'धुरंधर 2' ने ऐसा अनोखा रिकॉर्ड बना डाला, जिसके आसपास कोई दूसरी फिल्म फटक भी नहीं पाई
'धुरंधर 2' अब हिंदी सिनेमा इतिहास की सबसे कमाऊ और 1000 करोड़ रुपए कमाने वाली इकलौती हिंदी फिल्म बन गई.

2008 में Aamir Khan ने Ghajini से 100 करोड़ क्लब की शुरुआत की थी. आज 18 साल बाद इंडियन फिल्म्स के लिए ये बिल्कुल साधारण आंकड़ा हो गया है. अब देश की कई फिल्में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी हैं. मगर Ranveer Singh की Dhurandhar 2 ने यहां भी कुछ ऐसा किया, जो अबसे पहले कभी नहीं हुआ था. वो देश की ऐसी पहली फिल्म बन गई है, जिसके हिन्दी वर्जन ने 1000 करोड़ रुपये से ज़्यादा का बिजनेस किया है.
18 मार्च को 'धुरंधर 2' का पेड प्रीमियर रखा गया था. 19 मार्च को इसे ऑफिशियली रिलीज़ कर दिया गया. इस खबर के लिखे जाने तक टिकट खिड़की पर इसका तीसरा हफ्ता पूरा हो चुका है. ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श के मुताबिक, इस हफ्ते फिल्म के हिन्दी वर्जन ने टोटल 109 करोड़ रुपये कमाए हैं. पिछले हफ्ते, यानी रिलीज़ के दूसरे वीक में मूवी ने 251 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. वहीं ओपनिंग वीक में इसके हिन्दी वर्जन से कुल 649 करोड़ रुपये आए थे. इसमें 18 मार्च के पेड प्रिव्यू की कमाई भी शामिल है. खैर, इन तीनों हफ्तों के कलेक्शन को जोड़ दें तो 'धुरंधर 2' ने अबतक टोटल 1009 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. और अब भी ये फिल्म सिनेमाघरों में लगी हुई है और धड़ल्ले से चल रही है.
सनद रहे कि ये फिल्म का ओवरऑल नहीं, बल्कि सिर्फ हिन्दी वर्जन का कलेक्शन है. इस तरह 'धुरंधर 2' ऐसी पहली फिल्म बन गई, जिसके हिन्दी वर्जन ने 1000 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन किया हो. खास बात ये है कि हिन्दी में दूसरी सबसे अधिक कमाई का रिकॉर्ड भी 'धुरंधर' के नाम पर है. पहले पार्ट ने हिन्दी में नेट 840.20 करोड़ रुपये छापे थे.
हिन्दी में सबसे पहले 500 करोड़ का नेट कलेक्शन करने वाली फिल्म 'बाहुबली 2' थी. बॉलीवुड की तरफ से हिन्दी में 500 करोड़ कमाने वाली फर्स्ट मूवी 'पठान' थी. मगर दोनों में से कोई भी 1000 करोड़ के आसपास भी नहीं पहुंच सकी थी. लेकिन 'धुरंधर 2' ने ये आंकड़ा तीन हफ्ते में ही पार कर लिया है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 'धुरंधर 2' ने भारत में ग्रॉस 1255.23 करोड़ रुपये कमाए हैं. ओवरसीज़ मार्केट से फिल्म को 406 करोड़ रुपये मिले हैं. इस तरह इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1661.23 करोड़ रुपये पर जा पहुंचा है. उम्मीद की जा रही है कि ये ‘पुष्पा 2’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पार कर जाएगी. अल्लू अर्जुन की फिल्म ने दुनियाभर से 1742 करोड़ रुपए कलेक्ट किए थे. इसके लिए ‘धुरंधर 2’ को अब भी 80 करोड़ रुपए की दरकार है.
वीडियो: आदित्य धर की 'धुरंधर 2' देखकर विराट कोहली ने क्या कहा?

