The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Dhurandhar 2 vs Ustaad Bhagat Singh: director says Ranveer Singh film is no threat, If it was Shahrukh Khan movie…

"धुरंधर 2 के साथ क्लैश से फर्क नहीं पड़ता, शाहरुख खान की फिल्म होती तो..."

'धुरंधर 2' को ख़तरा नहीं मानते 'उस्ताद भगत सिंह' के डायरेक्टर, बोले- "हमारे पास हमारे तेलुगु दर्शक हैं."

Advertisement
pic
12 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 05:04 PM IST)
Ranveer Singh, Pawan Kalyan, Shahrukh Khan
पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' 'धुरंधर 2' के साथ 19 मार्च को रिलीज़ होगी.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Ranveer Singh स्टारर Dhurandhar 2 का क्लैश Yash की Toxic के साथ तो टल गया. मगर फिर Pawan Kalyan की Ustaad Bhagat Singh इससे मुक़ाबला करने आ गई. हाल ही में जब इस फिल्म के डायरेक्टर Harish Shankar से पूछा गया कि क्या उन्हें इस टकराव से डर नहीं लगा? तो जो जवाब उन्होंने दिया, वो कॉन्फिडेंस और ओवर कॉन्फिडेंस के बीच की महीन लाइन को पार करता दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि Shahrukh Khan की कोई फिल्म होती, तो वो फिर भी सोचते. मगर Aditya Dhar की फिल्म उन्हें ‘उस्ताद भगत सिंह’ के लिए कहीं से भी ख़तरा महसूस नहीं होती.

न्यूज़ पोर्टल गुल्टे से चर्चा में इस क्लैश के बारे में बात करते हुए हरीश शंकर ने कहा,

“पूरे सम्मान के साथ मैं कहूंगा कि आदित्य धर एक बेहतरीन फिल्ममेकर हैं. मैंने उनकी ‘उरी’ देखी है. वो यक़ीनन बहुत प्रभावशाली और असरदार डायरेक्टर हैं. देश भर की फिल्मों को ‘धुरंधर’ को तगड़ी कॉम्पीटिटर के रूप में देखना चाहिए. लेकिन हमारे पास हमारे तेलुगुभाषी राज्य हैं, जहां हमारी फिल्म काफ़ी चर्चा में है. साथ ही, ये दोनों फिल्में बिल्कुल अलग जॉनर की हैं. अगर ‘धुरंधर’ की जगह शाहरुख खान की कोई फिल्म होती, जिसमें गाने और भरपूर मनोरंजन होता, तो हम सोचते भी. तब हम सोचते कि अरे, ये तो हमारी फिल्म से मिलती-जुलती है. लेकिन ‘उस्ताद भगत सिंह’ और 'धुरंधर' बिल्कुल अलग फिल्में हैं.”

इस चर्चा में हरीश ने ये भी कहा कि ये सिर्फ वो नहीं, बल्कि पूरी टीम ऐसा ही सोचती है. इस बारे में उन्होंने कहा,

“वैसे ये सिर्फ मेरा फ़ैसला नहीं था. ये हमारी पूरी टीम की सहमति से लिया गया निर्णय है. हालांकि मैं ये भी कहूंगा कि कहीं न कहीं मैं सोच रहा था कि मैं अरसे बाद पवन (कल्याण) सर के साथ फिल्म बना रहा हूं. और उसके लिए भी मुझे एक बड़ी फिल्म से टक्कर लेनी होगी. फिर ये सोचा, कि चाहे संक्रांति हो या समर वैकेशन, इस दौरान दो-तीन फिल्मों के चलने की गुंजाइश तो होती ही है. ऐसा तो है नहीं, कि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ‘धुरंधर’ के अलावा कोई और फिल्म नहीं दिखाई जाएगी.”

हरीश ने ये बात भी खम ठोक कर कही कि सुपरस्टार पवन कल्याण का फैन बेस तगड़ा है. और उनके मुरीद उनकी फिल्म देखने सिनेमाघरों में ज़रूर जाएंगे. उन्होंने कहा कि इसी भरोसे की बदौलत ‘टॉक्सिक’ के पोस्टपोन होने पर भी टीम घबराई नहीं. न ही जल्दबाज़ी में कोई कदम उठाया. हम बता दें कि जैसे कि यश की ‘टॉक्सिक’ पोस्टपोन हुई, उनका स्लॉट पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ ने ले लिया. ये फिल्म पहले मार्च के अंत में आने वाली थी. मगर अब ये ‘धुरंधर 2’ के साथ 19 मार्च को ही रिलीज़ होगी. ये फिल्म एटली और थलपति विजय की फिल्म ‘थेरी’ का एडैप्टेशन है. इसमें पवन कल्याण के साथ श्रीलीला और राशि खन्ना ने भी काम किया है.  

वीडियो: 'धुरंधर 2' के पेड प्रिव्यू ने मचाया धमाल, रिलीज़ से पहले ही की करोड़ों की कमाई

Advertisement

Advertisement

()