The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Dhurandhar 2 makers want 6 week exclusive deal with single screen theatres that will badly affect Akshay starrer Bhooth Bangla

'धुरंधर 2' के मेकर्स ने ऐसी चाल चली है कि अक्षय की 'भूत बंगला' की बैंड बज जाएगी

अक्षय कुमार ने बड़े सोच-विचार के बाद 'भूत बंगला' की रिलीज़ डेट 15 मई से 10 अप्रैल के लिए प्रीपोन की थी. उनका ये दांव उल्टा पड़ता नज़र आ रहा है.

Advertisement
dhurandhar 2, akshay kumar, bhooth bangla,
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन इससे पहले 'हेरा फेरी', 'गरम मसाला', 'भूल भुलैया' और 'भागम भाग' जैसी फिल्मों पर साथ काम कर चुके हैं.
pic
श्वेतांक
11 मार्च 2026 (अपडेटेड: 11 मार्च 2026, 06:38 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

Dhurandhar 2 का बज़ अपने उरूज पर है. Ranveer Singh स्टारर ये फिल्म भारतीय सिनेमा इतिहास की सफलतम फिल्मों में शुमार होने की दहलीज पर खड़ी है. मगर बैकएंड पर अब भी कई मसलें हैं, जिन्हें सुलझाना बाकी है. ‘धुरंधर 2’ के मेकर्स नहीं चाहते कि उन्हें अपनी स्क्रीन्स किसी और फिल्म के साथ शेयर करनी पड़े. पहले Yash की Toxic के साथ क्लैश होना था. जो कि टल गया. अब ‘धुरंधर 2’ के पास खेलने के लिए खुला मैदान है. मगर इसके मेकर्स इतने से संतुष्ट नहीं हैं. उन्होंने सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर मालिकों के सामने एक शर्त रखी है. वो ऐसी शर्त है, जो आज से पहले कभी सुनी नहीं गई. शर्त ये है कि ‘धुरंधर 2’ की रिलीज़ से लेकर अगले 6 हफ्तों तक सभी सिंगल स्क्रीन्स के सभी शोज़ इस फिल्म को दिए जाएं. अगर थिएटर मालिक ये शर्त मानते हैं, तभी उन्हें अपने सिनेमाघर में ‘धुरंधर 2’ दिखाने की इजाज़त मिलेगी.

अमूमन ऐसा होता है कि जब कोई नई फिल्म आती है, तो मेकर्स चाहते हैं कि उसे कम से कम दो या तीन हफ्तों का फ्री रन मिले. बिना किसी कंपटीशन के. इसलिए वो थिएटर मालिकों के साथ ऐसी एक्सक्लूसिव डील करते हैं. मगर 6 हफ्तों की डील अनसुनी है. अब यहां एक कैच है. ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को रिलीज़ हो रही है. इसके तकरीबन तीन हफ्ते बाद यानी 10 अप्रैल को अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ रिलीज़ हो रही है. ये एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है. इसकी यूएसपी ये है कि 16 साल बाद अक्षय और प्रियदर्शन साथ में कोई फिल्म कर रहे हैं. इसलिए थिएटर मालिकों का मानना है कि ‘धुरंधर 2’ के साथ कुछ शोज़ ‘भूत बंगला’ को भी दिए जाएं. मगर ‘धुरंधर 2’ की प्रोडक्शन और डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी जियो स्टूडियोज़ ने इसमें रोड़ा अटका दिया है. 

Embed

बॉलीवुड हंगामा में सूत्रों के हवाले से छपी रिपोर्ट में बताया गया कि जियो स्टूडियोज़ चाहती है कि 19 मार्च से लेकर 1 मई तक सभी सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में सिर्फ ‘धुरंधर 2’ दिखाई जाए. किसी फिल्म के साथ स्क्रीन शेयर न किया जाए. सेम यही डील उन्होंने अपनी अगली फिल्म ‘राजा शिवाजी’ के लिए मांगी है. मगर ये डील दो हफ्तों के लिए है. ‘राजा शिवाजी’ 1 मई को रिलीज़ होनी है. तो बेसिकली जियो स्टूडियोज़ चाहती है कि 19 मार्च से लेकर 15 मई यानी 8 हफ्तों तक देश के सभी सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में सिर्फ उनकी फिल्में ही चलें. कोई और फिल्म न दिखाई जाए. 

Embed

अगर थिएटर मालिक ये शर्त मान लेते हैं, तो उन्हें अक्षय की फिल्म को छोड़ना होगा. इससे अक्षय की फिल्म को स्क्रीन्स के लिए संघर्ष करना पड़ेगा. थिएटर मालिकों का कहना ये है कि ‘धुरंधर 2’ गंभीर फिल्म है. उसके तीन हफ्ते बाद ‘भूत बंगला’ आएगी, जो हल्की-फुल्की फिल्म है. ज़ाहिर तौर पर एक तबका वो फिल्म भी देखना चाहेगा. मगर जियो स्टूडियोज़ की मांग मानने लेने पर सिंगल स्क्रीन्स में वो फिल्म रिलीज़ नहीं हो पाएगी. इस वजह से सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में अब तक ‘धुरंधर 2’ के पेड प्रीव्यू के लिए अडवांस बुकिंग नहीं खुली है. दोनों पक्ष लगातार इस बारे में बातचीत कर रहे हैं. ‘धुरंधर 2’ की रिलीज़ में अभी एक हफ्ता बाकी है. ऐसे में ये उम्मीद की जा रही है कि उससे पहले दोनों पक्ष मिलकर बीच का रास्ता निकाल लेंगे. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो इसका खामियाज़ा अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ को भुगतना होगा.  

‘धुरंधर 2’ ऑफिशयली 19 मार्च को रिलीज़ हो रही है. मगर 18 मार्च की शाम 5 बजे से फिल्म के पेड प्रीव्यूज़ शुरू हो जाएंगे. उसकी अडवांस बुकिंग भी खुल चुकी है. और ‘धुरंधर 2’ इसमें अंधा पैसा पीट रही है. वहीं अक्षय की फिल्म ‘भूत बंगला’ का टीजर 12 मार्च को रिलीज़ किया जाएगा. 

वीडियो: 'धुरंधर 2' की 4 सबसे बड़ी फैन थ्योरीज क्या है?

Advertisement

Advertisement

()