रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैमियो से दो फांक हुआ इंटरनेट!
पीएम मोदी फिल्म के दो बेहद अहम सीन्स में नज़र आए हैं.

Dhurandhar 2 में कौन-कौनसे कैमियोज़ होंगे, इसे लेकर इंटरनेट पर कई दिनों से माहौल बना हुआ था. फिल्म में कई नए चेहरे दिखाई भी दिए हैं. मगर उन सबसे ज़्यादा ध्यान एक ऐसे शख्स के कैमियो ने खींचा, जिनका फिल्म इंडस्ट्री से कोई सीधा संबंध नहीं है. ये कैमियो था देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi का. वो स्क्रीन पर कुछ देर के लिए नज़र आए. इस पर जनता के एक तबके ने सीटी बजाई, वहीं दूसरे ने डायरेक्टर Aditya Dhar की आलोचना शुरू कर दी है.
Spoilers Ahead
इससे पहले कि आपको ये लगे कि प्रधानमंत्री मोदी बतौर एक्टर किसी सीन में नज़र आए हैं, हम पूरा मामला समझा देते हैं. ये तो स्पष्ट है कि आदित्य ने इस फ्रैन्चाइज़ को कई वास्तविक घटनाओं के इर्द-गिर्द बुना है. पहले पार्ट में उन्होंने 2001 के संसद हमले और 26/11 आतंकी हमले की रियल फुटेज और रिकॉर्डिंग्स का इस्तेमाल किया था. उसी तरह इस बार उन्होंने 'धुरंधर 2' में नरेंद्र मोदी से जुड़े दो रियल लाइफ़ फुटेज का इस्तेमाल किया है. अव्वल तो 2014 में उनके पहली बार प्रधानमंत्री बनने के दौरान लिए गए शपथग्रहण समारोह से है. दूसरा, 2016 में उनके द्वारा नोटबंदी की घोषणा करने से है. इन दोनों बातों को आदित्य ने फिल्म की कहानी के हिसाब से इस्तेमाल किया है.
प्रधानमंत्री के इस कैमियो ने सिनेमाघरों में कई लोगों को सरप्राइज़ किया था. हालांकि सोशल मीडिया पर लोगों के मिक्स्ड रिएक्शन आ रहे हैं. एक यूजर ने लिखा,
"जैसे ही मोदी जी धुरंधर 2 में एंट्री ली, पूरा सिनेमाघर सीटियों, तालियों और हूटिंग से भर गया. वो मोमेंट खुद ही सब बयां कर रहा था. उनकी पॉपुलैरिटी न केवल असली है, बल्कि उसका कोई मुकाबला भी नहीं है."
दूसरे ने नोटबंदी वाले सीन की आलोचना करते हुए लिखा,
"हैलो विवेक ओबेरॉय (शायद ये विवेक अग्निहोत्री लिखना चाहते थे). प्रोपेगैंडा मूवी ऐसे बनाई जाती है. मीडिया, मोदी सरकार और अन्य लोग नोटबंदी को डिफेंड नहीं कर पाए थे. लेकिन आदित्य धर ने धुरंधर 2 के ज़रिए ऐसा कर दिया. मैं चाहता हूं कि वो बीच में कहीं UGC को डालकर उसे भी जस्टीफ़ाई कर दें."
तीसरे ने सीन को हाइप करते हुए कमेंट किया,
"मैंने धुरंधर 2 को प्रीमियर के दौरान देखा. फिल्म में 'मैं नरेंद्र दामोदरदास मोदी, ईश्वर की शपथ...' वाला हिस्सा कमाल का है."
चौथे ने सीन पर सवाल उठाते हुए पूछा,
"आदित्य धर की फिल्म धुरंधर 2 नोटबंदी को काले धन के खिलाफ़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक सफ़ल और कारगर फैसला बताती है. आपको क्या लगता है, ये फिल्म सच्चाई बता रही है या ये किसी तरह का मैनिप्युलेशन है?"
पांचवें ने प्रधानमंत्री के कैमियो वाले सीन की तारीफ़ करते हुए बताया,
"नरेंद्र मोदी के दमदार कैमियो में नोटबंदी के बारे में बताया गया है. धुरंधर 2 इस बात का हिंट देती है कि कैसे नोटबंदी ने पैसों की अवैध लेन-देन को रोककर टेरर फंडिंग को कम किया था. सिनेमा मीट्स रियल इम्पैक्ट"
कुल मिलाकर, 'धुरंधर 2' में नरेंद्र मोदी के इस कैमियो को मिली जुली प्रतिक्रिया मिल रही है. बड़ी संख्या में लोग इसे पसंद कर रहे हैं. वहीं कई इसे सीधे-सीधे प्रोपेगैंडा बता रहे हैं. जो भी हो, इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता कि ये अगले कुछ दिनों में फिल्म के सबसे वायरल सीन्स में से एक बनने वाला है.
वीडियो: सैकड़ों साल पुराना है 'धुरंधर 2' में इस्तेमाल हुआ 'आरी आरी' गाना!

.webp?width=60)

