The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • diljit dosanjh Dil Luminati concert big controversies black ticket alcohol

'बजरंग दल' ही नहीं दिलजीत दोसांझ इस सूबे की सरकार को भी सुना चुके हैं खरीखोटी

Diljit Dosanjh का Dil-Luminati concert गजब हिट है. इसको लेकर काफी विवाद भी हो रहे हैं. जिसमें टूर के नाम से लेकर टिकट की कालाबजारी तक के आरोप शामिल हैं.

Advertisement
pic
10 दिसंबर 2024 (अपडेटेड: 12 दिसंबर 2024, 08:30 AM IST)
Diljit dosanjh, Concert, Dil Luminati concert
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से जुड़े हैं कई विवाद (फाइल फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh). सोशल मीडिया पर ये नाम फिलहाल हर तरफ छाया हुआ है. देशभर में चल रहा इनका Dil-Luminati concert गजब हिट है. चाहे वो मुंबई हो या फिर बेंगलुरु, हर जगह दिलजीत को लेकर दीवानगी दिख रही है. उनके कॉन्सर्ट में भयंकर भीड़ इकट्ठा हो रही है. नौबत तो ये है कि जिस भी शहर में उनका कॉन्सर्ट अनाउंस होता है, उसका टिकट बिक्री शुरू होने के चंद मिनटों में ही सोल्ड आउट हो जाता है. कुछ हद तक अगर ये कहा जाए कि वो भारत को सबसे बड़े सिंगिंग सुपरस्टार हैं, तो शायद गलत नहीं होगा. और कुछ नहीं तो उनके कॉन्सर्ट में आने वाली भीड़ इस बात का इशारा तो जरूर कर रही है. ये तो हुई दिलजीत के कॉन्सर्ट से जुड़े कुछ पॉजिटिव बातें. 

लेकिन उनके इसी कॉन्सर्ट को लेकर काफी कॉन्ट्रोवर्सी भी हो रही है. कुछ छोटी मोटी तो कुछ बवाल टाइप. इन कॉन्ट्रोवर्सी को लेकर दिलजीत अपने मंच से जवाब भी दे रहे हैं. चाहे वो गुजरात वाला कॉन्सर्ट हो या फिर हालिया इंदौर वाला, दिलजीत अपनी बात लोगों के सामने रखने से पीछे नहीं हटते. तो आइये दिलजीत के  Dil-Luminati टूर से जुड़े कुछ विवादों से आपको भी रूबरू कराते हैं. 

Dil-Luminati नाम से जुड़ा विवाद

सबसे पहला विवाद दिलजीत के Dil-Luminati टूर के नाम को लेकर ही रहा. इस नाम को लेकर कई तरह के कयास लगाए गए. कुछ लोगों की तरफ से इस टूर के नाम को 18वीं सदी की सीक्रेट सोसाइटी इल्युमिनाटी ग्रुप से भी एसोसिएट किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक इल्युमिनाटी ग्रुप 18वीं सदी में शुरू हुआ ऐसे लोगों का समूह है, जो भगवान को नहीं बल्कि शैतान को मानते हैं. ये लोग अपनी सीक्रेट गतिविधियों से नई दुनिया बसा रहे हैं. हालांकि दिलजीत ने इसे अफवाह करार दिया. उनके मुताबिक वो आध्यात्मिक "क्राउन चक्र" से जुड़े हुए हैं. 

तेलंगाना सरकार का नोटिस

बात हैदराबाद कॉन्सर्ट की करते हैं. इस कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत को तेलंगाना सरकार की तरफ से एक तगड़ा नोटिस मिला. जिसमें सरकार ने उनसे कुछ गानों को ना गाने और उन्हें कुछ खास एक्शन लेने से मना किया. नोटिस में कहा गया कि दिलजीत किसी भी ऐसे गाने पर परफॉर्म ना करें या ऐसे गानों को कॉन्सर्ट में ना गाएं जिसमें एल्कोहल, ड्रग्स या वॉइलेंस को प्रमोट किया जाता हो. तेलंगाना सरकार के नोटिस के बाद Diljit Dosanjh ने हैदराबाद में कॉन्सर्ट के दौरान अपने गानों के बोल में फेरबदल किया. इसके बाद गुजरात कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने इस विषय पर बहुत कुछ कह दिया. दिलजीत ने कहा,

“शराब पर मेरे ज्यादा से ज्यादा चार गाने होंगे. मैं आज भी वो गाने नहीं गाऊंगा. मेरे लिए गाने के बोल में फेरबदल करना बहुत आसान है. क्योंकि मैं खुद शराब नहीं पीता. लेकिन बॉलीवुड के जो एक्टर्स हैं वो शराब का प्रचार करते हैं. दिलजीत दोसांझ शराब का प्रचार नहीं करता. अब मेरे को छेड़ो मत. मैं जहां जाता हूं, चुप करके अपना प्रोग्राम करता हूं और चला जाता हूं. आप क्यों छेड़ रहे हो मुझे?”

दिल्ली की स्टूडेंट ने भेजा लीगल नोटिस

Dil-Luminati टूर के तहत दिलजीत का इरादा भारत के 10 शहरों परफॉर्म करने का है. इनमें से कुछ में वो परफॉर्म कर भी चुके हैं. उनके अधिकतर टिकट्स बिक चुके हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली में हुए कॉन्सर्ट में 1499 रुपये से शुरू हुए टिकट को बल्क में खरीदकर लोगों ने इसे 30-35 हज़ार रुपए तक में ब्लैक किया. इसको लेकर  दिल्ली की रहने वाली लॉ स्टूडेंट रिद्धिमा कपूर ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा. रिद्धिमा ने दिल-लुमिनाटी टूर के आयोजकों पर टिकट बिक्री प्रक्रिया के दौरान हेरफेर करने और उपभोक्ताओं के अधिकारों के उल्लंघन करने का आरोप लगाया. उन्होंने आरोप लगाया था कि स्पॉन्सर्स जानबूझकर शो की टिकट की प्राइस बढ़ा रहे थे. जो Consumer Protection Act, 2019 का उल्लंघन है.

ये भी पढ़ें: बजरंग दल के प्रोटेस्ट के बीच सिंगर दिलजीत दोसांझ का कड़ा मैसेज, बोले- 'किसी के बाप का...'

इंदौर कॉन्सर्ट कैंसिल करने की मांग

वहीं, सबसे हालिया विवाद 8 दिसंबर को हुए उनके इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर रहा. जहां बजरंग दल की तरफ से दिलजीत के कॉन्सर्ट को कैंसिल करने की मांग की गई थी. बजरंग दल ने इंदौर पुलिस से शिकायत की थी कि दिलजीत के कॉन्सर्ट में शराब के स्टॉल्स लगे होते हैं और साथ ही ड्रग्स का सेवन भी होता है. बावजूद इसके 8 दिसंबर को इंदौर में दिलजीत का कॉन्सर्ट हुआ. इस दौरान सिंगर ने मशहूर शायर राहत इंदौरी का एक शेर पढ़ा,

“अगर ख़िलाफ़ हैं होने दो, जान थोड़ी है. ये सब दुआ है, आसमां थोड़ी है. सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है.”

पूरे कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने एक बार भी बजरंग दल का नाम नहीं लिया. लेकिन उनका इशारा किस तरफ था, ये फैन्स को जरूर समझ आ गया. इस कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने टिकट के कालाबजारी को लेकर भी बात की. दिलजीत ने कहा कि अगर आप 10 रुपये की टिकट लेकर उसमें सौ रुपये डालते हो तो आर्टिस्ट का क्या दोष? जितने इल्जाम मुझ पर लगाने हैं लगा लो, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. बताते चलें कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के टिकटों की अवैध बिक्री के मामले में छापेमारी की थी.

वीडियो: दिलजीत दोसांझ को गुजरात में जारी दिल-लुमिनाटी टूर को बीच में क्यों रोकना पड़ा?

Advertisement

Advertisement

()