'धुरंधर' फैन्स को हिटलर के नाज़ियों जैसा मानते हैं 'हैदर' के डायरेक्टर विशाल भारद्वाज!
विशाल भारद्वाज के लिए जनता बोली- "आपको 'धुरंधर' अच्छी लग ही नहीं सकती."

Ranveer Singh की Dhuradhar के Fans की तुलना Nazis से करने के लिए पब्लिक Vishal Bhardwaj के बारे में क्या कह रही है? क्या Madhubala Biopic में Sara Arjun को कास्ट किया गया है? Dhurandhar 2 देखने के बाद Sandeep Reddy Vanga ने Social Media पर क्या लिखा? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# 'धुरंधर' फैन्स को नाज़ी मानते हैं विशाल भारद्वाज!
डायरेक्टर विशाल भारद्वाज सुर्खियों में हैं. मगर 'धुरंधर' की तारीफ़ करने के लिए नहीं. बल्कि 'धुरंधर' फैन्स को नाज़ियों के समान मानने के लिए. दरअसल रेडिट पर एक यूज़र ने एक रील पोस्ट की है. इसका टाइटल है, 'आपने धुरंधर क्यों नहीं देखी?' इसमें ऑगस्ट लैंडमेसर का फोटो लगा है. ऑगस्ट लैंडमेसर वो जर्मन शख्स थे जिन्होंने हैमबर्ग के एक शिपयार्ड में नाज़ी सलाम करने से इनकार कर दिया था. नाजियों ने उन्होंने बहुत प्रताड़ित किया और अंततः उन्हें मार दिया. ये पोस्ट विशाल भारद्वाज ने लाइक की है. और इसीलिए उनकी आलोचना हो रही है. साथ ही लोग विशाल की फिल्म 'हैदर' के बारे में लिख रहे हैं, कि 'हैदर' में आपने आतंकियों को महिमामंडित किया. उन्हें विक्टिम बताया. आपको तो 'धुरंधर' अच्छी लग ही नहीं सकती.

# 'एक्सट्रैक्शन 3' कन्फर्म, क्रिस हेम्सवर्थ ने की बड़ी डील
पॉपुलर फ्रैंचाइज़ 'एक्सट्रैक्शन' की तीसरी फिल्म कन्फर्म हो गई है. डेडलाइन के मुताबिक हाल ही में इसके लीड एक्टर क्रिस हेम्सवर्थ ने नेटफ्लिक्स के साथ इससे जुड़ी बड़ी डील साइन की. फिल्म की स्क्रिप्ट लॉक हो चुकी है. इदरिस एल्बा और गोलशिफ्ते फरहानी भी एल्कॉट और निक खान के किरदारों में लौट रहे हैं. फ्रैंचाइज़ का ये पार्ट भी सैम हरग्रेव ही डायरेक्ट करेंगे.
# सारा अर्जुन बनेंगी भंसाली की मधुबाला
मधुबाला की बायोपिक बनने जा रही है. इसे संजय लीला भंसाली प्रोड्यूस कर रहे हैं. पिछले दिनों मधुबाला के रोल के लिए कियारा आडवाणी और फिर अनीत पड्डा का नाम पढ़ने में आया. मगर ये रोल किसी और एक्टर के हिस्से चला गया है. पिंकविला के मुताबिक मधुबाला का रोल सारा अर्जुन करेंगी. इस बारे में सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में लिखा गया, "इस रोल के लिए सारा 360 डिग्री ट्रांसफॉर्मेशन करेंगी. डायलेक्ट ट्रेनिंग भी लेंगी. फिर लुक टेस्ट होंगे. भंसाली इस फिल्म में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते." इस फिल्म को 'डार्लिंग्स' फेम जसमीत के रीन डायरेक्ट करेंगी.
# रिलीज़ को तरस रही 'जन नायगन' लीक हो गई
थलपति विजय की 'जन नायगन' के साथ जो कुछ भी ग़लत हो सकता था, सब हुआ. पहले तो सेंसर बोर्ड ने इसे रिलीज़ सर्टिफिकेट नहीं दिया. फिर फिल्म को कोर्ट में घसीटा गया. उस बीच मेकर्स को लोगों के पैसे तक रीफंड करने पड़े. फिर एमेज़ॉन प्राइम वीडियो ने 120 करोड़ की डील कैंसल की. और अब ये फिल्म ऑनलाइन लीक हो गई है. 9 अप्रैल की शाम फिल्म के छोटे-छोटे क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. मेकर्स स्ट्राइक भेजकर ये वीडियोज़ हटवाने में जुट गए. मगर फिर आज सुबह तमिल वर्जन में पूरी फिल्म बाहर आ गई. वो भी HD क्वालिटी में. इस सबके बाद फिल्म के डायरेक्टर एच विनोद ने इंस्टाग्राम पर लिखा,
“हर एक सीन किसी न किसी के सपनों से जुड़ा होता है. रिलीज़ से पहले उसका लीक होना सच में काफी दुख देता है. प्लीज़ इसे शेयर न करके सपोर्ट करें.”
# 'धुरंधर 2' देख कर संदीप रेड्डी वांगा क्या बोल गए?
8 अप्रैल की रात संदीप रेड्डी वांगा और प्रभास ने हैदराबाद के अल्लू सिनेमाज़ में 'धुरंधर 2' देखी. 9 अप्रैल की शाम संदीप रेड्डी ने फिल्म के बारे में अपनी राय सोशल मीडिया पर पोस्ट की. और ये काफ़ी चर्चा में है. उन्होंने लिखा,
"कई राइटर्स-एक्टर्स ने प्रोपगैंडा के सहारे करियर बनाया, और इंडस्ट्री चुपचाप देखती रही. अब वही लोग धुरंधर का मज़ाक बना रहे हैं. अगर आपका पहला इंस्टिंक्ट किसी चीज़ का मज़ाक उड़ाना है, तो आपको खुद को लिबरल कहने का हक़ नहीं है. सच को कब से प्रोपगैंडा कहा जाने लगा. वाकई अजीब दौर है. अब मुद्दे पर आता हूं. मैं आदित्य धर और रणवीर सिंह से कहना चाहता हूं कि ये काल दृष्टि ऐसे नहीं जाएगी. मुट्ठी भर लाल मिर्च से काम नहीं चलेगा. पूरा खेत जलाना पड़ेगा. मैंने कल रात धुरंधर 2 देखी. शानदार फिल्म है."
कुछ ही देर में आदित्य धर ने उनकी पोस्ट पर रिप्लाय कर दिया. और उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें 'स्पिरिट' के लिए शुभकामनाएं दीं.
# संदीप और प्रशांत नील की फिल्म करेंगे अल्लू अर्जुन?
एटली की 'राका' के अल्लू अर्जुन लोकेश कनगराज की AA23 करेंगे. ख़बर है कि इन फिल्मों के बाद वो और तीन नामी डायरेक्टर्स के साथ काम करने वाले हैं. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक अल्लू अर्जुन त्रिविक्रम की फिल्म करेंगे. संभवत: ये भगवान कुमार स्वामी पर आधारित वही मायथोलॉजिकल फिल्म है, जो पहले Jr NTR को ऑफर हुई थी. चर्चा है कि अल्लू अर्जुन 'मिन्नल मुरली' वाले बेसिल जोसफ़ के साथ भी काम करेंगे. ये एक सुपरहीरो फिल्म हो सकती है. इसके बाद उनके संदीप रेड्डी वांगा और प्रशांत नील की फिल्में करने की भी चर्चा है. मगर अब तक ऑफिशियली सिर्फ 'राका' और AA23 अनाउंस हुई है.
वीडियो: जाकिर खान ने 'धुरंधर' पर बॉलीवुड को सुनाते हुए क्या कहा?

