The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Dhurandhar 2 Teaser Things You Probably Missed in the Ranveer Singh Starrer film teaser

'धुरंधर 2' टीज़र की वो मारक बातें, जो आपने पक्का मिस कर दी होंगी!

'धुरंधर 2' के टीज़र का बेसब्री से इंतज़ार हो रहा था. लेकिन टीज़र आने के बाद फैन्स मायूस क्यों हो गए?

Advertisement
dhurandhar 2, ranveer singh,
'धुरंधर 2' के तीन टीज़र रिलीज़ किये जा सकते हैं.
pic
शुभांजल
3 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 3 फ़रवरी 2026, 03:53 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

03 फरवरी के दिन घड़ी में जैसे ही 12 बजकर 12 मिनट हुए, Aditya Dhar ने Dhurandhar: The Revenge का ऑफिशियल टीज़र लॉन्च कर दिया. एकाध शॉट्स को हटा दें तो जो लोग पहला पार्ट देख चुके हैं, उनके लिए इसमें कुछ भी नया नहीं है. ऐसा इसलिए क्योंकि मेकर्स ने यहां उसी टीज़र को दिखाया है, जो वो पहले पार्ट के अंत में दिखा चुके हैं. फिर भी हम आपको कुछ ऐसी डिटेल्स बताएंगे, जो बहुत लोगों से मिस हो गई होंगी. 

'धुरंधर 2' के टीज़र की शुरुआत हम्ज़ा अली मज़ारी से नहीं बल्कि जसकीरत सिंह रांगी से होती है. रणवीर के किरदार का असली नाम जसकीरत ही था. ये पहचान उनके पास तब तक रही जब तक इंटेलिजेंस ब्यूरो ने उन्हें पाकिस्तान में बतौर भारतीय जासूस प्लांट नहीं कर दिया. पहले पार्ट में उनके पाकिस्तानी मिशन को कवर किया गया था. मगर इस टीज़र में उनकी पिछली ज़िंदगी की झलक दिखाई गई है. वो किस माहौल से आए, उन्हें किस तरह की ट्रेनिंग मिली, वगैरह-वगैरह.

'धुरंधर 2' के टीज़र से ये साफ़ है कि फिल्म दो टाइमलाइन्स में चलेगी. एक में बतौर जसकीरत, रणवीर के यंग दिनों को दिखाया जाएगा. वहीं दूसरे में बतौर हम्ज़ा, ल्यारी में उनके उदय की कहानी कही जाएगी. इस टीज़र की सबसे बड़ी खासियत ही ये है कि यहां उन दोनों टाइमलाइन्स को बेहतरीन ढंग से सिंक किया गया है. इसके लिए फिल्म एडिट कर रहे शिवकुमार वी पैनिकर और ओजस गौतम का ज़िक्र जरूरी है. जसकीरत और हम्ज़ा के चलने, लड़ने, बंदूक चलाने, सबके बीच एक बेहतरीन ट्रांजिशन दिखाया गया है.

टीज़र में कुछ अहम बातों पर गौर करना ज़रूरी है. अव्वल ये कि IB ने पाकिस्तान में 'मिशन धुरंधर' के लिए जसकीरत को क्यों चुना? ऐसा इसलिए क्योंकि जसकीरत कोई आम लड़का नहीं, बल्कि पंजाब की जेल में बंद एक 20 साल का अपराधी था. उसने बदले की भावना के चलते किसी की जान ले ली थी. इस बात की पुष्टि पहले पार्ट के सेंसर सर्टिफिकेट में दिए गए सिनॉप्सिस से हो जाती है. संभव है कि वो बदला उसके पिता की मौत का हो, जिन्हें पहले पार्ट में फांसी पर लटकते दिखाया गया था.

dhurandhar
‘धुरंधर पार्ट 1’ का सेंसर सर्टिफिकेट.

IB ने अपने मिशन के लिए जसकीरत को इसलिए चुना क्योंकि जेल में वो किसी दूसरे काम नहीं आ सकता था. उसमें सामान्य लोगों से अधिक 'किलिंग मशीन' वाली स्किल थी. इसलिए उसे ट्रेन करके पाकिस्तान भेजने में भारत को अधिक सहूलियत होती. ये एक तरह से उसकी आज़ादी भी थी. पहले पार्ट के अंत में IB चीफ़ अजय सान्याल का किरदार उसे 'नज़र और सब्र' की सीख देता है. साथ ही उसे ल्यारी में सिर्फ़ घुसने नहीं बल्कि राज करने के लिए भी ट्रेन करवाता है. 'धुरंधर 2' के टीज़र में उसी ट्रेनिंग से लेकर हम्ज़ा के राज करने की कहानी दिखाई गई है.

नए टीज़र से एक और बात क्लियर होती है कि हम्ज़ा को लोगों ने अपना लीडर मान लिया है. तभी वो बलोच सरदार से हथियारों की डील करने पहुंचता है. वहां उसका स्वागत बिल्कुल उसी तरह होता है, जैसा कभी रहमान डकैत का 'फ़ासला' गाने पर हुआ था. जब वो छत पर खड़ा होता है, तो लोग उसके लिए बिल्कुल उसी तरह नारे लगाते हैं, जैसे डकैत के लिए लगाए थे. और लास्ट के सीन में वो रहमान के उसी सिंहासन पर पसरा होता है, जिसे लेकर उजैर बलोच ने कभी उसे सचेत किया था.

dhurandhar 2
जिस तख्त पर कभी रहमान डकैत (बाएं) बैठा था, उस पर हम्ज़ा अली मज़ारी (दाएं) है.

टीज़र से हमें इस बात की झलक मिल जाती है कि हम्ज़ा की असलियत अब धीरे-धीरे बाहर आने लगी है. एक सीन में उसे मेजर इकबाल यानी अर्जुन रामपाल से लड़ते हुए देखा जा सकता है. इसके अलावा यदि आप हम्ज़ा के गैंग और उसके आसपास खड़े लोगों पर गौर करें, तो उनमें उजैर बलोच यानी रहमान डकैत का भाई कहीं नज़र नहीं आता. दोनों एक भी सीन में साथ दिखाई नहीं दिए हैं. संभव है कि उनके बीच भी अब रिश्ते बिगड़ चुके हैं. जहां तक पॉलिटिकल मूवमेंट की बात है, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ की सीन में एंट्री हो गई है. टीज़र के एक छोटे-से फ्रेम में उनके पोस्टर साफ़ नज़र आते हैं.

dhurandhar 2
‘धुरंधर 2’ के टीज़र में नवाज़ शरीफ़ के पोस्टर.

'धुरंधर' की सक्सेस में इसके गानों को भी बड़ा हाथ रहा है. इसलिए 'धुरंधर 2' के टीज़र में बज रहे गाने पर आपका ध्यान अपने आप चला जाता है. हमने चेक किया, तो पता चला कि बैकग्राउंड में अमेरिकन रैपर और सिंगर डोजा कैट का 'आह मेन' गाना बज रहा है. डोजा ने ये गाना आज से 4 महीने पहले यानी 'धुरंधर' की रिलीज़ से 2 महीने पहले ही यूट्यूब पर अपलोड किया था. ऐसे में मेकर्स ने इसे अपनी मूवी में इस्तेमाल करने के लिए खूब पैसे लुटाए होंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है.

हालांकि इस गाने का इतना भर कनेक्शन नहीं है. इसमें आवाज़ भले डोजा कैट की हो, मगर इसके शुरुआती बीट्स और म्यूजिक 'नाइट राइडर' नामक टीवी शो के हैं. ये कल्ट क्लासिक शो एटीज़ के दौर में काफ़ी पॉपुलर हुआ था. इसके इंट्रो में एक वॉइसओवर है, जहां कहा जाता है-"A shadowy flight into the dangerous world of a man who does not exist." यानी एक रहस्यमयी सफ़र, जो ऐसे आदमी की खतरनाक दुनिया में ले जाता है, जिसका वजूद ही नहीं है. देखा जाए तो 'धुरंधर' के हम्ज़ा की भी कुछ ऐसी ही कहानी है.

कुलमिलाकर ये एक बढ़िया टीज़र है. विशेषकर इसके बैकग्राउंड म्यूजिक, एडिटिंग और रणवीर सिंह के प्रेजेंस को देखकर ऐसा कहा ही जा सकता है. मगर इसका इम्पैक्ट उतना नहीं पड़ा, जितना पड़ना चाहिए था. इसमें लोगों के लिए कुछ भी नया नहीं था. जिन लोगों ने अब तक ये मूवी नहीं देखी, उन्हें ये अब भी पसंद आएगा. हालांकि ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि मेकर्स ने टोटल तीन टीज़र सेंसर बोर्ड से पास करवाए हैं. ये उस कड़ी में पहली ही झलक है. आगे हमें और भी कुछ नया देखने को मिल सकता है.

वीडियो: रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' की वजह से अजय देवगन ने अपनी फिल्म पोस्टपोन की?

Advertisement

Advertisement

()