'धुरंधर 2' बन गई हिंदी सिनेमा की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म
1500 करोड़ रुपये के पार जाने वाली भारतीय फिल्मों की फेहरिस्त में चौथी फिल्म है 'धुरंधर 2'.

Ranveer Singh की Dhurandhar 2 ने 15 दिन में कितनी कमाई कर ली है? Rajpal Yadav Cheque Bounce Case में Court ने राजपाल को क्या फटकार लगाई? Ahaan Panday-Ali Abbas Zafar की Action Film पर क्या अपडेट आया है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# हाइएस्ट ग्रोसिंग हिंदी फिल्म बन गई 'धुरंधर 2'
'धुरंधर 2' की रफ्तार पहले से कम ज़रूर हुई है, मगर अब भी ये फिल्म रिकॉर्ड बनाने से नहीं चूक रही. सैकनिल्क के मुताबिक 16 दिन में इसने 1120 करोड़ रुपये का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. अगर इसके हिंदी वर्जन की बात करें, तो फिल्म ने 954 करोड़ रुपए की कमाई कर डाली है. जो कि इसे भारतीय सिनेमा इतिहास की सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म बनाती है. उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में इसका हिंदी वर्जन 1000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लेगा. ऐसा करने वाली ‘धुरंधर 2’ पहली हिंदी फिल्म होगी. इस फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 1500 करोड़ के पार जा चुकी है. अब तक कोई भी इंडियन फिल्म इतनी तेज़ी से इस आंकड़े तक नहीं पहुंची. इससे पहले तीन भारतीय फिल्मों ने वर्ल्डवाइड 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है. वो हैं 'दंगल' (2070 करोड़), 'बाहुबली 2' (1788 करोड़) और 'पुष्पा 2' (1742 करोड़). 'धुरंधर 2' फिलहाल इस फेहरिस्त में चौथे मुक़ाम पर है.
# 'फ्लेश ऑफ द गॉड्स' में वाग्नर मोरा की एंट्री
क्रिस्टन स्ट्यूअर्ट स्टारर वैम्पायर थ्रिलर 'फ्लेश ऑफ द गॉड्स' में वाग्नर मोरा को भी कास्ट किया गया है. डेडलाइन के मुताबिक इस रोल में पहले ऑस्कर आइज़ैक को लिया गया था. मगर शूटिंग शेड्यूल में बदलाव के चलते उन्होंने फिल्म छोड़ दी. इसे 'बेयॉन्ड द ब्लैक रेनबो' फेम पैनस कॉज्माटॉस डायरेक्ट करेंगे.
# 'भूत बंगला' के साथ अटैच होगा 'वन' का टीज़र
सिद्धार्थ मल्होत्रा स्टारर 'वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' के टीज़र की CBFC सर्टिफिकेशन की प्रोसेस पूरी हो चुकी है. बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड के मुताबिक 'वन' का टीज़र 'भूत बंगला' के साथ अटैच किया जाएगा. 'भूत बंगला' का पेड प्रिव्यू 16 अप्रैल रात 9 बजे से होगा. फिल्म फुल फ्लेजेड 17 अप्रैल को रिलीज़ होगी.
# चेक बाउंस केस में कोर्ट ने राजपाल यादव को फटकारा
राजपाल यादव 9 करोड़ चेक बाउंस केस पर 2 अप्रैल को सुनवाई हुई. दोनों पक्षों में समझौते के तौर पर देनदार ने 6 करोड़ रुपये की राशि स्वीकार करने पर सहमति जताई. मगर राजपाल ने ये रकम चुकाने के लिए और 30 दिन की मोहलत मांगी. साथ ही अपना दुखड़ा सुनाते हुए कहा, "मैं भावुक नहीं हो रहा हूं. मुझे और पांच बार जेल भेज दो." इस पर जज ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा, "अगर कोई जज आपके प्रति अच्छा व्यवहार कर रहा है, तो उसे कमजोर न समझें. आप कह रहे हैं कि आप भुगतान करने को तैयार हैं. आपके वकील कह रहे हैं कि चूंकि आप पहले ही जेल जा चुके हैं, इसलिए आप भुगतान नहीं करेंगे. यदि आप भुगतान करने को तैयार हैं, तो मैं इस मामले की सुनवाई क्यों कर रही हूं? आप बस पैसा चुका दें." कोर्ट ने मोहलत देने से इनकार कर दिया है. और अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है.
# 12 जून को रिलीज़ होगी 'है जवानी तो इश्क़ होना है'
वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर फिल्म 'है जवानी तो इश्क़ होना है' की रिलीज़ डेट आ गई है. ये फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. इसे डेविड धवन डायरेक्ट कर रहे हैं.
# अहान पांडे ने शुरू किया अली अब्बास की फिल्म का शूट
अहान पांडे ने अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है. डायरेक्टर अली अब्बास ज़फ़र ने इंस्टाग्राम पर शूटिंग क्लैप और उसके साथ अहान पांडे की तस्वीर शेयर की. YRF प्रोडक्शन की इस एक्शन रोमैंटिक फिल्म में शरवरी वाघ फीमेल लीड हैं. और 'निशानची' फेम ऐश्वर्य ठाकरे विलन के रोल में कास्ट किए गए हैं.
वीडियो: ‘धुरंधर 2’ की कमाई पर पाकिस्तान में बवाल, ल्यारी के लोगों ने मांगा 500 करोड़ हिस्सा

.webp?width=60)
