डॉक्टर ने कोरोना पेशेंट का यौन शोषण किया, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई पुलिस
घटना के एक दिन पहले ही डॉक्टर ने नौकरी जॉइन की थी.

मुंबई का वॉकहार्ट अस्पताल. यहां एक डॉक्टर पर पेशेंट के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. 'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 1 मई की है और पीड़ित कोरोना वायरस इंफेक्शन का एक मरीज़ है.
रिपोर्ट के मुताबिक, 30 अप्रैल को ही अस्पताल ने डॉक्टर को हायर किया था. उसी दिन मरीज़ भी एडमिट हुआ था. मरीज़ की उम्र 44 बरस है. 1 मई को डॉक्टर चेकअप करने के लिए मरीज़ के कमरे में पहुंचा. कुछ ही देर बाद मरीज़ ने चिल्लाना शुरू कर दिया, जिससे स्टाफ के बाहर खड़े लोग भी अंदर पहुंचे. मरीज़ ने डॉक्टर के ऊपर यौन शोषण का आरोप लगाया.
अग्रीपाड़ा पुलिस ने IPC के सेक्शन 377, 269 (ज़िंदगी को खतरे में डालने वाली बीमारी के इन्फेक्शन को फैलाने की लापरवाही भरी हरकत), 270 (ऐसी हरकत करना, जिससे खतरनाक बीमारी के इन्फेक्शन के फैलने का संभावना बढ़ जाए) के तहत केस दर्ज कर लिया है.
हालांकि पुलिस ने अभी तक आरोपी डॉक्टर को हिरासत में नहीं लिया है. क्योंकि वो कोरोना पॉज़िटिव मरीज़ के संपर्क में आया था, इसलिए उसके घर में ही उसे क्वारंटीन किया गया है. और निगरानी रखी जा रही है.
इधर अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टर को बर्खास्त कर दिया है. वॉकहार्ट अस्पताल ने अपने बयान में कहा,
'डॉक्टर की ड्यूटी का पहला दिन था. एक दिन पहले ही उसने हमें जॉइन किया था. इस मिसकडंक्ट की जानकारी मिलने के बाद, प्रोटोकॉल के मुताबिक, प्रशासन ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी और डॉक्टर की सेवाएं समाप्त कर दी गईं.'
वॉकहार्ट अस्पताल 23 अप्रैल को ही दोबारा खुला है. अस्पताल के करीब 80 स्टाफ मेंबर कोरोना पॉज़िटिव पाए गए थे, जिसके बाद इसे एक महीने के लिए बंद कर दिया गया था.
देखिये भारत में कोरोना कहां-कहां और कितना फैल गया है.
वीडियो देखें: अलीगढ़ के एक गांव में रेप करने वालों को पंचायत ने बेहद हल्की सज़ा देकर छोड़ दिया!

