"धुरंधर 2 एडल्ट फिल्म है", रणवीर सिंह की पिक्चर के लिए ये क्या बोल गए अक्षय!
'धुरंधर 2' के तीन हफ्ते बाद अक्षय की 'भूत बंगला' रिलीज़ होगी. बकौल अक्षय उनी फिल्म पर 'धुरंधर 2' का कोई असर नहीं पड़ेगा.

Ranveer Singh की Dhurandhar 2 के बारे में Akshay Kumar और Rajinikanth ने क्या कहा? क्या Shahrukh Khan Aditya Dhar के साथ काम करना चाहते हैं? Dhurandhar 2 ने Prabhas की Baahubali 2 और Allu Arjun की Pushpa 2 को किस मामले में पछाड़ दिया है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# "धुरंधर 2 से भूत बंगला को कोई फर्क नहीं पड़ेगा"
अक्षय कुमार स्टारर 'भूत बंगला' 10 अप्रैल को रिलीज़ होगी. यानी 'धुरंधर 2' के तीन हफ्ते बाद. हाल ही में IANS से चर्चा में अक्षय ने बताया कि 'धुरंधर 2' के चलते 'भूत बंगला' प्रभावित होगी या नहीं. अक्षय ने कहा, "फर्क पड़ेगा या नहीं, ये तो वक्त ही बताएगा. मैं तो बहुत खुश हूं कि धुरंधर इतनी चल रही है. हमारे इंडियन सिनेमा को कहां से कहां लेकर गई है ये फिल्म. तीन हफ्ते काफ़ी होते हैं. 21 दिन का फर्क है. मुझे नहीं लगता कोई दिक्कत होगी. दोनों अलग जॉनर की फिल्में हैं. भूत बंगला फैंटसी हॉरर कॉमेडी फिल्म है. धुरंधर 2 रियलिज्म पर है. एक्शन है. वो एडल्ट फिल्म है. ये फैमिली फिल्म है." अब 'धुरंधर 2' की आंधी में प्रियदर्शन की ये फिल्म टिक पाती है या नहीं, ये तो रिलीज़ के बाद ही पता चलेगा.
# 'दी हाउसमेड 2' में कर्स्टन डंस्ट की एंट्री
साल 2025 की हिट फिल्म 'दी हाउसमेड' का सीक्वल बन रहा है. टाइटल है 'दी हाउसमेड्स सीक्रेट'. सिडनी स्वीनी इस पार्ट में भी नज़र आएंगी. डेडलाइन के मुताबिक कर्स्टन डंस्ट को भी इस फिल्म में कास्ट किया गया है. रिटर्निंग कास्ट में मिकैल मोर्रोन का नाम भी शामिल है. सीक्वल को भी पॉल फीग ही डायरेक्ट करेंगे.
# 'धुरंधर 2' 5 दिन में 850 करोड़ पार, 'पुष्पा 2' को भी धोया
'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा रही है. वीकेंड ही नहीं, सोमवार को भी इसने वो कमाई कर डाली, जो आज तक कोई हिंदी फिल्म नहीं कर सकी. सैकनिल्क के मुताबिक पहले मंडे यानी 23 मार्च को इसने 65 करोड़ रुपये का इंडिया नेट कलेक्शन किया. हिंदी सिनेमा के इतिहास में आज तक किसी फिल्म ने रिलीज़ के बाद पहले सोमवार को इतनी कमाई नहीं की. हिंदी फिल्मों की कमाई देखें, तो अब तक 59.25 करोड़ रुपये की इंडिया नेट कमाई के साथ सलमान की 'टाइगर 3' अव्वल नंबर पर काबिज़ थी. मगर 'धुरंधर 2' ने इसे धकेल दिया है. 'पुष्पा 2' हिंदी ने पहले सोमवार को 48 करोड़ रुपये कमाए थे. इसका ओवरऑल फर्स्ट मंडे कलेक्शन 64.45 करोड़ है. मगर ये भी 'धुरंधर 2' से कम है. वहीं 'एनिमल' ने 43.96 करोड़ और 'बाहुबली 2' ने हिंदी बेल्ट में 40.25 करोड़ रुपये का इंडिया नेट कलेक्शन किया था. ये इंडियन सिनेमा की महाकमाऊ फिल्में हैं. और 'धुरंधर 2' ने इन सबके रिकॉर्ड तबाह कर दिए हैं. फिल्म की अब तक की कमाई की बात करें, तो ये ख़बर लिखे जाने तक 'धुरंधर 2' 531 करोड़ का इंडिया नेट कलेक्शन कर चुकी थी. ओवरसीज़ कमाई को जोड़ें तो अब तक ये 850 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है.
# 14 जून को रिलीज़ होगी 'धुरंधर 3'? 'टॉक्सिक' फिर फंसेगी!
एक फिल्म की एंड क्रेडिट स्लेट इंटरनेट पर वायरल है. इस पर लिखा है 'धुरंधर: द फाइनल चैप्टर', 14 जून. देखने से ये सिनेमाघर की स्क्रीन की तस्वीर मालूम पड़ती है, जो किसी ने मोबाइल फोन से खींची है. ये तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. इसके मुताबिक 'धुरंधर 3' 14 जून को आने वाली है. लाखों फैन्स इसे अपने हैंडल से शेयर कर रहे हैं. और लिख रहे हैं कि 'धुरंधर' और 'टॉक्सिक' के बीच टक्कर तय है. यश ने 4 मार्च को अपनी फिल्म 'टॉक्सिक' पोस्टपोन कर दी थी. ये अब 4 जून को आएगी. ये कथित एंड क्रेडिट स्लेट फेक है. क्योंकि फिल्म के एंड क्रेडिट्स में ऐसा कुछ नहीं लिखा था. दूसरा, ये प्रैक्टिकल भी नहीं है. क्योंकि मार्च खत्म होने को है, और तीन महीने में 'धुरंधर 3' जैसी फिल्म का शूट होना. तैयार होना. क़तई मुमकिन नहीं है. न ही आदित्य धर या जियो स्टूडियोज़ ने ऐसा कोई कोई अनाउंसमेंट किया है. बहरहाल, 'धुरंधर' फैन्स तीसरी फिल्म की आस लगाए बैठे हैं. जियो स्टूडियोज़ ने भी आदित्य से 'धुरंधर 3' बनाने का आग्रह किया है. मगर फिलहाल उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया है.
# आदित्य धर... बॉक्स ऑफिस का बाप है: रजनीकांत
'धुरंधर 2' की तारीफ़ पब्लिक ही नहीं हस्तियां भी कर रही हैं. इनमें लेटेस्ट है सुपरस्टार रजनीकांत की X पोस्ट. जो उन्होंने 23 मार्च को लिखी. रजनीकांत ने लिखा, "क्या फिल्म है धुरंधर 2. आदित्य धर... बॉक्स ऑफिस का बाप है. रणवीर सिंह और फिल्म की पूरी कास्ट एंड क्रू को बहुत बधाई. ये फिल्म हर भारतीय को देखनी चाहिए. जय हिंद." आदित्य धर ने फैन बॉय की तरह उन्हें जवाब दिया. लिखा, "सर, हमने बचपन से ही एंटरटेनमेंट को केवल एक बेंचमार्क से नापा है- आपसे. आपने दशकों तक हमें सीटी बजाने पर मजबूर किया, हंसाया, रुलाया, हर बार लार्जर दैन लाइफ फील करवाया. और आज भी उसी स्वैग और ग्रेस के साथ आप ऐसा कर रहे हैं, जो कि बेहद जादुई है. ऐसे में आपका धुरंधर 2 को मस्ट वॉच कहना मेरे लिए जिंदगी का सबसे बड़ा सुपरस्टार वाला मोमेंट है. शब्दों से परे आपका शुक्रिया, सर. ये बात दिल में हमेशा के लिए बस गई है. जय हिंद."
# आदित्य धर के साथ काम करने को तड़प रहे हैं शाहरुख!
'धुरंधर 2' पर कई एक्टर्स ने अपना फीडबैक दिया. मगर शाहरुख खान की तरफ़ से अब तक कोई कमेंट नहीं आया. हम बता दें कि @iamsrk नाम के अकाउंट की इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट इंटरनेट पर खूब वायरल है. और इसके मुताबिक शाहरुख आदित्य धर के साथ काम करने के लिए तड़प रहे हैं. इसमें लिखा है, "बस अभी धुरंधर 2 देखी. और ईमानदारी से कहूं, तो ये फिल्म आपके साथ ठहर जाती है. ये गर्व और ताक़त से भरी फिल्म है. इसका हर पल सीधे दिल तक पहुंचता है. बेहतरीन परफॉर्मेंस और कमाल की स्टोरीटेलिंग. उम्मीद है कि आदित्य धर किसी दिन मुझे भी कोई फिल्म देंगे. मैं उनके साथ काम करने के लिए तड़प रहा हूं." पब्लिक के बीच ये स्क्रीनशॉट चर्चा का विषय बना हुआ है. शाहरुख के फैन्स ये मैनिफेस्ट कर रहे हैं कि शाहरुख आदित्य धर की फिल्म करेंगे. मगर ये स्क्रीनशॉट फेक है. हालांकि अकाउंट आईडी और शाहरुख की तस्वीर वही है. मगर शाहरुख की इंस्टाग्राम आईडी देखें, तो वहां ऐसी कोई स्टोरी पोस्ट नहीं की गई. इन दिनों एक्टर्स के नाम से फेक स्क्रीनशॉट फैलाने का अटपटा चलन शुरू हो गया है. जो खतरनाक है. ख़ैर, शाहरुख अभी 'किंग' की शूटिंग में व्यस्त हैं. और अब तक उन्होंने 'धुरंधर 2' को लेकर कोई बयान नहीं दिया है.
वीडियो: अक्षय कुमार ने 'भूत बंगला' की डेट बदलने से पहले सलमान खान से बात की, मगर क्यों?

.webp?width=60)
