'धुरंधर 2' बैन होगी! हाई कोर्ट में हुई अपील
"चवन्नी छाप लोग दो रुपये कमाने के लिए, सिर्फ और सिर्फ नफ़रत और झूठ फैलाते हैं."

Ranveer Singh की Dhurandhar 2 को Ban करने की बात क्यों हो रही है? Prabhas स्टारर Kalki 2 में कौन दो South Actors की एंट्री की ख़बरें हैं? Ajay Devgn कौन सी Horror film करने जा रहे हैं? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# 'धुरंधर 2' बैन होगी! हाई कोर्ट में हुई अपील
'धुरंधर 2' को रिलीज़ हुए अभी हफ्ता भर भी नहीं हुआ है, और इसे बैन करने की मांग उठने लगी है. डेली थंती की रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु में इसे बैन करने के लिए मद्रास हाई कोर्ट में अति आवश्यक अपील की गई है. शीला नाम की एक एड्वोकेट ने बेंच से अपील की. और वजह है वहां के स्टेट असेम्बली इलेक्शंस, जो महीनेभर बाद होने वाले हैं. इस अपील के मुताबिक, फिल्म में राजनीतिक मुद्दों का समावेश भी है, और ये चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन है. फिल्म के एकतरफ़ा राजनीतिक दृष्टिकोण से मतदाता प्रभावित हो सकते हैं. इसलिए इस फिल्म को तमिलनाडु में बैन किया जाना चाहिए. चीफ़ जस्टिस ने इस अपील को याचिका के तौर पर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं. उसके बाद ही कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई होगी. दूसरी तरफ़, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानी AIMIM राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान भी इसे प्रोपगैंडा फिल्म बताते हुए बैन की मांग कर रहे हैं. ANI से चर्चा में उन्होंने कहा, "मैं ऐसी बकवास और प्रोपगैंडा फिल्म नहीं देखता. कुछ चवन्नी छाप लोग दो रुपये कमाने के लिए, सिर्फ और सिर्फ नफ़रत और झूठ फैलाते हैं. इसके सिवाय उन्हें कुछ नहीं आता."
# रायन गॉसलिंग होंगे 'घोस्ट राइडर' के लीड?
मार्वल कॉमिक्स पर बेस्ड पॉपुलर फिल्म फ्रैंचाइज़ 'घोस्ट राइडर' की अगली फिल्म बनने जा रही है. इसमें लीड रोल के लिए रायन गॉसलिंग से चर्चा चल रही है. जोश हॉरविट्स के पॉडकास्ट पर खुद रायन ने ये बात कही. उन्होंने कहा कि चर्चाएं हो चुकी हैं. मगर हालात कुछ पेचीदा हैं. उम्मीद है कि सब ठीक रहेगा. कन्फर्मेशन होते ही हम आपको अपडेट करेंगे.
# 'कल्कि 2' में साउथ के दो एक्टर्स की एंट्री
नाग अश्विन की फिल्म 'कल्कि 2' की शूटिंग हैदराबाद में चल रही है. 123 तेलुगु के मुताबिक 'सत्या' फेम तेलुगु एक्टर JD चक्रवर्ती और मलयालम एक्टर दुलकर सलमान को भी 'कल्कि 2' में कास्ट किया गया है. हालांकि अभी मेकर्स ने इसकी घोषणा नहीं की है. इस रिपोर्ट के मुताबिक ये दोनों जल्द ही शूटिंग शुरू करेंगे. जल्द ही प्रभास भी 'कल्कि 2' के शूट से जुड़ेंगे.
# 'धुरंधर 2' पहले ही वीकेंड पर 600 करोड़ पार
'धुरंधर 2' ने ओपनिंग वीकेंड की अडवांस बुकिंग में 200 करोड़ कमा लिए थे. ट्रेड ने अनुमान लगाया कि ये पहले वीकेंड पर 500 करोड़ रुपये तक का बिजनेस कर जाएगी. मगर 'धुरंधर 2' 500 नहीं 600 करोड़ का आंकड़ा भी पार कर गई. है. ये 700 करोड़ रुपये के कलेक्शन से बस ज़रा सी दूर है. सैकनिल्क के मुताबिक 'धुरंधर 2' ने पहले वीकेंड पर ही 541.97 करोड़ रुपये का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. इसमें विदेशों में हुई कमाई को जोड़ें, तो ये फिल्म 691.32 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर चुकी है. पेड प्रिव्यू को छोड़ दें, तो इसने लगातार चार दिन 100 करोड़ रुपये से अधिक का बिजनेस किया.
# 'शक्ति शालिनी' में सीमा बिस्वास की एंट्री
मैडॉक फिल्म्स की अगली फिल्म 'शक्ति शालिनी' में अनीत पड्डा लीड रोल में हैं. बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड के मुताबिक इस फिल्म में सीनियर एक्टर सीमा बिस्वास को भी कास्ट किया गया है. वहीं अनीत के ऑपोजिट लक्ष्य ललवानी को कास्ट करने की ख़बरें हैं. हालांकि अभी मेकर्स ने कोई घोषणा नहीं की है. इस फिल्म को अजीतपाल सिंह और अमर कौशिक डायरेक्ट करेंगे. ये दिसंबर 2026 में रिलीज़ होगी.
# रोहित जुगराज की हॉरर फिल्म करेंगे अजय देवगन
अजय देवगन जल्द ही एक हाई कॉन्सेप्ट हॉरर फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे. पिंकविला के मुताबिक उन्होंने 'सरदार जी' फ्रैंचाइज़ वाले डायरेक्टर रोहित जुगराज की फिल्म साइन की है. ये मेगाबजट हॉरर फिल्म है और जुलाई में लंदन में इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी.
वीडियो: आदित्य धर की 'धुरंधर 2' को प्रोपगैंडा बताने वालों को राकेश बेदी ने सुनाया

.webp?width=60)
