियो से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. मगर अब बहुत हो गया. आपको लगता है कि कोई रैंडम लोग मुझपे बैठे-बिठाए उंगली उठाएंगे और मैं चुप रहूंगी, तो ये आपकी सोच है. इसलिए मिस्टर आदिल राजा आप लोगों पर आरोप लगाने से पहले सबूत ढूंढ लिया करें. आपके पास टोटल 3 दिन हैं. इसके अंदर आप प्रूफ लेकर आइए जिससे साबित हो कि आपके इल्ज़ाम सच हैं.
अगर ऐसा नहीं होता, तो आप पब्लिकली मुझसे माफी मांगें. वरना मैं आपके खिलाफ मानहानि का मुक़दमा करूंगी. और आप फिक्र मत करें. मैं सिर्फ यहां (पाकिस्तान) से नहीं, यूके से भी हूं. अगर मुझे ज़रूरत पड़ी, तो मैं वहां भी आ जाऊंगी. क्योंकि मैं सच पर हूं. मैं हक़ पर हूं. और मैं किसी के बाप से नहीं डरती.''
सजल अली ने इस प्रकरण में अपना ज़िक्र आने पर ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा-
''ये बड़े दुख की बात है कि हमारा देश नैतिक रूप से बर्बाद हो गया है. चरित्र हनन यानी कैरेक्टर असासिनेशन इंसानियत का सबसे बड़ा पाप और घिनौना रूप है.''
सजल अली ने हिंदी फिल्म ‘मॉम’ में भी काम किया था.
'रईस' फेम माहिरा खान ने अब तक इस पूरे मैटर पर कोई कमेंट नहीं किया है. अब देखना ये है कि आदिल राजा अपने कहे के समर्थन में कोई सबूत पेश कर पाते या नहीं.
वीडियो: दुआ-ए-रीम: माहिरा खान पर फिल्माया शोएब मंसूर का ये गाना नहीं सुना तो क्या सुना!

