परेश रावल ने फिर से छोड़ दी प्रियदर्शन की 'हेरा फेरी 3'?
खबर है कि परेश रावल ने भारी-भरकम इंट्रेस्ट के साथ अपना साइनिंग अमाउंट भी लौटा दिया है.

Akshay Kumar की Hera Pheri 3 लीगल पचड़ों में उलझी हुई है. रिपोर्ट्स हैं कि Paresh Rawal ने एक बार फिर खुद को इस मूवी से अलग कर लिया है. दावा ये भी किया जा रहा रहा है कि उन्होंने भारी-भरकम इंट्रेस्ट के साथ अपना साइनिंग अमाउंट भी लौटा दिया है. ज़ाहिर है कि इस खबर ने एक बार फिर फैंस को निराश कर दिया. साथ ही वो ये मानकर चलने लगे कि ये मूवी अब कभी नहीं बन पाएगी. मगर इस दावे का सच क्या है, बताते हैं.
# क्या दावा किया गया?
पिछले दिनों इंटरनेट पर बॉलीवुड हंगामा के हवाले से परेश के 'हेरा फेरी 3' छोड़ने की खबरें तैरने लगीं. दावा किया गया कि परेश ने इस मूवी के लिए मिला अपना 11 लाख का साइनिंग अमाउंट लौटा दिया है. साथ ही 15 परसेंट इंट्रेस्ट के साथ कुछ और पैसे भी दिए. रिपोर्ट के मुतबिक, इस फिल्म के लिए उनकी फीस 15 करोड़ रुपये तय की गई थी. इसमें से 11 लाख तो फिल्म साइन करते हुए मिल गए. मगर बाकी 14.89 करोड़ मूवी रिलीज़ होने के एक महीने बाद मिलने वाले थे.
# सच्चाई क्या है?
टाइम्स ऑफ इंडिया समेत कई प्लेटफॉर्म्स पर ये दावा किया गया कि परेश इस शर्त से खुश नहीं थे. उनके मुताबिक, 'हेरा फेरी 3' 2026 के आखिर या 2027 में रिलीज़ होगी. ऐसे में उन्हें पूरी फीस पाने के लिए लंबा इंतज़ार करना होगा. कुछ जगहों पर ये वेटिंग पीरियड दो साल तक का बताया गया. यहां तक हुई ज्यादातर बातें सही हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि उनकी टाइमलाइन गड़बड़ है. परेश ने फिल्म भी छोड़ी और अपना साइनिंग अमाउंट भी वापस किया. मगर ये सब अभी नहीं, साल भर पहले हुआ था. सच्चाई ये है कि इंटरनेट और कई मीडिया पोर्टल्स ने एक साल पहले की न्यूज़ को उठाकर उसे ताज़ा खबर की तरह चला दिया.
# ‘हेरा फेरी 3’ का क्या हुआ?
परेश के 'हेरा फेरी 3' दोबारा छोड़ने की खबरें 23 मई से चल रही हैं. बॉलीवुड हंगामा ने उससे ठीक एक साल पहले यानी 23 मई, 2025 को उनके ‘हेरा फेरी 3’ से बाहर होने की रिपोर्ट छापी थी. खबर फैलाने वालों ने डेट तो चेक कर लिया. मगर साल नहीं देखा. इस कारण खबर बनी और आम लोगों से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक, सब सकते में आ गए. दूसरे शब्दों में कहें तो परेश ने 'हेरा फेरी 3' अब तक नहीं छोड़ी है. यहां तक कि जब डायरेक्टर प्रियदर्शन से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है. मगर इसका मतलब ये नहीं कि वो फिल्म पर काम कर रहे. दरअसल, ये मूवी लंबे समय से कोर्ट-कचहरी के चक्करों में फंसी हुई है. इसके राइट्स को लेकर प्रोड्यूसर्स लीगल केस में उलझे हुए हैं. इस वजह से फिल्म आगे नहीं बढ़ पा रही. खुद अक्षय ने भी कह दिया कि ये ‘हेरा फेरी 3’ एक साल तक तो नहीं ही बन पाएगी.
वीडियो: 'हेरा फेरी 3' का मामला अब कोर्ट क्यों पहुंचा?

