The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Don 3: Hrithik Roshan Exposes the Truth About Ranveer Singh Vs Farhan Akhtar Controversy

'डॉन 3' विवाद में ऋतिक रोशन ने रणवीर सिंह की पोल खोल दी!

रणवीर ने आरोप लगाया था कि फरहान 'डॉन 3' में उनकी जगह ऋतिक या शाहरुख को कास्ट करना चाहते थे.

Advertisement
pic
13 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 01:12 PM IST)
hrithik roshan, ranveer singh, farhan akhtar, don 3,
'डॉन 3' से अलग होकर रणवीर सिंह ने 'प्रलय' का प्री-प्रोडक्शन शुरू कर दिया है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Don 3 का रायता समय के साथ फैलता चला जा रहा है. पहले इसमें केवल Ranveer Singh और Farhan Akhtar शामिल थे. फिर Hrithik Roshan और Shah Rukh Khan भी विवाद में घसीट लिए गए. रणवीर का दावा था कि फरहान उनकी जगह शाहरुख या ऋतिक को फिल्म में कास्ट करना चाहते थे. मगर ऋतिक ने खुद ही इन दावों का खंडन कर दिया है.

वैरायटी इंडिया से हुई बातचीत में ऋतिक बताते हैं,

"जो बात पहले केवल एक अफवाह थी, अब वो बहुत ज्यादा फैल गई है. इसलिए सच बताना बेहद ज़रूरी है. मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि मुझे कभी भी डॉन 3 के लिए अप्रोच नहीं किया गया था. मीडिया से मेरी रिक्वेस्ट है कि बगैर पक्की जानकारी के इस तरह की खबरें न फैलाएं."

बता दें कि 'डॉन 3' की शूटिंग फरवरी में रणवीर सिंह के साथ शुरू होने वाली थी. मगर उन्होंने खुद को अचानक इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया. ऐसे में फरहान की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने उनसे 40 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा. मेकर्स का कहना है कि कि रणवीर के फिल्म छोड़ने पर उन्हें प्री-प्रोडक्शन में 40 करोड़ का भारी नुकसान हुआ है. मगर रणवीर ये पैसे देने को तैयार नहीं हैं. उनका साफ़ कहना है कि उन्होंने मेकर्स से एक रुपया तक नहीं लिया है. इसलिए वो कोई पैसा नहीं देंगे. रणवीर के मुताबिक, उन्होंने फिल्म इसलिए छोड़ी क्योंकि फरहान इसकी स्क्रिप्ट में सुधार नहीं कर रहे थे.

पिछले दिनों रणवीर, फरहान और प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (PGI) के कुछ प्रोड्यूसर्स के बीच मीटिंग हुई थी. उसी दौरान रणवीर ने ऋतिक ने हवाले से फरहान पर गंभीर आरोप लगा दिए थे. मौके पर मौजूद एक प्रोड्यूसर ने बॉलीवुड हंगामा को बताया,

“रणवीर ने कहा कि फरहान अख्तर स्क्रिप्ट पर किसी तरह का फ़ीडबैक लेने को तैयार नहीं थे. रणवीर के सुझाव पर कुछ सब-प्लॉट्स जोड़ने में उन्हें दिक्कत आ रही थी. रणवीर का ये भी कहना है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट ठीक इसी दौरान ऋतिक रोशन को फिल्म में लाने की संभावनाएं तलाश रहा था. रणवीर का कहना है कि धुरंधर की सक्सेस के बाद ही एक्सेल ने उनसे दोबारा कॉन्टैक्ट किया. ताकि उनके बॉक्स ऑफिस मोमेंटम का फायदा उठाया जा सके.”

रणवीर ने कुछ इसी तरह की बात शाहरुख को लेकर भी कही थी. उनके मुताबिक, फरहान 'डॉन 3' में शाहरुख को वापस लाना चाहते थे. यदि वो ऐसा करने को तैयार होते तो रणवीर को प्रोजेक्ट से बाहर कर दिया जाता. शाहरुख ने तो इस विवाद पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है, मगर ऋतिक इन दावों को फर्ज़ी बता रहे हैं. 

वैसे, फरहान 'डॉन' फ्रैंचाइज़ को ओरिजिनली ऋतिक के साथ ही बनाना चाहते थे. उन्होंने ऋतिक को ध्यान में रखकर ही पहले पार्ट की कहानी लिखनी शुरू की थी. मगर लिखते-लिखते उनके दिमाग में शाहरुख का चेहरा आने लग गया. फरहान बताते हैं कि उन्होंने जब ये बात ऋतिक को बताई तो उन्होंने खुले दिल से उनकी दिक्कत को समझने का प्रयास किया था. और तब जाकर 'डॉन' और 'डॉन 2' शाहरुख के साथ बनाई गई थी.

hrithik roshan
‘डॉन 2’ में ऋतिक रोशन.

मज़ेदार बात ये है कि ऋतिक ने 'डॉन 2' में भी काम किया है. फिल्म में उनका एक छोटा-सा कैमियो था. जहां तक 'डॉन 3' की बात है, उसमें शाहरुख ही काम करने वाले थे. 2011 में 'डॉन 2' के क्लाइमैक्स में इस बात की घोषणा भी कर दी गई थी. मगर उस फिल्म पर कभी बात बन नहीं पाई. फरहान शाहरुख को जो स्क्रिप्ट दिखाते, वो उसे रिजेक्ट कर देते. अंत में उन्होंने 2023 में रणवीर सिंह के साथ 'डॉन 3' की घोषणा कर दी. मगर अब रणवीर भी इस प्रोजेक्ट से अलग हो चुके हैं.

वीडियो: 'डॉन 3' में वापसी के लिए शाहरुख खान ने ये कैसी शर्त रख दी?

Advertisement

Advertisement

()